सरकारी स्कूलों में जल्द होगी योग शिक्षकों की भर्ती, तैयार हो रहे आरएंडपी नियम
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हिमाचल के सरकारी स्कूलों में जल्द ही योग शिक्षकों की भर्ती की जाएगी। भाजपा विधायक रमेश धवाला के सवाल पर शिक्षा मंत्री ने सदन में स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा कि शिक्षा विभाग को आरएंडपी नियम बनाने के निर्देश दे दिए हैं। योग को फिजिकल एक्टिविटी या पाठ्यक्रम में से किसी एक में शुरू करने को लेकर मंथन जारी है।
शिक्षा मंत्री ने बताया कि एससीईआरटी सोलन ने योग का सिलेबस तैयार कर दिया है। स्कूल शिक्षा बोर्ड से भी इसको मंजूरी मिल गई है। नवीं से जमा दो कक्षा में इसे शुरू किया जाना प्रस्तावित है। योग को किस तरह स्कूलों में लागू किया जाएगा, इसका फैसला होते ही शिक्षकों की भर्ती शुरू हो जाएगी। शिक्षा मंत्री ने बताया कि हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय योग में डिग्री देता है।
योग शिक्षकों की भर्ती होने तक बीच-बीच में स्कूलों में शारीरिक शिक्षक योग की कक्षाएं लेते हैं। उधर, विधायक रमेश धवाला ने कहा कि योग से शरीर स्वस्थ रहता है। बच्चे नशे से भी दूर रहेंगे। निजी स्कूलों में योग शिक्षक रखे गए हैं। इस कारण भी निजी स्कूलों में बच्चों की संख्या बढ़ रही है।
मैं भी करता हूं योग, दो-तीन स्कूल संभाल लूंगा
विधायक रमेश धवाला ने कहा कि मैं भी रोजाना योग करता हूं। दो-तीन स्कूल संभाल लूंगा। इसको लेकर सदन में खूब ठहाके लगे। जवाब में शिक्षा मंत्री सुरेश भारद्वाज ने धवाला का सेवाएं देने की हामी भरने पर धन्यवाद करते हुए योग की पहली क्लास विधायकों की लगाने को कहा। उन्होंने कहा कि विधायक स्वस्थ रहेंगे तो प्रदेश की सेवा और बेहतर ढंग से कर सकेंगे।
80,204 विद्यार्थियों ने किए छात्रवृत्ति आवेदन
विभिन्न छात्रवृत्ति योजनाओं के तहत वित्तीय वर्ष 2019-20 के दौरान 80,204 छात्र-छात्राओं ने ऑनलाइन आवेदन किए हैं। इसके सत्यापन की प्रक्रिया अभी जारी है।
भटियात के विधायक बिक्रम सिंह जरयाल के सवाल का लिखित जवाब देते हुए शिक्षा मंत्री ने बताया कि 2018-19 में अभी तक 34,860 पात्र विद्यार्थियों को 1612 लाख रुपये की छात्रवृत्ति राशि से लाभान्वित किया है।