मोदी की रैली को लेकर योगी ने दिए सख्त निर्देश, बोले- गाजीपुर कांड की पुनरावृत्ति न होने पाए
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
आगरा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम को लेकर अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि स्वच्छता और सुरक्षा के लिए जी जान से जुट जाएं।
मुख्यमंत्री योगी शुक्रवार को यहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नौ जनवरी को कोठी मीना बाजार के मैदान में होने वाले लोकार्पण एवं शिलान्यास कार्यक्रम व रैली की तैयारियों का जायजा लेने आए थे।
उन्होंने कहा कि गाजीपुर की घटना से सबक लेने की जरूरत है, इसकी पुनरावृत्ति न होने पाए। रैली में किसी भी सूरत में कोई अराजक तत्व प्रवेश न कर पाए। गाजीपुर में पिछले 29 दिसंबर को प्रधानमंत्री के कार्यक्रम के बाद भीड़ के हमले में एक पुलिसकर्मी की जान चली गई थी।
कार्यक्रम के संबंध में की समीक्षा बैठक
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि गंगाजल घरों तक पहुंचाने के काम में तेजी लाई जाए। शाम को सर्किट हाउस में अधिकारियों के साथ प्रधानमंत्री के कार्यक्रम के संबंध में समीक्षा बैठक की। इसमें निर्देश दिए कि नौ जनवरी को होने वाले लोकार्पण तथा शिलान्यास कार्यक्रम एवं रैली के लिए सभी तैयारियां समयपूर्व कर ली जाएं।
खेरिया में सिविल एन्क्लेव के शिलान्यास के बारे में पूछने पर पता चला कि कुछ एनओसी शेष रह गई हैं। उन्होंने कहा कि तमाम बाधाएं पूरी कर ली जाएं ताकि नौ को पीएम एन्क्लेव का शिलान्यास कर दें।
वकीलों ने कहा, खंडपीठ पर आश्वासन दिया
लोकार्पण और शिलान्यास के लिए तैयार की गई योजनाओं की सूची मुख्यमंत्री अपने साथ लखनऊ ले गए। कहा कि इसे फाइनल करके वापस भिजवा देंगे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री दो करोड़ से कम बजट की किसी योजना का शिलान्यास या लोकार्पण नहीं करेंगे।
उत्तर प्रदेश उच्च न्यायालय खंडपीठ जनमंच के प्रतिनिधि मंडल ने सीएम योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की। ज्ञापन देकर आगरा में खंडपीठ की स्थापना की मांग की। प्रतिनिधि मंडल का दावा है कि सीएम ने कहा कि वह भी चाहते हैं कि आगरा में खंडपीठ बने लेकिन यह उनके हाथ में नहीं है। इसके बाद कहा कि वह खंडपीठ स्थापना के लिए प्रयास करेंगे।