{"_id":"4259d80ed3770bd8b40fa9cd0ad8c6e8","slug":"private-bus-operators-on-strike-in-shimla-city-from-17th-august-hindi-news","type":"story","status":"publish","title_hn":"प्राइवेट बस ऑपरेटर यूनियन उग्र, करेगी हड़ताल","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
प्राइवेट बस ऑपरेटर यूनियन उग्र, करेगी हड़ताल
ब्यूरो/अमर उजाला, शिमला
Updated Mon, 03 Aug 2015 11:12 AM IST
विज्ञापन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
राजधानी शिमला में 17 अगस्त को लोकल रूटों पर प्राइवेट बसें नहीं चलेंगी। शिमला सिटी प्राइवेट बस ऑपरेटर यूनियन ने सोमवार को एक दिन की हड़ताल पर जाने का फैसला लिया है। प्राइवेट बस ऑपरेटर लंबे समय से जिला प्रशासन से मौजूदा ट्रैफिक प्लान में संशोधन का आग्रह कर रहे हैं लेकिन प्रशासन द्वारा मांग को गंभीरता से न लेने पर अब ऑपरेटरों ने सांकेतिक हड़ताल पर जाने का फैसला लिया है। हड़ताल को लेकर बाकायदा जिला प्रशासन को अग्रिम सूचना लिखित में दे दी है।
विज्ञापन
शहर में 15 किलोमीटर के दायरे में लोकल रूटों पर करीब 110 बसें चल रही हैं। परिवहन विभाग की ओर से प्रत्येक बस को रोजाना करीब 120 किलोमीटर चलने का परमिट जारी किया है। लेकिन ओल्ड बस स्टैंड सहित पूरे शहर में जाम की समस्या से बसें एक दिन में 60 किलोमीटर से अधिक नहीं चल पा रहीं। ऑपरेटरों का दावा है कि मौजूदा ट्रैफिक प्लान के तहत 40 किलोमीटर के दायरे में चलने वाली बसों को ओल्ड बस स्टैंड में एंट्री की इजाजत दी है जिसके कारण जाम की समस्या पेश आ रही है। यूनियन की मांग है कि ओल्ड बस स्टैंड में 40 के स्थान पर 30 किलोमीटर के दायरे से आने वाली बसों को ही एंट्री दी जाए।
विज्ञापन
सांकेतिक हड़ताल का लिया फैसला- जिला प्रशासन और पुलिस विभाग को कई बार लिखित और मौखिक रूप से अपनी मांगें बताई हैं, बावजूद इसके मांगों पर ध्यान नहीं दिया जा रहा। यूनियन ने 17 अगस्त को एक दिन के लिए सांकेतिक हड़ताल पर जाने का फैसला लिया है। हड़ताल को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस को लिखित में अग्रिम सूचना दे दी गई है।
विज्ञापन
- रोशन ठाकुर, अध्यक्ष प्राइवेट बस ऑपरेटर यूनियन
ओल्ड बस स्टैंड में एंटर नहीं होंगी प्राइवेट बसें- प्राइवेट बस ऑपरेटर हर महीने ओल्ड बस स्टैंड में बसें खड़ी करने के एवज में करीब एक लाख रुपये फीस चुका रहे हैं। बावजूद इसके हमारी मांगों पर सुनवाई नहीं हो रही। 18 अगस्त के बाद प्राइवेट बसें ओल्ड बस स्टैंड में एंटर नहीं करेंगी। 110 प्राइवेट बसों का संचालन ओल्ड बस स्टैंड के बाहर से होगा।
-अमित चड्ढा, महासचिव शिमला सिटी प्राइवेट बस आपरेटर यूनियन
डीसी कार्यालय से जारी होगी अधिसूचना- प्राइवेट बस ऑपरेटरों ने अपनी मांगें हमें बताई हैं। शहर में बसों की एंट्री से संबंधित अधिसूचना डीसी कार्यालय से जारी होनी है। अधिसूचना जारी होने के बाद उसे सख्ती से लागू करवाएंगे।
-डीडब्ल्यू नेगी एसपी शिमला
डिफाल्टर हो गए हैं कई ऑपरेटर- प्राइवेट बस आपरेटरों का कहना है कि ओल्ड बस स्टैंड में जाम से उन्हें भारी नुकसान झेलना पड़ रहा है। ऑपरेटर बसों की किस्तें तय समय पर नहीं दे पा रहे और बैंकों के डिफाल्टर हो गए हैं। तय समय पर टैक्स जमा न करवा पाने से परिवहन विभाग बसें जब्त करने के नोटिस जारी कर रहा है। प्रत्येक बस पर रोजाना की करीब 2600 रुपये देनदारी है और इसके मुकाबले कमाई आधे से भी कम है।
आपरेटरों की मुख्य मांगें
1- ओल्ड बस स्टैंड में 40 की जगह 30 किलोमीटर के दायरे से आने वाली बसों की दी जाए एंट्री
2 - चुनिंदा लांग रूट बसों को ओल्ड बस स्टैंड में एंट्री के लिए दी गई अवैध परमिशन हो रद
3 - शहर में जाम की समस्या का हो स्थायी समाधान