हॉकी विश्व कप: मौजूदा चैंपियन ऑस्ट्रेलिया के सामने इंग्लैंड की चुनौती, आयरलैंड के सामने चीन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मौजूदा चैंपियन ऑस्ट्रेलिया के सामने इंग्लैंड का यहां हॉकी विश्व कप में पूल बी में मंगलवार को दूसरे मैच में टिक पाना खासा मुश्किल होगा। ऑस्ट्रेलिया को हालांकि यहां पहले मैच में आयरलैंड को हराने में पसीना आ गया था।
वहीं पहली बार विश्व कप में शिरकत कर रही चीन ने इंग्लैंड को ड्रॉ के लिए मजबूर ही नहीं किया बल्कि दबदबा बनाए रखा था। दुनिया की नंबर एक टीम ऑस्ट्रेलिया तेज रफ्तार हॉकी में यकीन रखती है तो सातवें पायदान पर काबिज इंग्लैंड जवाबी हमलों पर।
दो अलग शैलियों से खेलने वाली टीम के बीच पलड़ा हर लिहाज से ऑस्ट्रेलिया का ही भारी है। जिस तरह चीन ने इंग्लैंड को ड्रॉ पर मजबूर किया उससे ऑस्ट्रेलिया को इंग्लैंड की खामियों को और जानने का मौका मिल गया है।
पाकिस्तान के चार विश्व कप जीत के रिकॉर्ड की बराबरी करने की हसरत लिए ऑस्ट्रेलिया अपने नवोदित टिम ब्रैंड, ट्रेंट मिटन और ब्लैक गोवर्स जैसे स्ट्राइकरों एरन जेलवस्की, जैक व्हिटन तथा कप्तान एडी ओकेनडन जैसे मिडफील्डरों के बूते इंग्लैंड के किले को बिखरने का दम रखती है।
वहीं ऑस्ट्रेलिया के पास टेलर लॉवेल के साथ एंड्रयू चार्टर के रूप में अच्छे गोलरक्षक हैं। इंग्लैंड के लिए पांचवां विश्व कप खेल रहे प्लेमेकर मिडफील्डर बैरी मिडलटन, मार्क ग्लीहार्न के साथ स्ट्राइकर लियम के लिए खासतौर पर लॉवेल की मौजूदगी में ऑस्ट्रेलिया के किले को बिखरना खासा मुश्किल होगा।
चीन से चौकस रहना होगा आयरलैंड को
चीन की टीम भले ही विश्व रैंकिंग में आयरलैंड से 10 पायदान नीचे हो लेकिन उसने अपने पहले मैच में जिस तरह इंग्लैंड को दो-दो की बराबरी पर रोका उससे यह तो साबित हो गया कि यहां इस विश्व कप में शिरकत कर रही कोई भी टीम उसे हल्के में लेने की भूल नहीं कर सकती है।
विश्व रैंकिंग में दसवें नंबर की आयरलैंड की टीम अपने कप्तान और दुनिया के बेहतरीन गोलरक्षक डेविड हार्ट की मौजूदगी से अपने किले की मजबूत चौकसी करना खूब जानती है। आयरलैंड की टीम को यह बात समझनी होगी कि मैच में पूरे अंक महज किले की हिफाजत से नहीं बल्कि गोल दाग कर जीत से मिलते हैं।
गोल करने के लिए आयरलैंड के पास शेन और पॉल ही हैं। उधर विश्व रैंकिंग में 17 वें नंबर पर काबिज चीन ने इंग्लैंड के खिलाफ पहला गोल कर दर्शा दिया कि उसके खिलाड़ी अपने किले की चौकसी के साथ गोल करना भी जानते हैं। शूजू आओ, वेनलिन सू और कप्तान चेन दू जैसे स्ट्राइकर तथा तलाके दू के रूप में दमदार ड्रैग फ्लिकर है।
मंगलवार के मैचों का कार्यक्रम (पूल बी)
आयरलैंड बनाम चीन, शाम 7 बजे से।