मैनपुरी: पुलिस टीम पर ग्रामीणों ने किया हमला, गाड़ी का शीशा तोड़ा, सिपाहियों ने भागकर बचाई जान
- हमलावरों ने गाड़ी के शीशे तोड़े, दस लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज, पुलिस ने चार आरोपियों को किया गिरफ्तार
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मैनपुरी जिले में भैंस चोरी की सूचना पाकर गांव में पहुंची पुलिस टीम पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया। धक्कामुक्की करने के साथ ही गाड़ी पर पथराव किया। पुलिसकर्मियों ने भागकर जान बचाई। घटना बुधवार रात को हुई। इस मामले में थाना पुलिस ने दबिश देकर चार हमलावरों को गिरफ्तार किया है। साथ ही पांच नामजद सहित 10 पर रिपोर्ट दर्ज की है।
बिछवां थाना क्षेत्र के गांव नगला जीसुख निवासी धीरेंद्र कुमार ने बुधवार रात सूचना दी कि उसकी भैंस चोरी हो गई है। इस पर पीआरवी 692 पर तैनात हेड कांस्टेबल मूलचंद्र, कांस्टेबल कल्याण सिंह और होमगार्ड अनेक सिंह गांव के लिए रवाना हो गए। गांव पहुंचने के बाद पुलिसकर्मी शिकायतकर्ता से पूछताछ कर रहे थे।
आरोप है कि पड़ोस के एक युवक की बारात में आए रुपेश पुत्र वेदराम, बृजेश पुत्र जीवा राम, मंजेश पुत्र रामधनी, उमेश पुत्र रामचरन, रामचंद्र पुत्र लोकमन निवासी नगला जीसुख अपने चार पांच साथियों के साथ वहां आ पहुंचे। पूछताछ कर रहे पुलिसकर्मियों से उलझ गए। युवकों ने हाथापाई शुरू कर दी। इस दौरान हमलावरों ने पुलिस की गाड़ी पर पथराव कर दिया। इससे गाड़ी का शीश टूट गया।
चार आरोपी गिरफ्तार
पुलिसकर्मियों ने मौके से भागकर जान बचाई। थाना पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस पर हमले की सूचना मिलने के बाद प्रभारी निरीक्षक नरेंद्र पाल सिंह पुलिस बल के साथ गांव पहुंच गए। हमलावरों की तलाश में दबिश दी गई। पुलिस ने हमलावर रूपेश, मंजेश, बृजेश निवासी नगला जीसुख और शेर सिंह पुत्र ओमप्रकाश निवासी गांव दैतपुर थाना बागवाला जनपद एटा को गिरफ्तार कर लिया।
नशे में थे हमलावर
पुलिसकर्मियों ने बताया कि गांव में शादी समारोह था। हमलावर शराब के नशे में थे। पुलिस टीम पूछताछ कर रही थी। इसी बीच शराब के नशे में धुत हमलावर वहां आकर पूछताछ का विरोध करने लगे और पुलिस टीम से अभद्रता शुरू कर दी।
थाना प्रभारी निरीक्षक नरेंद्र पाल सिंह ने बताया कि पुलिस टीम पर हमला, तोड़फोड़ सरकारी कार्य में बाधा सहित अन्य धाराओं में पांच नामजद सहित 10 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार किया है, अन्य आरोपियों को भी पुलिस शीघ्र गिरफ्तार करेगी।