शहर की तर्ज पर स्ट्रीट लाइटों से जगमग होंगे गांव : अनिल शर्मा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
शहरों की तर्ज पर अब गांव भी स्ट्रीट लाइटों की रोशनी से जगमगाएंगे। प्रदेश के करीब 250 गांवों में स्ट्रीट लाइटें स्थापित की जाएंगी। इसके बाद करीब दो हजार लाइटों को विद्युत बोर्ड के ग्रिड से जोड़ा जाएगा।
हिम ऊर्जा की ओर रोटरी टाउन हाल में दो दिवसीय सौर ऊर्जा मेले के समापन पर मंत्री अनिल शर्मा ने यह बात कही। उन्होंने कहा कि जब तक लोगों को सौर ऊर्जा की जानकारी नहीं मिलेगी, तब तक वे आगे नहीं आएंगे।
उन्होंने सोलर रूफ टॉप प्लांट लगाने वाले आवेदनकर्ताओं को स्वीकृत पत्र प्रदान किए। उन्हाेंने सोलर प्लांट की स्वीकृति देने वाले लोगों को आश्वासन दिया कि पांच साल तक कंपनी प्लांट की मेंटीनेंस करेगी।
इसके अलावा सोलर प्लांट के पुर्जों में आने वाली खराबी को 20 साल तक कंपनी की ओर से बदला जाएगा। उन्होंने अधिकारियों का प्लांट के लिए स्वीकृत आवेदनकर्ताओं के घरों की छतों पर एक महीने के अंदर प्लांट को स्थापित करने के निर्देश दिए।
2020 तक ग्रिड से जुड़े सोलर रूफ प्लांट लगाने को 10 मेगावाट का लक्ष्य
कहा कि सरकार ने फरवरी 2020 तक ग्रिड से जुड़े सोलर रूफ प्लांट लगाने को 10 मेगावाट का लक्ष्य निर्धारित किया है। कहा कि पहले ग्रिड से जुड़े प्लांट की दरें 61 हजार प्रति किलोवाट थीं। इन्हें अब घटाकर 53 हजार 150 रुपये किया गया है।
सरकार की ओर से दी गई सब्सिडी उपभोक्ता के खाते में जमा की जाएगी। मेले में पांच सौ किलोवाट के 150 लोगों को सौर ऊर्जा रूफ टॉप लगाने को स्वीकृति प्रपत्र प्रदान किए गए।
इस दौरान अतिरिक्त मुख्य सचिव एवं एचपीएसईबीएल अध्यक्ष डॉ. श्रीकांत बाल्दी, प्रधान सचिव ऊर्जा प्रबोध सक्सेना, प्रबंध निदेशक एचपीएसईबीएल जेपी काल्टा, मुख्य कार्यकारी अधिकारी आशुतोष गर्ग, परियोजना निदेशक केएल ठाकुर सहित डीपीआरओ पीएल शर्मा मौजूद रहे।