WhatsApp माइक्रोफोन एक्सेस विवाद: व्हाट्सएप नहीं एंड्रॉयड में थी दिक्कत, गूगल ने कहा- बग फिक्स हो गया
WhatsApp ने कहा था कि यह समस्या उसकी ओर से नहीं, बल्कि गूगल की ओर से है। अब गूगल ने भी स्वीकार किया है कि एंड्रॉयड सिस्टम में ही एक बग के कारण ऐसा हो रहा था, हालांकि अब बग को फिक्स कर लिया गया है।

विस्तार
ट्विटर इंजीनियर ने कुछ दिन पहले एक ट्वीट करते हुए दावा किया था कि इंटरनेट बंद होने और एप इस्तेमाल ना होने की स्थिति में भी WhatsApp माइक्रोफोन एक्सेस करता है। इंजीनियर फोड डाबिरी के ट्वीट पर एलन मस्क ने भी रिप्लाई किया था। इस दावे के बाद भारत सरकार ने भी WhatsApp से जवाब मांगा था।
रिपोर्ट सामने आने के बाद WhatsApp ने कहा था कि यह समस्या उसकी ओर से नहीं, बल्कि गूगल की ओर से है। अब गूगल ने भी स्वीकार किया है कि एंड्रॉयड सिस्टम में ही एक बग के कारण ऐसा हो रहा था, हालांकि अब बग को फिक्स कर लिया गया है।
Google के एंड्रॉयड डेवलपर के ट्विटर अकाउंट से ट्वीट करके कहा गया है कि एक बग के कारण कई व्हाट्सएप यूजर्स की प्राइवेसी प्रभावित हो रही थी। WhatsApp के प्राइवेसी डैशबोर्ड पर माइक्रोफोन एक्सेस का मैसेज दिख रहा था। अब इस बग को फिक्स कर लिया गया है। डाबिरी ने दावा किया था कि Pixel 7 Pro का व्हाट्सएप एप इस्तेमाल ना होने की स्थिति में भी माइक्रोफोन एक्सेस कर रहा था।
इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी राज्य मंत्री राजीव चंद्रशेखर ने व्हाट्सएप के इस प्राइवेसी मामले को लेकर जांच करने को कहा था। डाबिरी के ट्वीट का जवाब देते हुए चंद्रशेखर ने कहा कि यह अस्वीकार्य उल्लंघन और निजता का हनन है। उन्होंने कहा कि सरकार इस दावे की जांच करेगी कि व्हाट्सएप ने फोन उपयोग नहीं होने की स्थिति में स्मार्टफोन यूजर्स के माइक्रोफोन तक पहुंच बनाई थी कि नहीं।