आगरा: बुखार से किशोरी समेत चार की मौत, डेंगू से पीड़ित सिपाही ने तोड़ा दम, दो अस्पताल में भर्ती
आगरा जिले में बुखार का जानलेवा कहर थम नहीं रहा। जिले में 24 घंटे के दौरान बुखार से किशोरी और तीन बच्चों की मौत हो गई। डेंगू से पीड़ित एक सिपाही ने भी दम तोड़ दिया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
आगरा के डौकी क्षेत्र में बुखार से पीड़ित 14 वर्षीय किशोरी मोहिनी और छह साल के बालक पीयूष की मौत हो गई। वहीं पिनाहट क्षेत्र में भी बुखार से एक वर्ष की बालिका की जान चली गई। पिनाहट क्षेत्र में अब तक बुखार से कुल 32 की मौत हो चुकी है, जिनमें 30 बच्चे शामिल हैं।
डौकी थाना क्षेत्र के ग्राम नगला रामस्वरूप निवासी हरेंद्र सिंह की 14 वर्षीय पुत्री मोहिनी को चार दिन से बुखार आ रहा था। परिजनों ने बताया कि उसका एक झोलाछाप से इलाज कराया जा रहा था। बुधवार की रात उसकी मौत हो गई। वहीं क्षेत्र के ग्राम नगला अमान निवासी लोकेंद्र के 6 वर्षीय पुत्र पीयूष को पांच दिन से बुखार आ रहा था। बुधवार की रात उसकी भी मौत हो गई।
मैनपुरी: बुखार से भाजपा नेता की पत्नी सहित पांच मरीजों की मौत, अजीतगंज में 100 से अधिक बीमार
पिनाहट के पडुआपुरा निवासी उमेश सिंह की एक वर्षीय पुत्री अमार्या को 15 दिन से बुखार आ रहा था। हालत बिगड़ने पर परिजन आगरा के एक निजी अस्पताल में लेकर गए थे, जहां इलाज के दौरान गुरुवार को उसकी मौत हो गई।
आगरा के कालिंदी विहार निवासी प्रियांशु (10) पुत्र नरेश को 12 अक्तूबर से बुखार आ रहा था। परिजनों ने बताया कि दवा दिलाने पर आराम हो गया था। पर, अगले दिन उल्टियां होने लगीं। प्राइवेट लैब में जांच कराने पर डेंगू की पुष्टि हुई। इसके बाद प्रियांशु को दिल्ली गेट स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती करा दिया गया। जहां बृहस्पतिवार को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
थाना एत्माद्दौला में तैनात सिपाही की डेंगू से मौत
थाना एत्माद्दौला में तैनात सिपाही सोनू कुमार (28) की डेंगू से मौत हो गई। बुधवार सुबह उन्हें हालत बिगड़ने पर निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। हालत में सुधार नहीं होने पर परिजन गुरुवार सुबह दिल्ली ले जा रहे थे। रास्ते में उन्होंने दम तोड़ दिया। उनकी मौत से पुलिस विभाग में शोक है।
डेंगू से बाह थाने के दो सिपाहियों की हालत बिगड़ी
डेंगू की चपेट में आने से बाह थाने में तैनात सिपाही आशीष और अनुराग की हालत बिगड़ने पर उन्हें गुरुवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। सिपाहियों के चपेट में आने से अन्य पुलिसकर्मियों में हड़कंप मच गया। थाने में एंटीलार्वा का छिड़काव और फॉगिंग कराई गई।
बाह, जैतपुर और पिनाहट में पिछले तीन दिनों में डेंगू के मरीज बढ़े हैं। जिससे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बाह के तीनों वार्ड भर गए हैं। सीएचसी के अधीक्षक डॉ. जितेंद्र वर्मा ने बताया कुल 24 मरीजों का उपचार चल रहा है। आपातकालीन कक्ष में चार मरीज और भर्ती किए जा सकते हैं। वहीं इंस्पेक्टर जसवीर सिंह ने बताया कि बाह थाने के पुलिसकर्मी आशीष और अनुराग में डेंगू की पुष्टि होने पर भर्ती कराया गया है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अरुण श्रीवास्तव ने बताया कि जिले में डेंगू से अभी एक ही मौत हुई है। सिपाही में डेंगू की पुष्टि होने के संबंध में अभी कागज नहीं मिले हैं। कालिंदी विहार में बालक की मौत कैसे हुई, टीम भेजकर इसकी जांच कराई जाएगी।