Himachal News: भानुपल्ली-बिलासपुर-बैरी रेल लाइन निर्माण के लिए भूमि अर्जन की अधिसूचना जारी
प्रदेश सरकार ने भानुपल्ली-बिलासपुर-बैरी रेल लाइन के निर्माण के लिए भूमि अर्जन की प्रक्रिया शुरू करने के लिए अधिसूचना जारी कर दी है।
विस्तार
हिमाचल प्रदेश सरकार ने भानुपल्ली-बिलासपुर-बैरी रेल लाइन के निर्माण के लिए भूमि अर्जन की प्रक्रिया शुरू करने के लिए अधिसूचना जारी कर दी है। उपमंडल अधिकारी एवं भू-अर्जन समाहर्ता रेलवे बिलासपुर अभिषेक कुमार गर्ग ने यह जानकारी दी। इस परियोजना के तहत माणवां, रामपुर, खनसरा, रघुनाथपुरा, उप महाल बिलासपुर और बध्यात गांवों में कुल 18-13 बीघा भूमि का अधिग्रहण किया जाएगा। भूमि अधिग्रहण प्रक्रिया अधिनियम 2013 की धारा 11 के तहत की जाएगी। भूमि मालिकों और संबंधित व्यक्तियों को अपनी आपत्तियां 60 दिनों के भीतर भू-अर्जन समाहर्ता के समक्ष प्रस्तुत करने का अधिकार होगा। सुनवाई में संबंधित पक्षों से उनकी शिकायतों का विवरण और समाधान के उपायों पर विचार किया जाएगा। परियोजना के कारण प्रभावित व्यक्तियों को पुनर्वासित करने के लिए एक व्यापक योजना तैयार की जाएगी।
यह योजना सरकार की ओर से अनुमोदन के बाद अधिसूचित की जाएगी। योजना के तहत प्रभावित परिवारों को रोजगार के अवसर, पुनर्वासित स्थान पर सुविधाएं और भूमि के बदले उचित मुआवजा प्रदान किया जाएगा। पिछली अधिग्रहीत भूमि से संबंधित मामलों में शनिवार को आपत्तियों पर सुनवाई हुई। भू-अर्जन समाहर्ता ने आश्वासन दिया कि सभी शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए उचित कार्रवाई की जा रही है। सरकार और रेलवे विभाग सुनिश्चित करेंगे कि भूमि अर्जन की प्रक्रिया सभी कानूनी मानकों के तहत निष्पक्ष और पारदर्शी हो। प्रभावित व्यक्तियों को उनकी भूमि का उचित मूल्य और पुनर्वास में सहायता दी जाएगी।