सोरों(कासगंज)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के एक सप्ताह से चल रहे प्राथमिक शिक्षा वर्ग के प्रशिक्षण शिविर का बृहस्पतिवार को समापन समारोह कमला इंटर कॉलेज में आयोजित हुआ। शिविर में 62 प्रशिक्षुओं ने शारीरिक-बौद्धिक प्रशिक्षण प्राप्त किया। प्रशिक्षकों ने प्रशिक्षण के बाद स्वयंसेवकों को हर क्षण राष्ट्र के विकास के लिए तत्पर रहने का संकल्प दिलाया।
विभाग प्रचारक अरुण पांचजन्य ने कहा कि संघ के स्वयंसेवक दक्षतावान, ज्ञानवान, चरित्रवान बनें। स्वयं सेवक प्रतिकूल परिस्थितियों में देश व समाज की निस्वार्थ सेवा करें। सात दिन शिविर में रहकर स्वयंसेवक शारीरिक व मानसिक रूप से परिपक्व होकर देश के यशोगान की पताका फहराने के संघ के उद्देश्य को आगे बढ़ाएंगे। सह जिला कार्यवाह शिवांशु दुबे ने बताया कि प्रशिक्षण शिविर में शारीरिक प्रशिक्षण में योग व्यायाम, आसन, नियुक्त कला, दंड कला व पद विन्यास कला का प्रशिक्षण दिया गया है। शिविर में सोरों, सहावर, अमांपुर विकास खंड के स्वयंसेवकों ने भाग लिया। वर्ग की सभी व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी का निर्वहन मुख्य शिक्षक मुनेश्वर ने किया। बौद्धिक प्रशिक्षण विभाग बौद्धिक प्रमुख डॉ. राधाकृष्ण दीक्षित, नगर संघ चालक डॉ. एनपी सिंह हल्दिया, विभाग संचालक उमाशंकर, जिला प्रचारक अशोक ने दिया। इस दौरान नगर कार्यवाह अमित अग्रवाल, खंड प्रचारक सोरों कुलदीप, प्रचारक सहावर शिवप्रताप, सह नगर कार्यवाह जयकिशन तिवारी, गंगा विष्णु माफ़ीदार, फूल सिंह, अंकुश, विकास सोलंकी, प्रशांत आर्य, मोहित, पुष्पेंद्र, हिमांशु आदि मौजूद रहे।