अग्रिम जमानत के लिए कोर्ट की शरण पहुंचा सहायक दवा नियंत्रक, इस दिन होगी सुनवाई
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
फार्मा उद्योगपतियों के कैश पर ऐश के मामले में घिरा सहायक दवा नियंत्रक विजिलेंस महकमे को चकमा देते हुए कोर्ट की शरण में पहुंच गया है। सहायक दवा नियंत्रक निशांत सरीन की अग्रिम जमानत याचिका सोलन कोर्ट में दाखिल हुई है।
सोमवार को निशांत सरीन के वकील ने कोर्ट में याचिका दाखिल की है। हालांकि, सत्र न्यायाधीश सोलन की अदालत ने याचिका पर सुनवाई को बुधवार तक टाल दिया है। अब अग्रिम जमानत पर बुधवार को फैसला होगा।
यह भी पढ़ें: पांच सितारा होटलों में ठहरता था सरीन, महिला डॉक्टर मित्र के ठिकाने पर भी विजिलेंस की दबिश
जानकारी के अनुसार जिस समय यह याचिका दायर हुई, विजिलेंस की एक टीम कोर्ट परिसर में थी। विजिलेंस महकमे ने आरोपी सहायक दवा नियंत्रक को रविवार शाम तक सोलन में हाजिर होने के आदेश दिए थे, लेकिन तय समयसीमा समाप्त होने तक आरोपी विजिलेंस के समक्ष प्रस्तुत नहीं हुआ।
इसके बाद विजिलेंस की टीम आरोपी की गिरफ्तारी की तैयारी में जुटी थी। इन सब की नजरों से बचते हुए आरोपी की अग्रिम जमानत याचिका कोर्ट में पहुंच गई। हालांकि, याचिका पर सुनवाई के दौरान न्यायाधीश ने कोई भी फैसला नहीं किया है।
निशांत सरीन को जल्द दबोचेंगे : एडीजी
गौरतलब है कि सहायक दवा नियंत्रक निशांत सरीन पर फार्मा कंपनी मालिकों के पैसों पर ऐश करने का आरोप है। उसके महंगे होटलों में रुकने और हवाई टिकट बुक करवाने जैसी शिकायतों की जांच हो रही है। इस मामले में फार्मा कंपनी से आरोपी के संपर्क तलाशे जा रहे हैं। विजिलेंस की टीम निशांत सरीन के सात ठिकानों पर दबिश देकर कई जरूरी दस्तावेज बरामद कर चुकी है।
दबिश अभियान पूरा होने के बाद विजिलेंस टीम ने आरोपी निशांत सरीन को सोलन में पेश होने के आदेश उसके सभी ठिकानों पर चिपका दिए थे और पेशी के लिए समयसीमा रविवार शाम तक तय की थी, लेकिन निशांत सरीन विजिलेंस के समक्ष पेश नहीं हुआ। आरोपी के ठिकानों पर दबिश के बाद से लगातार विजिलेंस की टीम आरोपी को खोज रही है। सोमवार को भी विजिलेंस महकमे की एक टीम सोलन कोर्ट परिसर में ही मौजूद रही। लेकिन यहां भी आरोपी टीम को चकमा देने में कामयाब रहा।
विजिलेंस के एडीजी अनुराग गर्ग का कहना है कि आरोपी निशांत सरीन को रविवार तक सोलन में पेश होना था। लेकिन वह विजिलेंस के सामने पेश नहीं हुआ। उन्होंने बताया कि आरोपी की तरफ से सोलन कोर्ट में अग्रिम जमानत याचिका दायर होने की जानकारी उन्हें मिली है। उन्होंने कहा कि आरोपी को विजिलेंस की टीम जल्द ही दबोच लेगी। उन्होंने कहा कि इसके लिए पूरे प्रयास किए जा रहे हैं।