Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Sports ›   Hockey ›   Hockey India election to be held on December 5, says SC, sets aside Orissa HC orders all you need to know

हॉकी इंडिया के चुनाव का रास्ता साफ: 5 दिसंबर को होगा मतदान, सुप्रीम कोर्ट ने ओडिशा हाईकोर्ट के आदेश किए रद्द

Sat, 28 Nov 2026 03:49 PM IST
मयंक त्रिपाठी स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली Published by: मयंक त्रिपाठी Updated Sat, 28 Nov 2026 03:49 PM IST
सार

सुप्रीम कोर्ट ने हॉकी इंडिया के चुनाव पर लगी रोक हटाते हुए 5 दिसंबर को चुनाव कराने का रास्ता साफ कर दिया है। अदालत ने ओडिशा हाईकोर्ट के 6 और 18 नवंबर के आदेश रद्द कर दिए हैं। हॉकी एसोसिएशन ऑफ ओडिशा की शिकायतों के समाधान के लिए पूर्व जज एके सीकरी की अध्यक्षता में कमेटी बनाई जाएगी। कोर्ट ने कहा कि प्रशासनिक विवाद के कारण खिलाड़ियों और देश के हॉकी हितों को प्रभावित नहीं होने दिया जाएगा।

विज्ञापन
Hockey India election to be held on December 5, says SC, sets aside Orissa HC orders all you need to know
सुप्रीम कोर्ट - फोटो : PTI

विस्तार

हॉकी इंडिया का बहुप्रतीक्षित चुनाव अब 5 दिसंबर को ही होगा। सुप्रीम कोर्ट ने शनिवार को चुनाव प्रक्रिया पर लगी रोक हटाते हुए ओडिशा हाईकोर्ट के 6 और 18 नवंबर के दोनों आदेशों को रद्द कर दिया। इसके साथ ही देश में हॉकी के संचालन की जिम्मेदारी संभालने वाली संस्था के चुनाव का रास्ता साफ हो गया है। जस्टिस केवी विश्वनाथन और जस्टिस अरुण पल्लि की पीठ ने हॉकी इंडिया की ओर से हॉकी एसोसिएशन ऑफ ओडिशा को जारी किए गए दोनों कारण बताओ नोटिस भी वापस ले लिए। इन नोटिस के जरिए ओडिशा की संस्था को स्थायी सदस्य से सहयोगी सदस्य बनाने का प्रस्ताव दिया गया था। सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि खिलाड़ियों के हितों को किसी भी सूरत में प्रभावित नहीं होने दिया जा सकता। खिलाड़ी मैदान पर कड़ी मेहनत कर रहे हैं और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं। ऐसे में चुनावी विवाद के कारण उनके भविष्य और देश के हितों को खतरे में नहीं डाला जा सकता।
विज्ञापन
Trending Videos

पूर्व जज एके सीकरी की अध्यक्षता में बनेगी कमेटी
सुप्रीम कोर्ट ने हॉकी एसोसिएशन ऑफ ओडिशा की शिकायतों के समाधान के लिए पूर्व सुप्रीम कोर्ट जज जस्टिस एके सीकरी की अध्यक्षता में एक कमेटी गठित करने का निर्देश दिया है। पीठ ने कहा कि ओडिशा की संस्था की ओर से ओडिशा हाईकोर्ट और दिल्ली हाईकोर्ट में दायर याचिकाओं का निपटारा किया जाएगा। इसके बावजूद यदि कोई शिकायत या आपत्ति बाकी रहती है तो उसका समाधान यह कमेटी करेगी। सुनवाई के दौरान अदालत ने हॉकी इंडिया की ओर से पेश वरिष्ठ अधिवक्ता मुकुल रोहतगी को स्पष्ट किया कि कारण बताओ नोटिस वापस लेने होंगे और मुकदमेबाजी को चुनाव के रास्ते में नहीं आने दिया जाएगा।
विज्ञापन
विज्ञापन

चुनाव टलने से अंतरराष्ट्रीय संबद्धता पर पड़ सकता था असर
हॉकी इंडिया की ओर से पेश मुकुल रोहतगी ने अदालत को बताया कि यदि निर्धारित तारीख पर चुनाव नहीं होते हैं तो अंतरराष्ट्रीय हॉकी महासंघ (एफआईएच) के साथ संस्था की संबद्धता पर असर पड़ सकता है। इस पर पीठ ने कहा कि हॉकी देश का राष्ट्रीय खेल है और इसमें अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी शामिल हैं। अदालत किसी भी ऐसी स्थिति की अनुमति नहीं देगी, जिससे चुनाव प्रक्रिया बाधित हो या खिलाड़ियों के हित प्रभावित हों। पीठ ने कहा कि चुनाव समय पर होना जरूरी है, क्योंकि इसमें देरी से देश की अंतरराष्ट्रीय भागीदारी और हॉकी से जुड़े हितों पर असर पड़ सकता है।
विज्ञापन

