'एपल पे' भारत में हुआ लॉन्च: एक्सिस बैंक के साथ शुरू हुई सर्विस, आईफोन और एपल वॉच से कर पाएंगे भुगतान
एपल पे आखिरकार भारत में लॉन्च हो गया है। फिलहाल एक्सिस बैंक के चुनिंदा वीजा और मास्टरकार्ड क्रेडिट कार्ड से iPhone और Apple Watch पर कॉन्टैक्टलेस भुगतान किया जा सकता है। यूजर्स ब्लिंकिट, जोमाटो, क्रोमा समेत कई बड़े प्लेटफॉर्म और स्टोर्स पर इसके जरिए भुगतान कर सकते हैं।

विस्तार
एपल ने भारत में अपनी पेमेंट सर्विस एपल पे (Apple Pay) लॉन्च कर दी है। 30 सितंबर से आईफोन और एपल वॉच यूजर्स अपने डिवाइस के जरिए कॉन्टैक्टलेस पेमेंट कर सकेंगे। शुरुआत में कंपनी ने एक्सिस बैंक के चुनिंदा वीजा और मास्टरकार्ड क्रेडिट कार्ड का सपोर्ट दिया है।
यूजर्स अपने योग्य कार्ड को आईफोन के एपल वॉलेट में जोड़ सकते हैं। इसके बाद जहां एपल पे स्वीकार किया जाता है, वहां स्टोर, एप या वेबसाइट पर कार्ड की मदद से पेमेंट किया जा सकेगा। एपल के मुताबिक आने वाले समय में इसमें और बैंक, मर्चेंट और एप्स जोड़े जाएंगे।
Axis Bank कार्ड को कैसे जोड़ें?
- एक्सिस बैंक के योग्य वीजा और मास्टरकार्ड क्रेडिट कार्ड को एपल वॉलेट में जोड़ा जा सकता है। इसके लिए यूजर लेटेस्ट एक्सिस बैंक एप के जरिए कार्ड ऐड कर सकते हैं या सीधे iPhone में वॉलेट एप खोलकर यह प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।
- इसके लिए वॉलेट एप में जाकर + आइकन पर टैप करना होगा और स्क्रीन पर दिए निर्देशों का पालन करना होगा। कार्ड जुड़ने के बाद एपल पे से पेमेंट किया जा सकता है। कंपनी के अनुसार, एपल पे इस्तेमाल करने पर यूजर्स को अपने कार्ड से मिलने वाले रिवॉर्ड और दूसरे बेनिफिट्स भी मिलते रहेंगे।
iPhone और Apple Watch से ऐसे करें पेमेंट
- स्टोर पर पेमेंट करने के लिए आईफोन यूजर को साइड बटन या होम बटन को दो बार दबाना होगा। इसके बाद Face ID, Touch ID या डिवाइस पासकोड से ऑथेंटिकेशन करना होगा।
- ऑथेंटिकेशन पूरा होने के बाद आईफोन के ऊपरी हिस्से को कॉन्टैक्टलेस पेमेंट मशीन के पास ले जाना होगा। पेमेंट पूरा होने पर स्क्रीन पर इसकी जानकारी दिखाई देगी।
- एपल वॉच से पेमेंट करने के लिए साइड बटन को दो बार दबाकर वॉच के डिस्प्ले को कॉन्टैक्टलेस रीडर के पास ले जाना होगा।
कहां कर सकेंगे Apple Pay का इस्तेमाल?
- एपल पे में कई लोकप्रिय एप्स और मर्चेंट्स का सपोर्ट दिया गया है। इनमें ब्लिंकिट, चायोज, कॉमेट, क्रोमा, इंटरफ्लोरा, एग्जिगो, रिलायंस ब्रांड, टाटा 1 एमजी और जोमाटो शामिल हैं। एपल स्टोर पर भी एपल पे से भुगतान किया जा सकेगा।
- इसके अलावा एपल ने कैशफ्री, जसपे, एमस्वाइप, पेटीएम, पेयू, पाइन लैब्स, रेजरपे और वर्ल्डलाइन जैसे पेमेंट सर्विस प्रोवाइडर्स के साथ भी पार्टनशिप की है। इससे इनके मर्चेंट नेटवर्क पर एपल पे की पहुंच बढ़ाने में मदद मिलेगी।
PIN और OTP की जरूरत नहीं
- एपल पे से पेमेंट करते समय यूजर को हर बार कार्ड PIN या OTP डालने की जरूरत नहीं होगी। ऑनलाइन खरीदारी में भी बार-बार कार्ड, कॉन्टैक्ट और बिलिंग डिटेल भरने की परेशानी कम होगी।
- सिक्योरिटी के लिए एपल का कहना है कि असली कार्ड नंबर डिवाइस या उसके सर्वर पर स्टोर नहीं किया जाता। इसके बजाय एक यूनिक Device Account Number इस्तेमाल होता है, जिसे एन्क्रिप्ट करके डिवाइस के सिक्योर एलिमेंट में रखा जाता है। यह जानकारी मर्चेंट के साथ शेयर नहीं की जाती।
किन iPhone और Apple Watch में चलेगा Apple Pay?
- एपल पे इस्तेमाल करने के लिए iPhone XR या इसके बाद के मॉडल की जरूरत होगी और डिवाइस में iOS 18 या बाद का वर्जन होना चाहिए।
- एपल वॉच के लिए Series 6 या बाद का मॉडल जरूरी है, जिसमें watchOS 11 या बाद का वर्जन होना चाहिए। Watch को iPhone XR या उसके बाद के iPhone के साथ पेयर करना होगा।
- एपल के अनुसार, एपल पे अब दुनियाभर के 90 से ज्यादा देशों और क्षेत्रों में उपलब्ध है। कंपनी के पेमेंट नेटवर्क में 11,000 से ज्यादा बैंक और नेटवर्क पार्टनर जुड़े हुए हैं।
- एआई ट्रेनिंग में बिना इजाजत डेटा इस्तेमाल पर रोक: अमेरिकी कोर्ट ने सुनाया बड़ा फैसला, जानें क्या है मामला
- ओपनएआई: ऑस्ट्रेलिया में सरकारी वेबसाइट हैक करने पर कंपनी ने मांगी माफी, साइबर सुरक्षा के लिए उठाया बड़ा कदम
- यूट्यूब से बदल रही किस्मत: 73% क्रिएटर्स के लिए बना कमाई का मुख्य जरिया, जीडीपी में ₹18,000 करोड़ का योगदान
- सैमसंग वन यूआई 9 का रोलआउट शुरू: गैलेक्सी एस25-एस26 के साथ जेड फोल्ड 7 और फ्लिप 7 यूजर्स को भी मिल रहा अपडेट