Apple के सीईओ टीम कुक ने भारतीयों के लिए भेजा दिवाली संदेश

हर साल की तरह इस साल भी भारतीय लोगों को दुनिया की तमाम बड़ी हस्तियों ने दिवाली की शुभकामनाएं भेजी हैं। टेक्नोलॉजी की दिग्गज कंपनी ऐपल के सीईओ टीम कुक ने भी इस बार भारतीय लोगों को दीपावली की शुभकामनाएं भेजी है। टीम कुक की शुभकामानाओं की खासियत की बात करें तो उनके दिवाली संदेश में कंपनी का प्रचार भी छिपा होता है क्योंकि हर साल जिस फोटो के साथ कुक दिवाली की शुभकामनाएं देते हैं वह फोटो आईफोन से क्लिक की गई होती है।
इस बार भी टीम कुक ने भारतीय फोटोग्राफर आशीष परमार की दिवाली फोटो के साथ शुभकामनाएं दी है। कुक ने दो फोटो को ट्वीट किया है और आशीष परमार को टैग भी किया है। इन दोनों फोटो को आईफोन XR से क्लिक किया गया है। टीम कुक ने अपने ट्वीट में लिखा , ' आप सभी को दिवाली की शुभकामनाएं। यह दिवाली शांति, समृद्धि और अंधकार को मिटाने वाली हो। ये दोनों तस्वीरें आईफोन XR से क्लिक की गई हैं।'
यहां गौर करने वाली बात यह है कि दुनिया के दो बड़ी कंपनियों माइक्रोसॉफ्ट और गूगल के सीईओ सत्या नडेला और सुंदर पिचाई भारत के होते हुए भी भारतीय लोगों को दिवाली की शुभकामनाएं नहीं भेजी है। बता दें कि पिछले कुछ महीने से ऐपल की नजर भारतीय बाजार पर है। पॉलिसी को लेकर ऐपल और भारत सरकार के बीच कई विवाद भी हुए हैं। अभी कुछ दिन पहले ही डू नॉट डिस्टर्ब ऐप को ऐप स्टोर पर पब्लिशिंग को लेकर मामला शांत हुआ है।
गौरतलब है कि पिछले महीने ही ऐपल के सबसे सस्ते आईफोन XR की बिक्री भारत में शुरू हुई है। आईफोन एक्सआर को फ्लिपकार्ट, ऐपल स्टोर, रिटेल स्टोर, एयरटेल के ऑनलाइन स्टोर, जियो के ऑनलाइन स्टोर से खरीदा जा सकता है। बता दें कि ऐपल ने सितंबर में अपने तीन नए आईफोन iPhone XS, iPhone XS Max और iPhone XR लांच किए थे।
इनमें से iPhone XS और iPhone XS Max की बिक्री पहले से ही भारत में हो रही है। iPhone XR के 64GB वेरियंट की कीमत 76,900 रुपये, 128GB वेरियंट की कीमत 81,900 रुपये और 512GB वेरियंट की कीमत 91,900 रुपये है। यह फोन ब्लैक, व्हाइट, ब्लू, येलो, कोरल और रेड कलर वेरियंट में मिलेगा। एयरटेल के स्टोर से iPhone XR को 14,999 रुपये के डाउनपेमेंट पर खरीदा जा सकता है।