टेक टिप्स: क्या आप भी नई जगह पर गाड़ी पार्क करके भूल जाते हैं? गूगल मैप्स की यह ट्रिक करेगी आपकी मदद
Google Maps Parking Location:
क्या आपके साथ भी ये अक्सर होता है कि किसी नई जगह पर गाड़ी पार्क करने के बाद भूल जाते हैं कि आपने गाड़ी असल में कहां खड़ी की थी? इस परेशानी से बचने के लिए गूगल मैप्स एक बेहद उपयोगी 'सेव पार्किंग' (Save Parking) फीचर देता है। इसकी मदद से आप अपनी कार की मौजूदा लोकेशन को पिन कर सकते हैं। आइए जानते हैं इस फीचर से कैसे मदद ली जा सकती है...

विस्तार
अक्सर हम किसी नए शहर, बड़े शॉपिंग मॉल या भीड़भाड़ वाले बाजार में जाते हैं, तो अपनी गाड़ी पार्क करने के बाद यह भूल जाते हैं कि हमने उसे किस लेन या पिलर के पास खड़ी की थी। कई बार तो वापस लौटने पर घंटों तक अपनी ही कार ढूंढनी पड़ जाती है। यह स्थिति न सिर्फ थका देने वाली होती है, बल्कि सुरक्षा के लिहाज से भी चिंताजनक बन जाती है। आपकी इसी परेशानी का पक्का और सटीक समाधान आपके स्मार्टफोन में ही मौजूद है।
यदि आपके फोन में गूगल मैप्स (Google Maps) है तो आप पार्किंग लोकेशन को भूलने की समस्या का हल निकाल सकते हैं। गूगल मैप्स का 'सेव योर पार्किंग' (Save your parking) फीचर एक ऐसा स्मार्ट टूल है जो आपकी पार्क की गई गाड़ी की लोकेशन को सटीक रूप से पिन कर लेता है, ताकि आप बिना भटके सीधे अपनी गाड़ी तक वापस पहुंच सकें। आइए जानते हैं आप गाड़ी की पार्किंग लोकेशन का पता लगाने के लिए इसका कैसे इस्तेमाल कर सकते हैं।
Android फोन में अपनी कार की पार्किंग लोकेशन कैसे सेव करें
- सबसे पहले अपने एंड्रॉयड स्मार्टफोन में Google Maps एप खोलें।
- अगर फोन में लोकेशन (GPS) ऑफ है तो उसे ऑन कर दें।
- इसके बाद स्क्रीन पर दिखाई दे रहे नीले रंग के बिंदु (Blue Dot) पर टैप करें, जो आपकी मौजूदा लोकेशन दर्शाता है।
- टैप करते ही स्क्रीन के नीचे एक मेन्यू खुलेगा, जिसमें से Save parking (पार्किंग सेव करें) विकल्प पर क्लिक करें।
- इतना करते ही मैप पर एक 'P' (पार्किंग) का आइकन बन जाएगा।
- आप चाहें तो इस पिन पर क्लिक करके More details (अधिक जानकारी) देख सकते हैं। यहां आप पिलर नंबर या पार्किंग का फ्लोर लिख सकते हैं और पार्किंग की समय सीमा सेट कर सकते हैं। आप चाहें तो गाड़ी की फोटो भी अपलोड कर सकते हैं।
iPhone में पार्किंग लोकेशन सेव करने का तरीका
- अपने iPhone में Google Maps खोलें और जीपीएस ऑन रखें।
- अपनी वर्तमान लोकेशन दिखाने वाले नीले बिंदु (Blue Dot) पर टैप करें।
- खुलने वाले पॉप-अप मेन्यू में से Set as parking location (पार्किंग लोकेशन) का चुनाव करें।
- इसके बाद आपकी लोकेशन सेव हो जाएगी। आप इसमें भी नोट्स या पार्किंग का समय जोड़ सकते हैं।
वापस अपनी गाड़ी तक कैसे पहुंचें?
अपना काम खत्म करने के बाद जब आपको गाड़ी के पास वापस जाना हो, तो अपना Google Maps ऐप खोलें। आपको स्क्रीन पर नीचे की तरफ या सर्च बार में 'Saved parking' का विकल्प दिखाई देगा। उस पर टैप करें और Direction (दिशा-निर्देश) या Start पर क्लिक करें। इसके बाद गूगल मैप्स आपको पैदल चलने का रास्ता (Walking route) दिखाते हुए सीधे आपकी कार तक नेविगेट कर देगा। गाड़ी के पास पहुंचने के बाद आप 'Clear' पर टैप करके इस पार्किंग पिन को हटा सकते हैं।
- पोको एक्स8: 8340mAh की बड़ी बैटरी, 1.5के एमोलेड डिस्प्ले, आईपी69 की रेटिंग; जानें फोन के हर फीचर की पूरी डिटेल
- जियो एनिवर्सरी ऑफर: 120जीबी फ्री डेटा, जियो हॉटस्टार का मुफ्त सब्सक्रिप्शन, साथ में ₹35,000 के फायदे!
- रेडमी 17 5जी से पोको एफ9 अल्ट्रा तक: इस हफ्ते लॉन्च हुए ये धांसू फोन; इन फीचर्स ने खींचा लोगों का ध्यान
- एपल बनाम शाओमी: आईफोन अल्ट्रा को टक्कर दे पाएगा शाओमी 18 फोल्ड? 7 सितंबर को होगा लॉन्च, फीचर्स हुए लीक