Apple Event 2021: 20 अप्रैल को होगा एपल का इवेंट, नया आईपैड हो सकता है लॉन्च
सिरी ने एक यूजर के सवाल का जवाब देते हुए कहा था कि स्पेशल इवेंट मंगलवार यानी 20 अप्रैल को है।

विस्तार
लंबे इंतजार और तमाम लीक्स रिपोर्ट्स के सामने आने के बाद एपल ने अपने आगामी इवेंट की तारीख का खुलासा कर दिया है। एपल का स्पेशल इवेंट 20 अप्रैल को होने जा रहा है। एपल ने मीडिया इनवाइट भी भेजना शुरू कर दिया है। बता दें कि आगामी जून में एपल का वर्ल्ड वाइड डेवलपर्स कॉन्फ्रेंस भी है। मीडिया इनवाइट पर "Spring Loaded" लिखा गया है। इवेंट का लाइव प्रसारण कंपनी की वेबसाइट से होगा, हालांकि इवेंट का आयोजन एपल के कूपर्टीनो कैम्पस में होगा।
इससे पहले एपल के इस इवेंट को लेकर उसके वर्चुअल असिस्टेंट सिरी ने ही खुलासा कर दिया था। सिरी ने एक यूजर के सवाल का जवाब देते हुए कहा था कि स्पेशल इवेंट मंगलवार यानी 20 अप्रैल को है। इस इवेंट को आप एपल की आधिकारिक वेबसाइट पर देख सकते हैं।
एपल के आगामी इवेंट को लेकर कहा जा रहा है कि नया आईपैड प्रो लॉन्च हो सकता है। इसकेअलावा एयरटैग की लॉन्चिंग की भी खबर है जो कि एक डिवाइस ट्रैकर है, हालांकि एपल ने आधिकारिक तौर पर प्रोडक्ट लॉन्चिंग को लेकर कुछ नहीं कहा है।
बता दें कि एपल ने आधिकारिक तौर पर अपने वर्ल्ड वाइड डेवलपर्स कॉन्फ्रेंस (WWDC) 2021 की भी घोषणा कर दी है। WWDC 2021 का आयोजन भी ऑनलाइन ही होगा। WWDC 2021 सात जून से लेकर 11 जून तक चलेगा यानी इस बड़े इवेंट में अब दो महीने बचे हैं।
इससे पहले तमाम WWDC में नए आईओएस, iPadOS, macOS, watchOS और tvOS की झलक लोगों को देखने को मिली है। इस कॉन्फ्रेंस में भी नए आईओएस यानी iOS 15 की लॉन्चिंग की उम्मीद की जा रही है। इसके अलावा मैकओएस का भी नया वर्जन देखने को मिल सकता है।
इवेंट को लेकर WWDC के वाइस प्रेसिडेंट सुसान प्रेसकोट ने कहा, 'हमलोग WWDC 21 को अपना बेस्ट इवेंट बनाने के लिए काम कर रहे हैं। साथ ही हम एपल डेवलपर्स न्यू टूल को लेकर भी काफी उत्साहित हैं, ताकि डेवलपर्स को नए एप को बनाने में काफी मदद मिले।'