Micromax जल्द लॉन्च करेगा हाई रिफ्रेश रेट और 6GB रैम वाला स्मार्टफोन

घरेलू मोबाइल निर्माता कंपनी ने कुछ दिन पहले ही इन (In) सीरीज के तहत भारतीय स्मार्टफोन बाजार में शानदार वापसी की है। कंपनी ने Micromax IN Note 1 और Micromax In 1b दो स्मार्टफोन लॉन्च किए हैं जिनमें से नोट 1 एक मिडरेंज बजट फोन है, जबकि Micromax In 1b एक बजट स्मार्टफोन है, हालांकि इन सीरीज के इन फोन में खराबी की शिकायत भी आ रही है। कई लोगों ने कहा है कि फोन के बैक पैनल की फिनिशिंग अच्छी नहीं है जिसके कारण बैक पैनल अपने आप उखड़ रहा है।
अब माइक्रोमैक्स के को-फाउंडर राहुल शर्मा ने यूट्यूब पर जारी एक वीडियो सेशन में कहा है कि उनकी कंपनी जल्द ही 6 जीबी रैम और हाई रिफ्रेश रेट के साथ नया स्मार्टफोन लॉन्च करेगी, हालांकि उन्होंने लॉन्चिंग तारीख के बारे में कोई सटीक जानकारी साझा नहीं की। उन्होंने कहा कि अपकमिंग फोन में लिक्विड कूलिंग सिस्टम भी होगा और इस फोन को भी इन सीरीज के तहत ही पेश किया जाएगा।
आगामी फोन के अलावा राहुल शर्मा ने कहा कि वे जल्द ही इन नोट 1 स्मार्टफोन के साथ बैक कवर मुफ्त में देना शुरू करेंगे। उन्होंने कहा कि नए ग्राहकों को तो बैक कवर मिलेगा ही, साथ ही उनसे भी संपर्क किया जाएगा जिन्होंने पहले फोन खरीदा है।
शर्मा ने बताया कि इन सीरीज के फोन को Widevine L3 सपोर्ट के साथ लॉन्च किया गया है लेकिन आगामी फोन को Widevine L1 के साथ लॉन्च किया जाएगा। बता दें कि नेटफ्लिक्स और अमेजन प्राइम वीडियो जैसे एप पर एचडी कंटेंट देखने के लिए स्मार्टफोन का Widevine L1 सर्टिफाइड होना जरूरी है। उन्होंने पैनल में खराबी को लेकर कहा कि इस समस्या को दूर करने का प्रयास किया जा रहा है।