आगरा: ताजनगरी के लोगों को पसंद है लेह-लद्दाख, गोवा की सैर, टूर ऑपरेटरों के पास करा रहे बुकिंग
गर्मी की छुट्टियों से पहले टूर ऑपरेटरों के पास फुर्सत नहीं है। लंबी दूरी की बसों में सबसे ज्यादा बुकिंग शिमला, मनाली, देहरादून, हरिद्वार जाने के लिए है। वैष्णो देवी के लिए भी काफी संख्या में बसें हैं। वहीं लंबी दूरी की ट्रेनों में लंबी वेटिंग है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मई में सैर-सपाटा करने के लिए आगरा के लोगों की पहली पसंद लेह-लद्दाख और गोवा के समुद्री तट हैं। दूसरे नंबर पर आते हैं दक्षिण के केरल, बेंगलुरु, हैदराबाद आदि के पर्यटन क्षेत्र। ट्रेनों में इन शहरों के लिए सबसे ज्यादा वेटिंग है। लंबी दूरी की ट्रेनों में किसी श्रेणी में कन्फर्म टिकट नहीं है। हिमाचल और उत्तराखंड के शहर तीसरी पसंद हैं।
लंबी दूरी की ट्रेनों में वातानुकूलित से लेकर स्लीपर क्लासेज में वेटिंग 201 तक है। 15 से ज्यादा ट्रेनों के वातानुकूलित कोचों के लिए तो बुकिंग ही बंद कर दी गई है। कन्फर्म सीट मिलना मुश्किल हो गया है। समर स्पेशल ट्रेनें चलाने के बाद भी सीटों के लिए मारामारी है।
मई में विकल्प कम ही हैं। टूर ऑपरेटरों के पास फुर्सत नहीं है। लंबी दूरी की बसों में सबसे ज्यादा बुकिंग शिमला, मनाली, देहरादून, हरिद्वार जाने के लिए है। वैष्णो देवी के लिए भी काफी संख्या में बसें हैं। वाणिज्य प्रबंधक प्रशस्ति श्रीवास्तव का कहना है कि जून तक गाड़ियों में यही स्थिति रहेगी। सबसे अधिक वेटिंग जम्मू की ओर जाने वाली और दक्षिणी राज्यों के लिए जाने वाली ट्रेनों में है।
कई ट्रेनों में बुकिंग बंद
-गोवा एक्सप्रेस में सात मई को स्लीपर में 201 वेटिंग है। एसी फर्स्ट में बुकिंग बंद कर दी गई है। सेकेंड व थर्ड एसी में 76, 99, 21 वेटिंग है। यह स्थिति 12 मई तक बनी हुई है।-सात से 12 मई तक छत्रपति शिवाजी टर्मिनल राजधानी एक्सप्रेस में स्लीपर में बुकिंग बंद कर दी गई है। फर्स्ट एसी, सेकेंड एसी और थर्ड एसी में 110 वेटिंग है।
-बेंगलुरु जाने वाली कर्नाटका एक्सप्रेस में 12 मई तक किसी श्रेणी में सीट उपलब्ध नहीं है। इसमें स्लीपर में सात मई की वेटिंग 113 है। 11 मई की वेटिंग 74 है, इसी दिन फर्स्ट एसी में बुकिंग बंद कर दी गई है।
-सचखंड एक्सप्रेस, आंध्र प्रदेश एक्सप्रेस, केरला एक्सप्रेस, बेंगलुरु राजधानी एक्सप्रेस, तेलंगाना एक्सप्रेस में भी आरक्षित सीटें नहीं हैं।
-गीता जयंती एक्सप्रेस, वैष्णो देवी तक जाने वाली पंजाब मेल में सीट नहीं मिल पा रही है।
इन गाड़ियों में भी सीटों की मारामारी
आगरा फोर्ट-लखनऊ इंटरसिटी, अवध एक्सप्रेस, जोधपुर-हावड़ा एक्सप्रेस, बीकानेर-हावड़ा एक्सप्रेस, कोटा जाने वाली गाड़ियों में 10 मई तक किसी श्रेणी में कन्फर्म सीट नहीं है। भोपाल एक्सप्रेस, निजामुद्दीन जबलपुर एक्सप्रेस के अलावा वीकली ट्रेनों में यही हाल है।वैष्णो देवी के लिए बसें अधिक
टूर आपरेटरों के पास मई के पहले पखवाड़े की बुकिंग लगभग फुल हो चुकी है। संजय प्लेस स्थित ट्रेवल शॉपी के कनिष्क ने बताया कि अब देहरादून, हरिद्वार, नैनीताल के साथ ही लोग लेह-लद्दाख, कश्मीर, वैष्णो देवी की सैर करना भी पसंद कर रहे हैं। वैष्णो देवी के लिए बसें अधिक हैं।मसूरी, हिमाचल प्रदेश में धर्मशाला, मनाली की बुकिंग भी काफी संख्या में हो चुकी हैं। फतेहाबाद रोड स्थित एफसीएम होलीडेज के प्रोपराइटर अनूप गोयल ने बताया कि ज्यादातर बुकिंग पहाड़ी इलाकों की है। कश्मीर, जम्मू में वैष्णो देवी के अलावा उत्तराखंड के शहरों की बुकिंग हो रही है।
शिमला, मनाली के लिए हवाई पैकेज
आईआरसीटीसी जून में चंडीगढ़, शिमला व मनाली की वादियों में सैर करने के लिए हवाई पैकेज लेकर आया है। यह हवाई टूर दो जून से आठ जून तक का है। यात्रियों के लिए लखनऊ से चंडीगढ़ तक पहुंचने की व्यवस्था फ्लाइट से की गई है। तीन सितारा होटलों में ठहराया जाएगा।
शिमला में कुफरी, शिमला मस्जिद, वायस रिवर लॉज, क्राइस्ट चर्च, गेयटी थियेटर, ग्रिंडलेज बैंक, द स्कैंडल प्लाइंट, शॉपिंग प्लाजा आफ द नॉर्थ मॉल, मनाली में सोलन्ग वैली, रोहतांग पास, हिडिम्बा मंदिर, मनु मंदिर, वशिष्ठ मंदिर, वन विहार तिब्बत मॉनेस्ट्री, क्लब हाउस व चंडीगढ़ में सुखना लेक का भ्रमण कराया जाएगा।
दो व्यक्तियों के पैकेज का मूल्य 34,050 रुपये औैर तीन व्यक्तियों के एक साथ ठहरने का मूल्य 32,200 रुपये है। बुकिंग के लिए आगरा कैंट स्टेशन पर संपर्क कर सकते हैं। आईआरसीटीसी के ब्रजेश ने बताया कि मई के आखिरी सप्ताह में भी वैष्णो देवी यात्रा ट्रेन चलाए जाने पर विचार किया जा रहा है।