शिमला: न नंबर प्लेट, न पासिंग; सिर्फ नाम लिखकर सड़कों पर वाहन दौड़ा रहा निगम, चालकों ने की शिकायत
शिमला में नगर निगम के कई कंपेक्टर वाहन बिना पासिंग और दस इलेक्ट्रिक गाड़ियां स्थायी नंबर प्लेट के बिना सड़कों पर दौड़ रही हैं। चालकों की शिकायत के बाद अब मामले में रिपोर्ट ली जाएगी। पढ़ें पूरी खबर...
विस्तार
राजधानी में नगर निगम की कई गाड़ियां बिना नंबर प्लेट और पासिंग के ही बेरोकटोक दौड़ रही हैं। इन गाड़ियों पर सिर्फ नगर निगम का नाम लिखकर इन्हें शहर के सील्ड (बंधित) रोड पर भी चलाया जा रहा है। हैरानी की बात है कि न पुलिस इनकी जांच कर रही है और न ही परिवहन विभाग की ओर से कोई कार्रवाई की जा रही है।
हालात यह हैं कि इन गाड़ियों को चलाने वाले चालकों को ही वाहनों की पासिंग करवाने के लिए नगर निगम प्रशासन को लिखित शिकायत देनी पड़ी है। यह सभी गाड़ियां शहर में कूड़ा ढोने के काम में लगी हैं। चालकों ने पांच बड़े कंपेक्टर वाहनों की पासिंग न होने पर निगम प्रशासन को शिकायत दी है। इनमें एचपी 52 सी 4166, एचपी 52 सी 4162, एचपी 52 सी 4161 और एचपी 52 सी 4169 नंबर के कंपेक्टर वाहन शामिल हैं।
इसके अलावा करीब पांच साल पुराना एक अन्य कंपेक्टर वाहन भी बिना पासिंग के दौड़ रहा है। चालकों का कहना है कि इन वाहनों की आज तक पासिंग नहीं करवाई गई है, जबकि नियमानुसार वाहनों की समय-समय पर फिटनेस जांच और आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करना जरूरी है। इस संबंध में चालकों ने पहले प्रभारी को शिकायत दी थी लेकिन वाहनों की पासिंग नहीं करवाई गई। अब नगर निगम के स्वास्थ्य अधिकारी से लेकर अतिरिक्त आयुक्त तक शिकायत पहुंचाई गई है।
नगर निगम ने मई में कूड़ा ढोने के लिए दस इलेक्ट्रिक गाड़ियां खरीदी थीं। यह वाहन पिछले पांच महीने से शहर की सड़कों पर दौड़ रहे हैं। इनमें से कई गाड़ियां सील्ड रोड पर भी चल रही हैं, लेकिन अब तक इन पर स्थायी नंबर प्लेटें नहीं लग पाई हैं। परिवहन नियमों के तहत वाहनों का पंजीकरण और नंबर प्लेट लगाने की प्रक्रिया निर्धारित समय में पूरी करना अनिवार्य है। इसके बावजूद नगर निगम के इन वाहनों पर नंबर प्लेटें नहीं लगी हैं। निगम की ओर से वाहनों का पंजीकरण करवाने का दावा किया है, लेकिन नंबर प्लेटें अब तक नहीं लगाई गई हैं। नगर निगम ने करीब 1.54 करोड़ रुपये की लागत से दस इलेक्ट्रिक वाहन खरीदे हैं।
नगर निगम के वाहनों की पासिंग क्यों नहीं करवाई गई और इलेक्ट्रिक वाहनों पर नंबर प्लेटें क्यों नहीं लगाई गई हैं, इस बारे में संबंधित अधिकारियों से मंगलवार को रिपोर्ट ली जाएगी। -डॉ. भुवन शर्मा, अतिरिक्त आयुक्त, नगर निगम