कॉलेजों में शुरू होंगे साहसिक खेलों पर आधारित अल्पावधि कोर्स, बैठक में हुआ फैसला
हिमाचल प्रदेश के कॉलेजों में साहसिक खेलों पर आधारित तीन महीने के अल्पावधि कोर्स शुरू किए जाएंगे। कॉलेजों में पैराग्लाइडिंग, रिवर राफ्टिंग और पर्वतारोहण कोर्स करवाने के लिए प्रशिक्षकों को बुलाकर विद्यार्थियों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। कोर्स करने वाले विद्यार्थियों को प्रमाणपत्र दिए जाएंगे। इस बाबत जल्द सरकार को प्रस्ताव भेजा जाएगा। शुक्रवार को शिक्षा मंत्री गोविंद ठाकुर की अध्यक्षता में हुई उच्च शिक्षा परिषद की बैठक में यह फैसला हुआ। प्रदेश के कॉलेजों को नैक ग्रेड दिलाने के लिए शिक्षकों की विशेष टीमें बनाने का फैसला भी हुआ। इन शिक्षकों को ऑनलाइन प्रशिक्षण दिया जाएगा। कुछ कॉलेजों में टीमें स्वयं भी विजिट करेंगी। मंडी कॉलेज से विशेष अभियान की शुरुआत होगी।
नैक ग्रेडिंग के लिए जाने वाले शिक्षकों का इसमें सहयोग लिया जाएगा। उच्च शिक्षा परिषद के अध्यक्ष प्रो. सुनील गुप्ता ने बताया कि अधिक से अधिक कॉलेजों को नैक ग्रेड दिलाने के लिए शिक्षा विभाग प्रयासरत है। इस अभियान को और तेजी से चलाया जाएगा। उन्होंने बताया कि जो अधिकारी हिमाचल की ओर से नैक ग्रेडिंग के लिए दिल्ली जाते हैं, उनके अनुभव का लाभ लेते हुए अन्य कॉलेजों को भी ग्रेड दिलाने का फैसला लिया गया है। बैठक में कॉलेजों को अपग्रेड करने को लेकर भी चर्चा की गई। शिक्षा मंत्री ने हर दो माह बाद उच्च शिक्षा परिषद की बैठक करने के निर्देश भी दिए। बैठक में उच्च शिक्षा निदेशक डॉ. अमरजीत कुमार शर्मा सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।