Kangra News: भागसूनाग में पर्यटक की हत्या के मामले में तीन और गिरफ्तार
मैक्लोडगंज के तहत भागसूनाग में ढाबे में खाना खाने के दौरान हुई मारपीट के बाद हुई मौत के मामले में पुलिस ने तीन और लोगों को गिरफ्तार किया है।
विस्तार
पर्यटन नगरी मैक्लोडगंज के तहत भागसूनाग में ढाबे में खाना खाने के दौरान हुई मारपीट के बाद हुई मौत के मामले में पुलिस ने तीन और लोगों को गिरफ्तार किया है। इन आरोपियों की गिरफ्तारी पहले से गिरफ्तार किए पांच आरोपियों से हुई पूछताछ के आधार पर की गई है। वहीं इस मामले में अब तक आठ लोगों को पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है। इससे पहले मैक्लोडगंज पुलिस ने हत्या के दूसरे दिन पांच लोगों को गिरफ्तार किया था, जिन्हें न्यायालय में पेश करने के बाद पांच दिन का पुलिस रिमांड मिला था। आरोपियों से पुलिस ने पूछताछ की, जिसके आधार पर तीन और लोगों को गिरफ्तार किया गया है। अब गिरफ्तार किए गए आरोपियों में ढाबा संचालक, टैक्सी ऑपरेटर और स्थानीय लोग शामिल हैं। शनिवार को गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें 26 मार्च तक रिमांड पर भेज दिया गया है। मृतक की पोस्टमार्टम रिपोर्ट अभी तक नहीं आई है, जिसका इंतजार पुलिस कर रही है।
यह था मामला
पर्यटन नगरी मैक्लोडगंज के तहत भागसूनाग स्थित पार्किंग के समीप एक ढाबे में पंजाब के चार लोग हरमनप्रीत सिंह, गगनदीप, संजीव अवान और नवदीप सिंह 21 मार्च सुबह करीब 10 बजे खाना खाने के लिए पहुंचे थे। दुकान मालिक और पंजाब के युवकों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई, जोकि बाद में मारपीट में बदल गई। मारपीट में दुकानदार के साथ अन्य स्थानीय लोग भी उतर आए थे। मारपीट में नवदीप सिंह (33) पुत्र बलविंद्र सिंह निवासी गुरुतेगबहादुर नगर टिब्बी डाकघर फगवाड़ा तहसील व जिला कपूरथला पंजाब को गंभीर चोटें आई थीं। अस्पताल ले जाते समय उसने रास्ते में दम तोड़ दिया था।
पर्यटक की हत्या के मामले में पुलिस ने तीन और लोगों को गिरफ्तार किया है। यह गिरफ्तारी पहले से पकड़े गए पांच लोगों से पूछताछ के बाद की गई है। इस मामले में अब तक आठ लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि मामले की जांच अभी भी जारी है। शनिवार को गिरफ्तार आरोपियों को अदालत ने 26 मार्च तक पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। - हितेष लखनपाल, एएसपी कांगड़ा