खड्ड में नहाने गए पंजाब के तीन युवक डूबे, दो की मौत
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हिमाचल के कांगड़ा में नूरपुर की टिप्परी खड्ड में नहाने गए पंजाब के तीन युवकों में से दो की डूब कर मौत हो गई है। एक युवक बचकर घर आ गया लेकिन उसने किसी को घटना के बारे में नहीं बताया।
परिजनों ने युवकों की तलाश की और सूचना पुलिस को दी। उसके बाद सहमे युवक ने सारी बात परिजनों को बताई। मृतकों की पहचान संजीव कुमार (17) पुत्र सुभाष और रजत कुमार (18) पुत्र प्रकाश चंद निवासी कुठेड़ सिहंटी (पंजाब) के रूप में हुई है।
पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं। संजीव, रजत और सतीश कुमार निवासी कुठेड़ सिहंटी वीरवार 26 मई को टिप्परी खड्ड में नहाने के लिए गए। संजीव और रजत ने खड्ड में छलांग लगाई लेकिन वे बाहर नहीं निकले।
डरकर घर पहुंचा युवक, डूबने की बात छिपाई
वहीं, सतीश कुमार किसी तरह खड्ड से बाहर निकल गया। यह डर गया और चुपचाप घर आ गया। इसने किसी को भी यह बात नहीं बताई। परिजनों ने युवकों की तलाश की। पुलिस को भी सूचना दी। उसके बाद सतीश ने 27 मई को सारी बात परिजनों को बताई।
परिजन और गांववासी पुलिस को सूचित कर लड़कों को ढूंढने के लिए खड्ड की ओर चले गए। खड्ड में दोनों युवकों के शव बरामद कर लिए हैं। डीएसपी महेंद्र मन्हास ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए नूरपुर अस्पताल भेज दिया है। मामला दर्ज कर छानबीन की जा रही है।