हिमाचल: निजी स्कूल के निर्माण कार्य के दौरान गिरा मलबा, तीन मजदूरों की मौत
सोलन जिले में धर्मपुर के पास सिहारड़ी गांव के भेड़े का खेच क्षेत्र में एक निजी स्कूल के निर्माण कार्य के दौरान मलबा गिरने से तीन मजदूरों की मौत हो गई। बुधवार शाम करीब साढे़ 4:30 बजे हुए इस हादसे में मरने वाले तीनों मजदूर नेपाल के रहने वाले थे।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले में धर्मपुर के पास सिहारड़ी गांव के भेड़े का खेच क्षेत्र में एक निजी स्कूल के निर्माण कार्य के दौरान मलबा गिरने से तीन मजदूरों की मौत हो गई। बुधवार शाम करीब साढे़ 4:30 बजे हुए इस हादसे में मरने वाले तीनों मजदूर नेपाल के रहने वाले थे। पुलिस ने ठेकेदार के खिलाफ हत्या के प्रयास और लापरवाही बरतने पर धारा 304 और 336 के तहत मामला दर्ज किया है। एसडीएम कसौली गौरव महाजन ने बताया कि तीन मजदूर डंगा लगाने का काम कर रहे थे। करीब चार फीट डंगा लगा दिया था।
मजदूर डंगे पर ही खड़े थे, तभी अचानक दीवार की तरफ से भारी मलबा गिर गया, जिससे डंगे पर खड़े तीनों मजदूर मलबे के नीचे दब गए। निर्माण कार्य में लगी जेसीबी ने उसी समय रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया। सूचना मिलते ही धर्मपुर थाना से पुलिस टीम भी मौके पर पहुंच गई। शाम करीब 7:00 बजे दो मजदूरों के शव निकाले गए, जबकि तीसरा शव 8:00 बजे निकाला जा सका। हादसे में खेम बहादुर (24), मन बहादुर (34) निवासी भठोल, धर्मपुर और मोहिंद्र निवासी सुबाथू रोड धर्मपुर की मौत हो गई। तीनों मूल रूप से नेपाल के रहने वाले थे। उपायुक्त कृतिका कुलहरी और एसपी वीरेंद्र शर्मा ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर जानकारी ली।
पुलिस ने ठेकेदार के खिलाफ हत्या के प्रयास और लापरवाही बरतने पर धारा 304 और 336 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। हादसे के कारणों की जांच के आदेश दे दिए हैं। -वीरेंद्र शर्मा, एसपी सोलन
विज्ञापन विज्ञापन
डंगा लगाने के लिए कच्ची पहाड़ी पर कर दी सीधी कटिंग
धर्मपुर के ग्राम पंचायत आंजी मातला पंचायत के साथ लगते भेड़े के खेच गांव में लापरवाही के चलते तीन मजदूर जान गवां बैठे। जिस जगह निर्माण कार्य चला हुआ था वहां पर पहाड़ी से कार्य के दौरान थोड़ी-थोड़ी मात्रा में मलबा गिर रहा था। बताया जा रहा है कि कच्ची पहाड़ी पर बीते कई दिनों से जेसीबी का पीला पंजा भी चला था और मशीन से यहां पर सीधी कटिंग कर दी गई थी। निजी स्कूल के भवन निर्माण का ठेका लेने वाला ठेकेदार यहां पर कार्य करवा रहा था। यहां पहाड़ी पर सीधी कटिंग के बाद बुधवार को शाम करीब 4:30 बजे अचानक भारी मात्रा में पहाड़ी से मलबा आ गया। जिस दौरान मलबा गिरा उस समय तीनों मजदूर डंगे पर पत्थर भरान का कार्य कर रहे थे। जबकि डंगे की चिनाई करने वाला मिस्त्री और अन्य दो लोग मजदूर भी मौजूद थे। इनमें से डंगे पर खड़े मजदूर मलबे की चपेट में आ गए और जान चली गई।
मिट्टी में दब गए थे पांव
हादसे के दौरान जब पहाड़ी से मिट्टी गिरी तो मजदूरों के साथ-साथ मिस्त्री जीत बहादुर भी कार्य कर रहा था। जिस तरफ कार्य कर रहा था उस तरफ शुरूआत में मिट्टी कम गिरी और जीत बहादुर ने तुरंत निकलने की कोशिश की। हालांकि उसके पांव मिट्टी में दब गए और वह भी मौके पर गिरने से बेहोशी की हालत में चला गया। लेकिन साथ कार्य कर रहे मजदूरों ने उसे उपर खींच लिया। जबकि तीन अन्य मजदूरों पर मलबा गिर गया और उन्हें निकालने का मौका नहीं मिला।
हादसे के कारणों की होगी जांच
पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। इस दौरान यह भी देखा जाएगा कि क्या संबंधित ठेकेदार की ओर से सुरक्षा उपकरण दिए गए है या नहीं। वहीं नियमों के तहत कार्य किया जा रहा था या नहीं इस बारे भी पता लगाया जाएगा। -प्रणव चौहान डीएसपी परवाणू।