भालू ने हमला कर व्यक्ति को किया लहूलुहान, ग्रामीणों ने बचाया
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
आनी पंचायत के लामीसेरी गांव में मंगलवार को सुबह दूध लेकर आनी बाजार की तरफ पैदल जा रहे दया राम पर भालू ने अचानक जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में दया राम बुरी तरह से जख्मी हो गया है, उसे आनी अस्पताल में प्राथमिक उपचार देने के बाद आईजीएमसी शिमला रेफर किया गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार आनी पंचायत के तहत आने वाले गांव लामीसेरी का रहने वाला दया राम (54 वर्ष) रोजमर्रा की तरह मंगलवार को दूध लेकर आनी बाजार की तरफ सुबह छह बजे पैदल जा रहा था।
इसी बीच झाड़ियों में छुपे भालू ने अचानक उस पर हमला बोल दिया और उसे गला, मुंह और छाती से नोच डाला। इस हमले में अपने बचाव के लिए दयाराम ने भालू से डटकर मुकाबला किया और सहायता के लिए चीख पुकार की। इसी बीच भालू दया राम के दूध वाले थैले में उलझा और जैसे ही दूध उस पर गिरा, तो वह थैले को लेकर नीचे की तरफ भागा। इसके बाद दयाराम जख्मी हालत में वहीं लेट गया, तभी ग्रामीण वहां पहुंचे और जख्मी दया राम को फौरन आनी अस्पताल पहुंचाकर भर्ती करवाया। यहां चिकित्सकों के दल ने दया राम को प्राथमिक उपचार देने के बाद रामपुर रेफर किया।
दया राम की गंभीर हालत को देखते हुए उसे रामपुर से शिमला रेफर किया गया। स्थानीय ग्रामीणों में रोष है कि वन विभाग को कई बार इसके बारे में उचित कार्रवाई करने को लिखित में शिकायतें की गई, लेकिन विभाग कोई गंभीरता नहीं दिखा रहा।
ग्रामीणों ने प्रदेश सरकार और जिला प्रशासन से गुहार लगाई है कि जंगली जानवरों को पकड़ कर उन्हें राहत दिलवाई जाए। वनमंडल आनी स्थित लूहरी के वन मंडल अधिकारी चंद्रभूषण शर्मा के अनुसार मंगलवार को जिस स्थान पर भालू ने व्यक्ति को जख्मी किया है।
वहां विभाग के वन रक्षक और वन खंड अधिकारी को भेजा गया है। जल्द ही रिपोर्ट तैयार कर आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। प्रभावित व्यक्ति को यथा संभव मुआवजा दिया जाएगा।