Sarkar Gaon Ke Dwar: हिमाचल के 12 गांवों में सीएम, उपमुख्यमंत्री और मंत्री सुनेंगे जन समस्याएं, शेड्यूल जारी
सचिवालय में सरकार गांव के द्वार कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी की अध्यक्षतात में समीक्षा बैठक आयोजित हुई।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
17 जनवरी से शुरू होने वाले सरकार गांव के द्वार कार्यक्रम में 12 जिलों के 12 गांवों में मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री, नौ मंत्रियों सहित विधानसभा अध्यक्ष और उपाध्यक्ष जन समस्याएं सुनेंगे। गुरुवार को सचिवालय में सरकार गांव के द्वार कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर आयोजित समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी ने यह जानकारी दी। सभी जिलों के उपायुक्त वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से बैठक में जुड़े। नेगी ने बताया कि 17 जनवरी को मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू जिला हमीरपुर के नादौन के गलोड़ गांव में औपचारिक तौर पर कार्यक्रम की शुरुआत करेंगे।
उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री जिला ऊना के हरोली के दुलेहड़, विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया जिला चंबा के भटियात के कुड्डी, कृषि एवं पशुपालन मंत्री चंद्र कुमार जिला कांगड़ा के ज्वाली के पलोड़ा, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. धनी राम शांडिल जिला सोलन के नौणी, उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान जिला सिरमौर के शिलाई के बकरास, ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह जिला मंडी के बल्ह के छातड़ू, लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह जिला शिमला के चौपाल के बमटा, तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी जिला बिलासपुर के घुमारवीं के कसारू, आयुष मंत्री यादवेंद्र गोमा जिला कुल्लू के बजौरा, विधानसभा उपाध्यक्ष विनय कुमार जिला लाहौल-स्पीति के ताबो में कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे।
अतिरिक्त मुख्य सचिव राजस्व ओंकार चंद शर्मा ने कहा कि राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी 17 जनवरी को किन्नौर के चगांव में कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे। कार्यक्रम के दौरान प्रत्येक जिले में ग्राम सभा आयोजित की जाएगी। इसके अतिरिक्त, सभी विभागों की प्रदर्शनियां तथा स्वास्थ्य शिविर भी लगाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि सूचना एवं जन संपर्क विभाग सरकार की विभिन्न उपलब्धियों को लेकर लोगों को जागरूक करेगा। बैठक में प्रधान सचिव उद्योग आरडी नजीम, सचिव स्वास्थ्य एम सुधा देवी, सचिव ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज प्रियतु मंडल, सचिव शिक्षा राकेश कंवर, सूचना एवं जन संपर्क विभाग के निदेशक राजीव कुमार सहित अन्य विभागों के प्रतिनिधियों ने शिमला से बैठक में भाग लिया।