Headphones Side Effects: 25 साल में 100 करोड़ युवा हो जाएंगे बहरेपन के शिकार, हेडफोन का इस्तेमाल बन रहा खतरनाक
विश्व स्वास्थ्य संगठन ने अपनी एक रिपोर्ट में कहा है कि 2050 तक दुनिया के करीब 100 करोड़ लोग बहरे हो जाएंगे और इनकी उम्र 12 से 35 साल के बीच होगी। रिपोर्ट में कहा गया है कि चार में से प्रत्येक 1 शख्स हेडफोन-ईयरफोन के कारण बहरा हो जाएगा।

विस्तार
आज सड़क पर, रेलवे स्टेशन पर, कोचिंग सेंटर, कॉलेज, स्कूल सभी जगहों पर आपको ऐसे युवा नजर आएंगे जिनके कान में एक छोटी-सी डिवाइस नजर आएगी। ऐसी डिवाइस पहले उन बुजुर्गों के कान में दिखाई देती थी जिन्हें कम सुनाई देता था, लेकिन आज यह फैशन बन चुका है। जिसके पास स्मार्टफोन है वह गाने सुनने या फोन पर बात करने के लिए हेडफोन या ईयरफोन का इस्तेमाल कर रहा है, लेकिन वह यह नहीं जानता है कि यह उसके लिए कितना खतरनाक है।
हम और आप हेडफोन का इस्तेमाल तो कर रहे हैं लेकिन शायद इसके साइड इफेक्ट के बारे कभी सोचा ही नहीं है। हेडफोन, ईयरफोन और ईयरबड्स हमारी सेहत पर इतना गहरा असर डाल रहे हैं कि उन्हें मीठा जहर कहा जा सकता है। फैशन कहें या शौक जो भी हो लेकिन हेडफोन का इस्तेमाल आने वाली पूरी पीढ़ी को बहरा बना देगा।