हिमाचल के अगले सीएम को लेकर शांता कुमार ने तोड़ी चुप्पी, दिया ये बयान
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सीएम उम्मीदवार धूमल की हार के बाद भाजपा में अब मुख्यमंत्री के नाम की चल रही अटकलों पर वरिष्ठ नेता शांता कुमार ने भी चुप्पी तोड़ी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में अगला मुख्यमंत्री कौन होगा, इसका फैसला भाजपा हाईकमान करेगा।
उन्होंने कहा कि कुछ लोगों के मुख्यमंत्री के लिए नाम जरूर चल रहे हैं। पार्टी इस पर जल्द फैसला लेगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जो भी होगा, वह भाजपा व प्रदेश की जनता के हित में होगा। उन्होंने कहा कि हिमाचल में भाजपा ने शानदार जीत हासिल की है।
भाजपा को पूर्ण बहुमत से भी अधिक सीटें मिलीं हैं। भाजपा कार्यकर्ता उत्साहित हैं। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में अब हिमाचल में विकास की एक नई बयार बहेगी। हिमाचल में पहले भी विकास भाजपा की देन है और अब आगे भी ऐसा ही होगा।
उन्होंने कांग्रेस पर आक्षेप करते हुए कहा, कांग्रेस राज में प्रदेश को जमकर कर लूटा गया। लेकिन, आगे अब ऐसा नहीं होगा। भाजपा हिमाचल में एक नए युग की शुरूआत कर भ्रष्टाचार मुक्त विकास का मॉडल देगी।
भाजपा विधायकों से मिली मल्लिका नड्डा
विधानसभा चुनाव में भाजपा के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार प्रेम कुमार धूमल की हार के बाद केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा के सीएम बनने की अटकलों के बीच नड्डा की धर्मपत्नी मल्लिका नड्डा दिल्ली रवाना हो गई हैं।
एक दिन पूर्व ही बिलासपुर स्थित नड्डा के निवास पर मल्लिका का भाजपा के जीते प्रत्याशियों से मुलाकात हुई थी। मल्लिका के दिल्ली रवाना होते ही चौबीस घंटे के भीतर बिलासपुर निवास पर सन्नाटा छा गया है। मंगलवार को जीते प्रत्याशियों से चर्चा के बाद मल्लिका ने नड्डा के पिता से आशीर्वाद लिया।
उनके दिल्ली रवाना होने पर अमरपुर स्थित निवास पर उनके पिता और परिवार सदस्य की मौजूद थे। गौर हो कि बिलासपुर जिले से पार्टी के प्रत्याशी बड़े मार्जिन से जीते हैं। बुधवार को नड्डा के निवास पर माहौल मंगलवार से बिल्कुल अलग था।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री नड्डा के चाहने वाले मान रहे हैं कि पार्टी नड्डा के नाम की सीएम के रूप में घोषणा कर सकती है। उधर बीते मंगलवार को मल्लिका से मिलने पहुंचे पार्टी के जीते प्रत्याशियाें में घुमारवीं से जीते विधायक राजेंद्र गर्ग भी शामिल थे। मल्लिका ने जीते प्रत्याशियों से मुलाकात के बाद एक कार्यक्रम में शिरकत की थी। इसके अगले दिन वे दिल्ली रवाना हो गईं।
नड्डा को पहली पंक्ति में खड़ा कर गए थे मोदी
बिलासपुर में आयोजित प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रैली में भी पीएम नड्डा को पहली पंक्ति में खड़ा कर गए थे। विस चुनाव के दौरान हालांकि पार्टी का कहना था कि सीएम पद के उम्मीदवार के नाम की घोषणा चुनाव के बाद की जाएगी, लेकिन पार्टी में असमंजस की स्थिति बनने से सीएम प्रत्याशी की घोषणा करनी पड़ी थी। धूमल के नाम की घोषणा से पूर्व प्रदेश में भजपा के सीएम चेहरे को लेकर नड्डा के नाम पर भी चर्चाएं होती रही थीं।