ब्याज दर पर बवाल: सोशल मीडिया ने कहा- चुनाव खत्म होते ही नया आदेश फिर आएगा
कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने ट्वीट किया, 'मैडम वित्त मंत्री, क्या आप सर्कस चला रही हैं या सरकार?

विस्तार
केंद्र सरकार ने लघु बचत योजनाओं पर ब्याज दर घटाने का फैसला 24 घंटे के अंदर वापस ले लिया है। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा कि गलती से ब्याज दर घटाने का आदेश जारी हो गया था जिसे अब वापस ले लिया गया है। वित्त मंत्री ने कहा कि सभी योजनाओं पर ब्याज दर वही रहेगी, जो पिछले साल मार्च तिमाही में थी। लघु बचत योजनाओं पर पुरानी ब्याज दर जारी रहेगी। बचत खाते में जमा रकम पर सालाना चार प्रतिशत ब्याज मिलता रहेगा।
अब सरकार ने फैसला तो वापस ले लिया लेकिन सोशल मीडिया कहां चुप बैठने वाला है। सोशल मीडिया पर कोई कह रहा है कि सरकार ने एक दिन पहले ही अप्रैल फूल बना दिया, वहीं कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने ट्वीट किया, 'मैडम वित्त मंत्री, क्या आप सर्कस चला रही हैं या सरकार?
वहीं एक यूजर ने कहा कि यह चुनावी चाल है। चुनाव खत्म होते ही आदेश फिर से आ जाएगा। कई लोगों ने सरकार के फैसले का स्वागत किया है और कहा है कि फैसला वापस लेना अच्छा कदम है। इससे आम आदमी को राहत मिलेगी।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने लगातार दो ट्वीट कर सरकार को आड़े हाथ लिया है। दिग्विजय सिंह ने पहले ट्वीट में लिखा कि चुनाव के डर से मोदी , शाह और निर्मला सरकार ने गरीब और आम आदमी की स्मॉल सेविंग पर ब्याज दर का फैसला बदल दिया है। ट्वीट में उन्होंने आगे लिखा कि निर्मला जी यह वादा भी कर दीजिए कि चुनाव के बाद भी आप फिर से ब्याज दर में कोई बदलाव नहीं करेंगी।