बेटी को स्कूल से लाने गई मां बनी 'किडनैपर'
अपनी बेटी को स्कूल से घर ले जाने आई मां ही किडनैपर बन गई। पुलिस को जैसे ही इसका पता चला कि नाके पर नाके लगा दिए गए। मगर बाद में जो सच्चाई सामने आई, उसे जान पुलिस भी दंग रह गई।
दरअसल, जिस महिला को पुलिस बच्ची की किडनैपर समझ रही थी, वह उसकी असली मां निकली। मामला हिमाचल के जिला बिलासपुर के घुमारवीं का है। यहां डंगार इलाके में एक महिला को किडनैपर समझकर पुलिस को काफी जदोजहद करनी पड़ी।
स्कूल से अपनी बेटी को लेकर गई महिला और अन्य परिजनों को पकड़ने के लिए डंगार से घुमारवीं तक नाके पर नाके लगाए। जब महिला पकड़ी गई तो पता चला कि वह कोई और नहीं बल्कि उसकी मां है। इस मामले की पूरे इलाके में चरचा हो रही है।
ऐसे फैली अफवाह
जानकारी के अनुसार घुमारवीं के डंगार स्थित एक निजी स्कूल से छह साल की बच्ची को कुछ लोग स्कूल प्रशासन की मर्जी के बगैर वाहन में लेकर गए। इससे क्षेत्र में अफवाह फैल गई। स्कूल प्रबंधन ने इस मामले की पुलिस में शिकायत कर दी तो पुलिस ने भी नाके लगा लिए।
दिनभर पुलिस की टीमें किडनैपरों को तलाशती रही। स्कूल की प्रधानाचार्य रितू शर्मा ने बताया कि वह दोपहर बाद उसी कक्षा में ही बच्चों को पढ़ा रही थी। अचानक एक पुरूष व दो महिलाएं आई व उस बच्ची को अपने साथ ले जाने की बात कहने लगे।
रितू शर्मा ने बताया कि उसने उपरोक्त लोगों को यह कह कर बच्ची को उनके साथ भेजने से इंकार कर दिया कि बालिका के अभिभावकों ने उसे किसी के साथ भेजने से मना किया है। वह एक बालिका को अंजान लोगों के साथ नहीं भेज सकती। इस बीच उपरोक्त लोग बालिका को गाड़ी में बिठा कर ले गए।
रोज दादी लेने आती थी तो हुई गलतफहमी
उधर, मौके पर पहुंचे एएसआई अवतार सिह ने बताया कि पुलिस छानबीन में यह तथ्य सामने आया कि बेटी की मां व बाप में आपसी विवाद चल रहा था। मौजूदा समय में बेटी अपने दादा के साथ रह रही थी।
रोजाना दादी ही बच्ची को स्कूल से लेने आती थी। ऐसे में जब उसकी असली मां लेने आई तो स्कूल प्रबंधन उसे पहचान नहीं पाया। बाद में पता चला कि लड़की की मां ही उसे लेने अपने परिजनों के साथ स्कूल गई थी।
लेकिन, स्कूल प्रशासन व उनके बीच पहचान को लेकर गलतमहमी होने के चलते यह घटनाक्रम सामने आया। उधर, डीएसपी घुमारवीं अंजनि जस्वाल ने बताया कि बालिका को उसकी मां ही स्कूल से लाई थी इसलिए कोई मामला दर्ज नही किया गया है।