Satya Nadella: "बिंग से बेहतर है गूगल सर्च इंजन" माइक्रोसॉफ्ट सीईओ नडेला ने क्यों कही यह बात, AI पर भी की बात
इस साल की शुरुआत में बिंग को लॉन्च करते समय, नडेला ने कहा था कि वह सर्च क्षेत्र में गूगल के साथ प्रतिस्पर्धा करने का इरादा रखते है। उन्होंने गूगल को बाजार में '800 पाउंड गोरिल्ला' के रूप में संदर्भित भी किया था।

विस्तार
माइक्रोसॉफ्ट के सीईओ सत्या नडेला अक्सर गूगल की तारीफ करते रहे हैं। हाल ही में यूएस बनाम गूगल एंटीट्रस्ट ट्रायल में अपनी गवाही के दौरान नडेला ने कहा कि गूगल सर्च इंजन उनकी कंपनी के सर्च इंजन, बिंग से बेहतर है। उन्होंने यह भी कहा कि वह इसे बेहतर बनाने के लिए कुछ भी करेंगे। नडेला ने गूगल एआई चैटबॉट बार्ड को लेकर भी गूगल की तारीफ की है।
इस साल की शुरुआत में बिंग को लॉन्च करते समय, नडेला ने कहा था कि वह सर्च क्षेत्र में गूगल के साथ प्रतिस्पर्धा करने का इरादा रखते है। उन्होंने गूगल को बाजार में '800 पाउंड गोरिल्ला' के रूप में संदर्भित भी किया था। इनसाइडर की मूल कंपनी, मैथियास डोप्फनर के सीईओ के साथ एक साक्षात्कार में सत्य नडेला ने गूगल के बार्ड को एक प्रतिस्पर्धी उत्पाद कहा। उन्होंने कहा कि जब ऑनलाइन सर्च स्पेस की बात आती है, तो सुंदर पिचाई के नेतृत्व वाली कंपनी के पास कुछ संरचनात्मक फायदे हैं।
उन्होंने कहा, "बार्ड पहले से ही एक बहुत प्रतिस्पर्धी उत्पाद है। और उनके पास जेमिनी के साथ एक नया मॉडल है। गूगल के पास कई संरचनात्मक फायदे हैं। उनके पास पहले से ही हिस्सेदारी है, वे एंड्रॉयड को नियंत्रित करते हैं, वे क्रोम को नियंत्रित करते हैं। मैं हमेशा कहता हूं कि गूगल सभी माइक्रोसॉफ्ट की तुलना में विंडोज पर अधिक पैसा कमाता है। यह हमें जमीन से जोड़े रखता है।"