दूसरी बच्ची पैदा हुई तो दे दिया सफाई कर्मचारी को, अस्पताल में हंगामा
हिमाचल प्रदेश के क्षेत्रीय अस्पताल ऊना में दूसरी बेटी हुई तो उसकी नानी पर नवजात को महिला सफाई कर्मचारी को देने के आरोपों का सनसनीखेज मामला आया है। प्रसूता के ससुराल पक्ष का आरोप है कि पहले तो उन्हें बताया गया कि मृत बच्ची पैदा हुई है। जब शव नहीं दिखा पाए तो शक हुआ और अस्पताल में रिकॉर्ड खंगाला और छानबीन की तो पता चला कि बेटी हुई है।
उन्होंने नानी पर बेटी को बेचने का आरोप लगाया। इसको लेकर मायका पक्ष ने अस्पताल में खूब हंगामा भी किया। मामला बढ़ता देख अस्पताल प्रबंधन की सूचना पर पुलिस ने मौके पर जांच शुरू कर दी है। बाद में पता चला कि बच्ची को हमीरपुर के बड़सर में किसी को दिया गया है। पुलिस बच्ची को लाने के लिए रवाना हो गई है। डीएसपी हेडक्वार्टर अशोक वर्मा ने बताया कि वर्ष 2011 में महिला की शादी पंजाब के बिभौर साहिब में हुई थी।
पहले भी छह साल की एक बेटी है। गर्भवती प्रसव के लिए अपने मायके थी। महिला ने फिर बच्ची को जन्म दिया। नानी ने उसे अस्पताल के सफाई कर्मचारी को दे दिया। नानी का कहना था कि परिवार की आर्थिक हालत ठीक न होने से बच्ची का पालन-पोषण करना मुश्किल था। संदेह होने पर ऊना अस्पताल में ससुराल पक्ष के लोग छानबीन को पहुंच गए और मामले का खुलासा हुआ।
डॉक्टरों ने बताया कि प्रसव के बाद बच्ची को प्रसूता के परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया था। अस्पताल की महिला सफाई कर्मचारी से पुलिस ने जब पूछताछ की तो उसने बच्ची उसे सौंपने की बात कबूली। सफाई कर्मचारी ने बच्ची को किसी अन्य व्यक्ति को पालने के लिए सौंप दिया है। पुलिस इस जांच में भी जुटी है कि बच्ची को बेचा गया या अन्य कोई कारण है।