अध्यक्ष और महासचिव के बीच विवाद से अटकी थी चुनाव प्रक्रिया
हॉकी इंडिया में पिछले कुछ समय से अध्यक्ष दिलीप टिर्की और महासचिव भोला नाथ सिंह के बीच प्रशासनिक फैसलों, कार्यप्रणाली और कार्यकारी समिति की बैठकों को लेकर विवाद चल रहा था। इसी खींचतान के चलते चुनाव प्रक्रिया भी कानूनी विवाद में उलझ गई थी। विवाद उस समय और बढ़ गया जब अगस्त में एफआईएच विश्व कप से पहले भारतीय टीमों की जर्सी का रंग पारंपरिक नीले से बदलकर भगवा कर दिया गया था। दिलीप टिर्की ने इस फैसले पर आपत्ति जताते हुए कहा था कि यह निर्णय उनकी जानकारी और कार्यकारी बोर्ड की मंजूरी के बिना लिया गया। वहीं, भोला नाथ सिंह का कहना था कि अध्यक्ष को इस फैसले की जानकारी थी और निर्धारित प्रक्रिया के तहत मंजूरी ली गई थी। इसके बाद 6 अक्टूबर को हुई हॉकी इंडिया की 120वीं कार्यकारी समिति की बैठक को लेकर भी विवाद सामने आया। टिर्की ने आरोप लगाया था कि महासचिव ने अध्यक्ष की पूर्व अनुमति और परामर्श के बिना बैठक बुलाई थी।

ओडिशा एसोसिएशन ने दी थी हाईकोर्ट में चुनौती
हॉकी एसोसिएशन ऑफ ओडिशा ने हॉकी इंडिया की 120वीं कार्यकारी समिति की बैठक के मिनट्स और 7 अक्टूबर को जारी कारण बताओ नोटिस को चुनौती दी थी। ओडिशा एसोसिएशन का तर्क था कि हॉकी इंडिया की मौजूदा कार्यकारी समिति का कार्यकाल 30 सितंबर को ही समाप्त हो चुका था। ऐसे में उसके द्वारा जारी किया गया कारण बताओ नोटिस कानूनी रूप से उचित नहीं था। ओडिशा हाईकोर्ट ने भी अपने आदेश में कहा था कि हॉकी इंडिया के उपनियमों के मुताबिक महासचिव को अध्यक्ष के आदेश के बिना कार्यकारी समिति की बैठक बुलाने का अधिकार नहीं है। इसी आधार पर हाईकोर्ट ने चुनाव प्रक्रिया पर अंतरिम रोक बरकरार रखी थी। हालांकि, अब सुप्रीम कोर्ट के ताजा फैसले के बाद चुनाव पर लगी रोक हट गई है और 5 दिसंबर को मतदान का रास्ता साफ हो गया है।

5 दिसंबर को होना है हॉकी इंडिया का चुनाव
हॉकी इंडिया ने चुनाव के लिए 5 दिसंबर की तारीख निर्धारित की थी। चुनावी कार्यक्रम के अनुसार अंतिम मतदाता सूची 15 नवंबर को जारी होनी थी, जबकि नामांकन प्रक्रिया 22 से 24 नवंबर के बीच निर्धारित की गई थी। केंद्र सरकार की ओर से पेश अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल केएम नटराज ने सुनवाई के दौरान कहा कि सरकार हॉकी इंडिया के दो गुटों के बीच चल रहे विवाद में सीधे तौर पर शामिल नहीं है। हालांकि, हॉकी देश का राष्ट्रीय खेल होने के कारण सरकार नहीं चाहती कि इस विवाद से खेल को नुकसान पहुंचे। उन्होंने जरूरत पड़ने पर दोनों पक्षों के बीच बैठक कराकर मतभेद दूर कराने की भी बात कही। सुप्रीम कोर्ट के फैसले से फिलहाल हॉकी इंडिया के चुनाव का रास्ता साफ हो गया है। अब सभी की नजरें 5 दिसंबर को होने वाले चुनाव और संस्था के भीतर चल रहे विवाद के समाधान पर रहेंगी।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all Sports news in Hindi related to live update of Sports News, live scores and more cricket news etc. Stay updated with us for all breaking news from Sports and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed