FAU-G: गूगल प्ले-स्टोर पर लाइव हुआ मेड इन इंडिया गेम, रजिस्ट्रेशन शुरू

प्रदीप पाण्डेय
टेक डेस्क अमर उजाला, नई दिल्लीप्रदीप पाण्डेय
Mon, 30 Nov 2020 05:02 PM IST
FAU G Pre registration live on Google Play store for android users
FAU-G - फोटो : play store

    पबजी मोबाइल गेम भारत में जल्द ही वापसी करने को तैयार है। कुछ दिन पहले ही पबजी मोबाइल ने भारत में रजिस्ट्रेशन शुरू किया है, लेकिन इसी बीच पबजी को टक्कर देने वाला मेड इन इंडिया मल्टीप्लेयर मोबाइल गेम FAU-G का भी रजिस्ट्रेशन शुरू हो गया है। FAU-G- Fearless and United Guards गेम गूगल प्ले-स्टोर पर लिस्ट हो गया है जहां रजिस्ट्रेशन का विकल्प दिख रहा है।

    इससे पहले पिछले महीने FAU-G गेम का टीजर बॉलीवुड अभिनेता अक्षय कुमार ने जारी किया था। FAU-G गेम का पहला एपिसोड गलवान घाटी की घटना पर आधारित है जिसे गेम के टीजर में भी दिखाया गया था। FAU-G गेम में प्लेयर्स भारतीय सेना के अवतार में होंगे।

    गूगल प्ले-स्टोर पर लिस्ट किए गए फौजी गेम के डिस्क्रिप्शन में लिखा है कि भारत की उत्तरी सीमा पर चोटियों एक ग्रुप राष्ट्र के गौरव और संप्रभुता की रक्षा करता है। सबसे साहसी: द फियरलेस और यूनाइटेड गार्ड्स के लिए यह एक चुनौतीपूर्ण काम है। आप भी खतरनाक सीमा क्षेत्र में गश्त पर एफएयू-जी कमांडो की एक विशेष इकाई में शामिल हों और एक देशभक्त सैनिक की तरह बहादुरी, भाईचारे और बलिदान का अनुभव करें।

    बता दें कि FAU-G गेम एक मेड इन इंडिया गेम है जिसे भारतीय गेम डेवलपर कंपनी nCore गेम्स ने तैयार किया है। एनकोर के को-फाउंडर विशाल गोंडल ने कहा है कि यह गेम पबजी गेम को रिप्लेस करेगा और पबजी की तरह ही लोकल और ग्लोबल स्तर पर लोकप्रिय होगा। इस गेम से होने वाली कमाई का 20 फीसदी हिस्सा भारत के वीर ट्रस्ट को जाएगा। 'भारत के वीर' को सेना के जवानों को समर्पित एक संस्था है जिसकी स्थापना गृह मंत्रालय की ओर से की गई है।

    और पढ़ें...