दुबई भेजने के नाम पर मंडी के दो दर्जन युवाओं से ठगी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सऊदी अरब में रोजगार के झांसे में आकर फंसे 14 युवकों का मामला अभी ठंडा भी नहीं हुआ है कि जिले के करीब दो दर्जन और युवा कबूतरबाजी का शिकार हो गए हैं। इन युवकों को संयुक्त अरब अमीरात के दुबई शहर भेजने के नाम पर ठगी की गई है।
सुंदरनगर की बीएसएल कॉलोनी के रहने वाले तीन एजेंटों ने दुबई भेजने के नाम इन युवाओं से 85-85 हजार रुपये हड़प लिए। झांसे में आए युवक जब टिकट, वीजा और कंपनी का ऑफर लेटर लेकर दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचे तो वहां अधिकारियों ने सारे कागजात फर्जी करार दे दिए।
इनमें से 13 युवकों ने मंगलवार देर शाम सुंदरनगर स्थित बीबीएमबी थाने में धोखाधड़ी की शिकायत दर्ज कराई है। ठगी के शिकार हुए सुंदरनगर निवासी नरेश कुमार, रितेश कुमार, संजीव शर्मा, अनिल शर्मा, नेकराम, चंदन, शेर सिंह, हेमराज, जय
प्रकाश, पुष्प राज, सूरज, शुभम व बल्ह निवासी अजय कुमार ने शिकायत में आपबीती सुनाई है। उनका कहना है कि बीएसएल कॉलोनी में रहने वाले तीन एजेंटों ने विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर उनसे धोखाधड़ी की है।
काम दिलाने के नाम पर 80-80 हजार रुपये लिए
पीड़ित युवाओं ने कहा कि उन्हें संयुक्त अरब अमीरात की अल-हिब्बा कंस्ट्रशन कंपनी में काम दिलाने के नाम पर 80-80 हजार रुपये लिए गए। कुछ दिनों बाद उन्हें टिकट, वीजा और कंपनी का ऑफर लेटर दिया गया।
जब वह 18 जुलाई 2018 को विदेश जाने के लिए दिल्ली पहुंचे तो वहां जांच में अधिकारियों ने बताया कि उनके सभी दस्तावेज फर्जी हैं। टिकट केवल बुकिंग लेटर है जबकि इसका भुगतान नहीं किया गया है। उन्होंने जब वहां से एजेंट से संपर्क किया तो उसने 5-5 हजार और देने को कहा।
साथ ही उन्हें एक या दो दिन में फ्लाइट बुकिंग की बात कही। उन्होंने पांच हजार रुपये भी दे दिए लेकिन, उसके बाद से एजेंट उनके साथ टालमटोल कर रहे हैं। डीएसपी तरनजीत सिंह ने बताया कि मंगलवार देर शाम को शिकायत मिली है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।