9000 एमएएच की बैटरी और 200 मेगापिक्सल कैमरा: गेमिंग में भी होगा शानदार, वनप्लस 16 के लीक हुए स्पेसिफिकेशन

नीतीश कुमार
टेक डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्लीनीतीश कुमार
Sun, 20 Sep 2026 05:29 PM IST
सार

OnePlus 16 Specifications: अपकमिंग वनप्लस 16 के पूरे स्पेसिफिकेशन्स लीक हो गए हैं। इस फ्लैगशिप फोन में 9,000 एमएएच की बड़ी बैटरी, 200 मेगापिक्सल का प्राइमरी कैमरा और क्वालकॉम का स्नैपड्रैगन 8 एलीट जेन 6 प्रो चिपसेट मिलने का दावा किया गया है। आइए इस स्मार्टफोन की डिटेल्स जानते हैं।

oneplus 16 full specifications leaked 9000mah battery 200mp camera snapdragon processor
OnePlus 16 - फोटो : वनप्लस

    विस्तार

    प्रीमियम स्मार्टफोन बाजार में एक बार फिर बड़ी हलचल देखने को मिल रही है। वनप्लस 16 का ऑफिशियल टीजल सामने आने के तुरंत बाद फोन पूरी स्पेसिफिकेशन शीट इंटरनेट पर लीक हो गई है। मशहूर टिपस्टर डिजिटल चैट स्टेशन ने चीनी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म वीबो पर इस डिवाइस के डिस्प्ले, कैमरा, बैटरी, चार्जिंग और प्रोसेसर से जुड़े बड़े खुलासे किए हैं। लीक रिपोर्ट के अनुसार, यह नया हैंडसेट 9000 एमएएच की बड़ी बैटरी, 200 मेगापिक्सल के मेन कैमरे और क्वालकॉम के सबसे ताकतवर प्रोसेसर के साथ दस्तक देगा।

    मिल सकती है बाहुबली बैटरी

    लीक के मुताबिक, वनप्लस 16 में 9,000 एमएएच की बैटरी दी जा सकती है, जो डुअल-सेल आर्किटेक्चर पर आधारित होगी। इसके साथ ही इसमें 100 वॉट की वायर्ड और 50 वॉट की वायरलेस फास्ट चार्जिंग का सपोर्ट मिलने की उम्मीद है। यह पिछले मॉडल वनप्लस 15 की 7,300 एमएएच बैटरी के मुकाबले एक बड़ा अपग्रेड साबित होगा। हालांकि बाजार में इस सेगमेंट में 10,000 एमएएच तक की बैटरियां आने लगी हैं, लेकिन फोन के स्लिम डिजाइन और वजन को संतुलित रखने के लिए कंपनी ने इसे 9000 एमएएच तक सीमित रखा है, जैसा कि नॉर्ड 6 में देखा गया था।

    सुपर स्मूथ डिस्प्ले और शानदार गेमिंग मोड

    स्क्रीन के मामले में कंपनी ने पहले ही कंफर्म कर दिया है कि यह फोन 165 हर्ट्ज रिफ्रेश रेट को सपोर्ट करेगा। इसके अलावा, लीक में दावा किया गया है कि गेमिंग के दौरान यह रिफ्रेश रेट 185 हर्ट्ज तक जा सकता है। डिस्प्ले पैनल बीओई एक्स4 तकनीक पर आधारित होगा। दूसरी तरफ, इसका सीधा मुकाबला आइकू के अपकमिंग फोन आइकू 16 से माना जा रहा है, जिसमें 8,400 एमएएच बैटरी और 2के 165 हर्ट्ज डिस्प्ले होने की बात सामने आई है। सॉफ्टवेयर की बात करें, तो यह फोन एंड्रॉयड 17 पर आधारित कलरओएस 17 के साथ आ सकता है।

    200 मेगापिक्सल का प्राइमरी कैमरा और नया प्रोसेसर

    फोटोग्राफी के शौकीनों के लिए यह फोन एक बड़ा तोहफा साबित हो सकता है। लीक्स के अनुसार, इसमें 200 मेगापिक्सल का मेन कैमरा सेंसर, 50 मेगापिक्सल का अल्ट्रावाइड लेंस और 50 मेगापिक्सल का पेरिस्कोप टेलीफोटो कैमरा मिलेगा। इसके साथ ही फ्रंट में 50 मेगापिक्सल का ऑटोफोकस सेल्फी कैमरा दिया जा सकता है। परफॉर्मेंस के लिए इसमें क्वालकॉम का स्नैपड्रैगन 8 एलीट जेन 6 प्रो चिपसेट होने का दावा किया गया है, जो टीएसएमसी के दो नैनोमीटर प्रोसेस पर बना है। इसमें ग्राफिक्स के लिए एड्रेनो 850 जीपीयू और गेमिंग के लिए ई-स्पोर्ट्स ट्रिपल चिप सिस्टम दिया जाएगा।

    भारत में कब लॉन्च होगा फोन?

    भारतीय कंज्यूमर्स के लिए इस फोन की लॉन्चिंग को लेकर थोड़ी अनिश्चितता बनी हुई है। कंपनी दुनिया भर में अपना बिजनेस समेट रही है, ऐसे में खबरें यह भी हैं कि शायद कंपनी इस फोन को भारत में लॉन्च न करे। इसके जगह कंपनी वनप्लस 16आर को अपने प्रमुख मॉडल के तौर पर पेश कर सकती है। हालांकि कंपनी ने आधिकारिक तौर पर इस पर कोई बयान नहीं दिया है। वनप्लस के मुताबिक, कंपनी भारत से अपना कारोबार समेटने के प्लान में नहीं है। फिलहाल, फोन के ग्लोबल लॉन्च के बाद ही भारत में लॉन्च की स्थिति साफ होगी।

    और पढ़ें...
    Login or Signup
    अपना शहर चुनें