पेगासेस जासूसी मामले में व्हाट्सएप ने सरकार से मांगी लिखित माफी

विस्तार
व्हाट्सएप ने पेगासेस जासूसी सॉफ्टवेयर के जरिये भारतीयों की सूचनाएं चुराने के मामले में सरकार से लिखित में माफी मांग ली है। साथ ही भरोसा जताया है कि इससे जुड़ी चिंताओं को दूर करने को सभी सुरक्षा उपाय सुनिश्चित किए जा रहे हैं। सूत्रों ने बताया कि सरकार ने व्हाट्सएप से अपनी सुरक्षा को मजबूत करने का निर्देश देते हुए कहा था कि अगर भविष्य में उसकी सुरक्षा में सेंध लगती है तो इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। गौरतलब है कि पिछले महीने स्पाइवेयर पेगासस का इस्तेमाल कर व्हाट्सएप के जरिए कई भारतीय नेताओं, पत्रकारों और सामाजिक कार्यकर्ताओं की जासूसी करने का खुलासा हुआ था।
व्हाट्सएप के प्रवक्ता ने सरकार को भेजे ई-मेल में कहा, कंपनी भारतीय यूजर्स की निजता की सुरक्षा को लेकर प्रतिबद्ध है। यूजर्स के डाटा पर संभावित खतरे को देखते हुए हमने सभी मैसेज और कॉल को उच्च सुरक्षा प्रदान की है। यहां सरकार भी अहम भूमिका निभाती है और हम भी यूजर्स की निजता और सुरक्षा से जुड़े संवेदनशील मुद्दों पर सरकार से साथ मिलकर काम करने को प्रतिबद्ध हैं। हमें खेद है कि हम इन मुद्दों को लेकर सरकार की अपेक्षाओं पर खरे नहीं उतरे, लेकिन भविष्य में हम और सतर्कता बरतेंगे। प्रवक्ता ने कहा कि कंपनी सरकार की सभी जायज चिंताओं को दूर करने को लेकर मिलकर काम करने को तैयार है।
121 भारतीयों की हुई थी जासूसी
पेगासेस स्पाइवेयर को इस्राइल की एनएसओ कंपनी ने बनाया था और करीब 1400 लोगों की जासूसी में इस्तेमाल किया गया। इनमें से 121 भारतीय थे। मामला सामने आने के बाद सरकार ने व्हाट्सएप को नोटिस जारी कर साइबर हमले पर जानकारी मांगी थी। व्हाट्सएप ने सरकार को बताया कि सितंबर में ही उसने इंडियन कंप्यूटर इमरजेंसी रिस्पांस टीम (सीईआरटी-इन) को अलर्ट कर दिया था।