फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Himachal Pradesh ›   Chamba News ›   PM modi Visit, Earlier govts used to judge Himachal not by strength, but by seats in Parliament

PM HP Visit: मोदी बोले- पहले की सरकारें हिमाचल को सामर्थ्य से नहीं, संसद की सीटों से आंकती थीं

Thu, 13 Oct 2022 07:56 PM IST
Krishan Singh अमर उजाला ब्यूरो, ऊना/चंबा
अमर उजाला ब्यूरो, ऊना/चंबा Published by: Krishan Singh Updated Thu, 13 Oct 2022 07:56 PM IST
सार

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने  कहा कि हिमाचल में पहले जो सरकारें रहीं और दिल्ली में जो लोग बैठे थे, वे लोगों की जरूरतों को पूरा करने में उदासीन रहे। 

विज्ञापन
PM modi Visit, Earlier govts used to judge Himachal not by strength, but by seats in Parliament
ऊना में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी। - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि पहले की सरकारें हिमाचल को सामर्थ्य से नहीं, संसद की सीटों से आंकती थीं। हिमाचल में पहले जो सरकारें रहीं और दिल्ली में जो लोग बैठे थे, वे लोगों की जरूरतों को पूरा करने में उदासीन रहे। इसका सबसे ज्यादा नुकसान हिमाचल ने उठाया है।  पीएम मोदी गुरुवार को इंदिरा गांधी स्टेडियम ऊना में विकास संकल्प रैली को संबोधित कर रहे थे। इससे पहले उन्होंने ऊना रेलवे स्टेशन से नई दिल्ली के लिए देश की चौथी वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन को हरी झंडी दिखाई। हरोली में बल्क ड्रग फार्मा पार्क का शिलान्यास और सलोह स्थित आईआईआईटी भवन का लोकार्पण भी किया। ऊना के बाद पीएम मोदी चंबा पहुंचे। यहां उन्होंने चांजू में निर्माणाधीन 48 और 30 मेगावाट की जलविद्युत परियोजनाओं का शिलान्यास किया। उन्होंने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तृतीय चरण का शुभारंभ भी किया।

विज्ञापन


इंदिरा गांधी स्टेडियम में उन्होंने कहा कि हरोली में बल्क ड्रग फार्मा पार्क और नालागढ़ में मेडिकल डिवाइस पार्क दुनिया भर में हिमाचल का नाम रोशन करने वाले हैं। कोरोनाकाल में दुनिया ने हिमाचल में बनी दवाओं की ताकत देखी है। अब भूमिका और बढ़ने वाली है। मोदी ने कहा कि हिमाचल में ही कच्चा माल और दवाएं बनेंगी तो उद्योग तो फलेंगे-फूलेंगे ही, दवाएं भी सस्ती होंगी। इसका लाभ गरीब और मध्य वर्ग के लोगों को होगा। चंबा के चौगान में आयोजित जनसभा में मोदी ने कहा कि कांग्रेस के जमाने में हिमाचल की फाइलें दिल्ली में भटकती थीं। इसलिए, दुर्गम क्षेत्र विकास की दृष्टि में पिछड़े। अब डबल इंजन की सरकार के कार्यकाल में दुर्गम क्षेत्रों में विकास पहले होता है। हिमाचल के दुर्गम क्षेत्रों में हमने पीने की पानी की समस्या को खत्म किया।
विज्ञापन


पर्यटन को दिक्कत न आए, इसलिए यहां पर देश में सबसे पहले वैक्सीन का काम पूरा किया। उन्होंने कहा कि मैंने पूर्व मुख्यमंत्रियों शांता कुमार और प्रेम कुमार धूमल को विकास के लिए खपते देखा है। उस वक्त दिल्ली में हिमाचल को अपने हक के लिए गुहार लगानी पड़ती थी। आंदोलन करना पड़ता था। अब हिमाचल वालों को दिल्ली में गुहार नहीं लगानी पड़ती। हिमाचल वाले दिल्ली आकर मुझे आदेश देते हैं। उन्होंने कहा कि लोग कहते थे कि पहाड़ का पानी और जवानी काम नहीं आते। अब पहाड़ का पानी और जवानी दोनों काम आएंगे। मैं इस रीत को बदल दूंगा। जमुए दी राहें चंबा कितनी दूर पहाड़ी पंक्ति सुनाकर मोदी ने कहा कि अब डबल इंजन की सरकार में विकास हो रहा है।
विज्ञापन
विज्ञापन


दो जलविद्युत परियोजनाओं की रखी आधारशिला, बढ़ेगा राजस्व
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चंबा में दो जलविद्युत परियोजनाओं-48 मेगावाट चंजू-हाइड्रो-इलेक्ट्रिक प्रोजेक्ट और 30 मेगावाट देवथल चांजू हाइड्रो-इलेक्ट्रिक प्रोजेक्ट की आधारशिला रखी। इन दोनों परियोजनाओं से सालाना 270 मिलियन यूनिट बिजली का उत्पादन होगा और हिमाचल प्रदेश को लगभग 110 करोड़ रुपये का वार्षिक राजस्व प्राप्त होने की उम्मीद है। जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि दो दिन पहले वह उज्जैन के महाकाल शहर का दौरा कर रहे थे और आज वह मणिमहेश के शरण में आए हैं। 
 

