Himachal: हिमाचल प्रदेश में अलग-अलग पांच सड़क हादसों में सात लोगों की मौत
प्रदेश में अलग-अलग पांच सड़क हादसों में सात लोगों की जान चली गई। चंबा में दो हादसों में चार की मौत हुई है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हिमाचल प्रदेश में अलग-अलग पांच सड़क हादसों में सात लोगों की जान चली गई। चंबा में दो हादसों में चार की मौत हुई है। इसके अलावा रामपुर, बिलासपुर के घुमारवीं और कुल्लू के जिया में सड़क हादसे हुए हैं। पुलिस ने केस दर्ज कर हादसों के कारणों की जांच शुरू कर दी है। चंबा में शुक्रवार देर रात मेडिकल कॉलेज के नए भवन सरोल के मुख्य द्वार के पास एक थार गाड़ी सड़क से 200 फुट नीचे खाई में जा गिरी। इसमें दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक युवक घायल हो गया। हादसे के बाद वहां से गुजर रहे किसी व्यक्ति ने कार खाई में गिरते देख पुलिस को इसकी सूचना दी।
सूचना पाते ही पुलिस मौके पर पहुंची, जहां पर दिव्यांशु पुत्र संतोष कुमार निवासी गांव भगवानपुरा डाकघर सरोल और जांदू निवासी राजस्थान की मौके पर मौत हो चुकी थी। पुलिस ने शव निकालकर मेडिकल कॉलेज चंबा में पोस्टमार्टम के लिए भेजे। हादसे में दिव्यम पुत्र अजय कुमार निवासी सरोल घायल हुआ है। उसे मेडिकल कॉलेज चंबा में भर्ती किया गया है।
उधर, शनिवार शाम सिढ़कुंड लिंक मार्ग पर कार हादसे में दो युवकों योगेश कुमार पुत्र पवन कुमार निवासी सिढ़कुंड और अखिलेश पुत्र दलीप सिंह निवासी मुचियाड़ी डाकघर हरदासपुरा की मौत हो गई, जबकि हादसे में घायल अनमोल पुत्र गणेश ज्योति निवासी सिढ़कुंड को टांडा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। पुलिस अधीक्षक अभिषेक यादव ने बताया कि दोनों दुर्घटनाओं के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
वहीं, रामपुर थाना के तहत नोगली में शुक्रवार रात को एक कार खड्ड में जा गिरी। हादसे में वाहन चालक आईटीबीपी जवान मोहन सिंह (34) पुत्र तारा चंद निवासी कोटली जिला मंडी की मौत हो गई। मोहन सिंह रात को ड्यूटी करने देवटन जा रहे थे। वहीं तीती राम (36) पुत्र स्वर्गीय लोभू राम गांव तलाई डाकघर दत्तनगर तहसील रामपुर जिला शिमला को चोटें आई हैं।
एक अन्य हादसे में घुमारवीं थाना क्षेत्र के निहारी कस्बे में शिमला-मटौर राष्ट्रीय उच्च मार्ग पर सड़क किनारे खड़े ट्रैक्टर से एक बाइक टकरा गई। इससे बाइक सवार रोहताश दत्ता (28) पुत्र एसके दत्ता निवासी गांव मसेरडू जिला हमीरपुर की मौत हो गई। उधर, पुलिस थाना भुंतर के तहत जिया के पास एक युवक को किसी वाहन ने टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई। युवक की पहचान नहीं हो पाई है।