अटल सुरंग से सीमावर्ती क्षेत्रों में सुनिश्चित होगा बेहतर संपर्क : राजनाथ
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
अटल टनल रोहतांग के उद्घाटन अवसर पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि यह सुरंग सामरिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है। इससे सीमावर्ती क्षेत्रों में बेहतर संपर्क सुनिश्चित होगा। यह सुरंग वर्ष भर लद्दाख के लिए संपर्क बनाए रखने के साथ-साथ सशस्त्र सेनाओं को सीमावर्ती क्षेत्रों के साथ जोड़े रखने में सामरिक लाभ देगी। उन्होंने कहा कि अब टनल के रास्ते सेना की कानवाई, खाद्य सामग्री व असलाह भी ले जा सकेंगे। वहीं, मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि अटल टनल के लोकार्पण से पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी का सपना साकार हुआ है।
इसका श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जाता है, जिन्होंने हमेशा हिमाचल और यहां के लोगों के प्रति उदार दृष्टिकोण अपनाया है और इस सुरंग को निर्धारित समय में पूरा करने के लिए हर संभव सहायता प्रदान की है। मुख्यमंत्री ने कहा कि टनल के आरंभ होने से लाहौल घाटी में पर्यटन, कृषि और बागवानी गतिविधियों को एक नई दिशा मिलेगी। इस मौके पर रक्षा प्रमुख विपिन रावत, थल सेनाध्यक्ष जनरल मनोज मुकुंद नरवणे आदि भी उपस्थित थे।
लाहौल के लोग भी सीमा के प्रहरी: राजनाथ सिंह
लाहौल के सिस्सू में हुई जनसभा में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी ने भारत की साख और धाक स्थापित की है। हिमाचल प्रदेश देवभूमि के अलावा शौर्य की भूमि भी है। उन्होंने हिमाचल प्रदेश के सोमनाथ शर्मा, विक्रम बत्रा आदि परमवीर चक्र से लेकर सेना के अन्य उच्च सम्मान प्राप्त शहीदों को याद किया। राजनाथ सिंह बोले कि हिमाचल से ही पार्टी का अध्यक्ष भी दिया है।
अब अटल टनल के बनने के बाद यह इलाका हिमाचल की विकास यात्रा में भी भागीदार बन सकेगा। अब राशन की स्टॉकिंग नहीं करनी होगी। सुरंग बनने से मनाली से ही नहीं पूरे भारत में व्यापार कर पाएंगे। सामरिक दृष्टि से भी बहुत महत्वपूर्ण है। पड़ोस के देश चीन की सीमा पर हमारे जवान हैं। लाहौल के लोग भी सीमा के प्रहरी हैं। सीमा पर रहने वाले यहां के लोग देश के लिए सामरिक संपत्ति हैं।
पीएम को बताईं अटल टनल रोहतांग की खूबियां
सीमा सड़क संगठन के महानिदेशक लेफ्टिनेंट जनरल हरपाल सिंह ने प्रधानमंत्री मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, केंद्रीय वित्त एवं कारपोरेट मामलों के राज्य मंत्री अनुराग ठाकुर का स्वागत करते हुए कहा कि अटल टनल इस ऊंचाई पर स्थित विश्व की सबसे लंबी उच्च मार्ग सुरंग है।
सुरंग के प्रत्येक 150 मीटर की दूरी पर आपातकालीन संपर्क के लिए दूरभाष की सुविधा, प्रत्येक 60 मीटर में अग्निशमन यंत्र, हर 250 मीटर पर सीसीटीवी कैमरों के साथ दुर्घटना की पूर्व सूचना प्रणाली, हर एक किलोमीटर पर हवा की गुणवत्ता की निगरानी, प्रत्येक 25 मीटर पर प्रकाश एवं निकासी संकेत और प्रत्येक 60 मीटर की दूरी पर कैमरे और पूरी सुरंग में प्रसार प्रणाली की सुविधा उपलब्ध है।