हिमाचल में बनेंगी 3,000 किलोमीटर सड़कें

PM modi Visit, Earlier govts used to judge Himachal not by strength, but by seats in Parliament
पीएम को जयराम ने भेंट की माता की पेंटिंग। - फोटो : अमर उजाला

पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस के कार्यकाल में आजादी के बाद हिमाचल में 1,800 करोड़ रुपये की लागत से 7,000 किलोमीटर सड़कें बनी थीं। हमने 8 वर्ष में 5,000 करोड़ की लागत से 12,000 किलोमीटर सड़कें बनाई हैं। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तृतीय चरण के तहत अब हिमाचल में 3,000 किलोमीटर सड़कें बनाई जाएंगी। इसमें विशेषकर चंबा और जनजातीय क्षेत्रों को तवज्जो मिलेगी।

बल्क ड्रग फार्मा पार्क में होगा 10,000 करोड़ रुपये का निवेश
मोदी ने कहा कि डबल इंजन की सरकार बल्क ड्रग पार्क पर अभी 2,000 करोड़ रुपये का निवेश कर रही है। आने वाले वर्षों में 10,000 करोड़ रुपये से अधिक निवेश यहीं होने वाला है। यह ऊना और हिमाचल का कायाकल्प करेगा। इससे रोजगार और स्वरोजगार के हजारों अवसर पैदा होंगे। अभी तक हमें दवाओं के लिए जरूरी अधिकतर कच्चे माल के लिए विदेशों पर निर्भर रहना पड़ता था। अब हिमाचल इसकी पूर्ति करेगा। 
 

चुनाव में हिमाचल इस बार बदलेगा पुराना रिवाज और परंपरा 
एक महीने बाद होने जा रहे विधानसभा चुनाव को लक्षित कर पीएम मोदी ने कहा कि चुनाव में इस बार हिमाचल रिवाज और परंपरा बदलेगा। देश अमृत महोत्सव मना रहा है तो हिमाचल की स्थापना के भी 75 वर्ष पूरे हो रहे हैं। हिमाचल के लिए आने वाले 25 वर्षों का एक-एक पल बहुत महत्वपूर्ण हैं। सुनहरे भविष्य के लिए हमने हिमाचल को विशेष राज्य का दर्जा लौटाया है।

मुख्यमंत्री ने पीएम मोदी को भेंट किया चंबा रुमाल
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने पीएम मोदी को शॉल और टोपी पहनाकर सम्मानित किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने पीएम मोदी को चंबा रुमाल भी भेंट किया।

हिमाचल में रहते देखी चारों तरफ अविश्वास की खाई और निराशा के पहाड़ : मोदी

PM modi Visit, Earlier govts used to judge Himachal not by strength, but by seats in Parliament
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी। - फोटो : अमर उजाला

 प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि जब वह हिमाचल में रहते थे तो उन्हें याद है कि यहां क्या हाल थे। कहीं विकास का नाम नजर नहीं आता था। चारों तरफ अविश्वास की खाई और निराशा के पहाड़ थे कि आगे जा पाएंगे या नहीं। विकास की अपेक्षाओं के बीच बहुत बड़ी खाई थी। एक प्रकार से यहां गड्ढे ही गड्ढे थे। पहले की सरकारों ने कभी भी विकास की खाई को भरने का सोचा ही नहीं। मोदी बोले-हमने उसको तो भरा ही, लेकिन मजबूती से हिमाचल प्रदेश में नई इमारतें भी बना रहे हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने नब्बे के दशक में जब वे हिमाचल भाजपा के प्रभारी थे, उस वक्त को याद किया। कहा कि दुनिया के कितने ही ऐसे देश हैं, जिन्होंने पिछली 20वीं सदी में ही अपने नागरिकों को ग्रामीण सड़कें, पीने का साफ पानी, शौचालय, आधुनिक अस्पताल आदि की सुविधाएं मुहैया करवा दी थीं। भारत में भी ऐसे गुजरात जैसे कई राज्य हैं।

उन्होंने तो हिमाचल में असुविधाओं को करीबी से देखा है। कैसे हमारी गर्भवती माता-बहनों को दिक्कतें होती थीं और बुजुर्ग अस्पताल जाने से पहले ही दम तोड़ देते थे। सभी जानते हैं कि हिमाचल की पूर्व की सरकारों की ओर से की गई हिमाचल प्रदेश की अनदेखी का सबसे बड़ा नुकसान युवा पीढ़ी, माताओं और बहनों ने उठाया है, लेकिन अब समय बदल गया है। जिस क्षेत्र में अनेक झरने, नदियां बहती हों, वहां पीने के पानी के लिए तरसना पड़े, वहां पर नल से जल आना कितनी बड़ी चुनौती रही है। इसका अंदाजा बाहर के लोगों को कभी नहीं हो सकता है। जिन लोगों ने बरसों सरकारें चलाईं, उन्हें जैसे हिमाचल के लोगों की तकलीफ से फर्क ही नहीं पड़ता है। आज का नया भारत इन पुरानी सारी चुनौतियों पर तेजी से काम कर रहा है।

