वीरभद्र, धूमल समेत नौ उम्मीदवार खुद के लिए नहीं कर सकेंगे मतदान
कांग्रेस और भाजपा की ओर से मुख्यमंत्री पद के लिए घोषित किए दोनों उम्मीदवार विधानसभा चुनाव में खुद के लिए वोट नहीं डाल सकेंगे। वीरभद्र सिंह और प्रेमकुमार धूमल अपने गृह क्षेत्रों की जगह दूसरे चुनाव क्षेत्रों से चुनाव लड़ रहे हैं। इनके अलावा विधानसभा चुनाव लड़ रहे अन्य सात प्रत्याशी भी अपने लिए मतदान नहीं कर सकेंगे।
वीरभद्र सिंह जिला शिमला के तीन विधानसभा क्षेत्रों से अभी तक चुनाव लड़ चुके हैं लेकिन हर बार वोट देने वह अपने गृह क्षेत्र रामपुर ही जाते हैं। वीरभद्र सिंह ने जुब्बल कोटखाई, रोहड़ू और शिमला ग्रामीण विधानसभा क्षेत्रों से चुनाव लड़ा है।
यह पहला मौका है कि वीरभद्र सिंह विधानसभा चुनाव दूसरे जिला से लड़ रहे हैं। भाजपा की ओर से मुख्यमंत्री पद के दावेदार प्रेम कुमार धूमल इस बार सुजानपुर से चुनाव मैदान में हैं जबकि इनका गृह क्षेत्र समीरपुर विधानसभा क्षेत्र भोरंज के तहत आता है।
विक्रमादित्य सिंह भी रामपुर में करेंगे मतदान
इनके अलावा शिमला ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र से अपनी चुनावी पारी शुरू करने जा रहे विक्रमादित्य सिंह भी वीरवार को रामपुर में मतदान करेंगे। शिमला ग्रामीण से भाजपा प्रत्याशी प्रमोद शर्मा ठियोग विधानसभा क्षेत्र में वोट डालेंगे।
इस विधानसभा क्षेत्र में दोनों प्रमुख प्रत्याशी दूसरे विधानसभा क्षेत्रों में अपने मत का प्रयोग करेंगे। इनके अलावा भोंरज से भाजपा प्रत्याशी कमलेश कुमारी हमीरपुर विधानसभा क्षेत्र में मतदान करेंगी।
फतेहपुर से भाजपा प्रत्याशी कृपाल परमार नूरपुर विधानसभा क्षेत्र के धनेटा पोलिंग बूथ में मत डालेंगे। पालमपुर से भाजपा प्रत्याशी इंदु गोस्वामी बैजनाथ के घिथौली में वोट डालेंगी।
देहरा से भाजपा प्रत्याशी रविंद्र रवि पालमपुर के सुघ्घर पोलिंग बूथ में मत डालेंगे। ज्वालामुखी से भाजपा प्रत्याशी रमेश धवाला देहरा में मतदान करेंगे।