पुराने लोगों ने ट्रेन नहीं देखी, हमने हिंदुस्तान की सबसे आधुनिक ट्रेन दी 

PM modi Visit, Earlier govts used to judge Himachal not by strength, but by seats in Parliament
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी। - फोटो : अमर उजाला

मोदी ने कहा कि वह जानते हैं कि हिमाचल प्रदेश में पहाड़ों में रहने वाले लोगों की दो-चार पीढ़ी के लोगों को पूछेंगे तो उनमें से कई ऐसे जीवित होंगे, जिन्होंने न तो कभी ट्रेन देखी होगी और न कभी इसके अंदर सवारी ही की होगी। आज आजादी के 75 साल बाद भी ऐसी स्थितियां रही हैं। आज हिमाचल प्रदेश में हिंदुस्तान की सबसे आधुनिक ट्रेन आकर खड़ी हो गई है और यहां से चल पड़ी। ट्रिपल आईटी के भवन का भी लोकार्पण हुुआ है। यह इस बात की झांकी है कि डबल इंजन की सरकार हिमाचल प्रदेश को किस बुलंदी पर देखना चाहती है। 

मोदी ने मंच से बार-बार पूछा - क्या हम इतने में ही रुक जाएंगे 
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंच से बार-बार पूछा कि क्या वे इतने पर ही रुक जाएंगे। उन्होंने पूछा - बताइए, क्या इतना कर लिया, बहुत अच्छा कर लिया, इतने से रुक जाना चलेगा क्या। उन्होंने सवाल किया कि इससे आगे तेजी से बढ़ना है तो यह काम कौन करेगा। मोदी बोले- हम और आप मिलकर इस काम को करेंगे। हम बीसवीं सदी की सुविधाओं को भी पहुंचाएंगे।

कठिन हालातों को किया पार, अब परीक्षा की घड़ी : जयराम

PM modi Visit, Earlier govts used to judge Himachal not by strength, but by seats in Parliament
ऊना में पीएम मोदी व अन्य। - फोटो : अमर उजाला

मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि कठिन हालातों को पार किया है। अब परीक्षा की घड़ी है। अन्य राज्यों की तरह हिमाचल में रिवाज बदलने का संकल्प लें। उन्होंने मंच से पीएम मोदी को हिमाचल में भी रिवाज बदलने का भरोसा दिलाया। वह वीरवार को ऊना के इंदिरा स्टेडियम में विकास संकल्प रैली को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी का हमेशा साथ मिलता रहा है। उनके स्नेह और आशीर्वाद से ही बड़े प्रोजेक्ट हिमाचल को मिल पाए हैं। वंदे भारत एक्सप्रेस से कनेक्टिविटी सुदृढ़ हुई है। यह किसी सपने के पूरा होने जैसा है। इससे आना-जाना सरल होगा। एक समय था कि रेल कालका और चंडीगढ़ में मिलती थी, लेकिन आज हिमाचल को वंदे भारत एक्सप्रेस की सौगात मिली है। केंद्रीय योजनाओं को बढ़ाने का काम हिमाचल ने किया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि एक छोटा राज्य होने के बावजूद हिमाचल प्रदेश ने निवेश आकर्षित करने में देश के कई बड़े राज्यों को रास्ता दिखाया है। अब प्रधानमंत्री की ओर से राज्य के लिए स्वीकृत बल्क ड्रग फार्मा पार्क हिमाचल और यहां के लोगों के लिए गेम चेंजर साबित होगा। इस अवसर पर राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर, केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर, पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल, सांसद एवं प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सुरेश कश्यप, ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री वीरेंद्र कंवर, राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती आदि ने प्रधानमंत्री के साथ मंच साझा किया।

पीएम ने खूब चढ़े पहाड़, 9 बार हिमाचल आए : जयराम

PM modi Visit, Earlier govts used to judge Himachal not by strength, but by seats in Parliament
पीएम मोदी ने किया विभिन्न योजनाओं का लोकार्पण। - फोटो : अमर उजाला

चंबा चौगान में जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने खूब पहाड़ चढ़े हैं। उनके हिमाचल आने पर ऐसा लगता है कि कोई परिवार का सदस्य घर आया है। मोदी हिमाचल और चंबा के कोने-कोने से वाकिफ हैं। यहां के लोगों के प्रति उनके दिल में भरपूर स्नेह है।

यही कारण है कि प्रधानमंत्री 9 बार हिमाचल के लोगों से मिल कर उन्हें सौगातें दे रहे हैं। वर्ष 1982 में इंदिरा गांधी के बाद अब नरेंद्र मोदी चंबा के चौगान में लोगों को संबोधित कर रहे हैं। उन्होंने विपक्ष पर तंज कसते हुए कहा कि एक तरफ विपक्ष भारत जोड़ो यात्रा चला रहा है, दूसरी ओर कांग्रेसी उनका साथ छोड़ रहे हैं। 

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed