National Games 2023: कबड्डी में हिमाचल ने पंजाब को हराया, आज हरियाणा से फाइनल
प्रदेश की महिला कबड्डी टीम का नेतृत्व अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी पुष्पा राणा कर रही हैं।
विस्तार
गोवा में चल रहे राष्ट्रीय खेलों में हिमाचल की महिला कबड्डी टीम ने मंगलवार को सेमीफाइनल में पंजाब को 48-30 के अंतर से हरा फाइनल में प्रवेश किया। बुधवार को हिमाचल और हरियाणा के बीच खिताबी जंग होगी। कबड्डी टीम कोच कुलदीप राणा ने बताया कि 37वें राष्ट्रीय खेलों में हिमाचल की बेटियों का अब तक का प्रर्दशन बेहतर रहा है।
सेमीफाइनल में 18 अंकों के अंतर से जीत दर्ज कर महिला कबड्डी टीम ने मजबूती के साथ फाइनल में जगह बनाई। प्रदेश की महिला कबड्डी टीम का नेतृत्व अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी पुष्पा राणा कर रही हैं।
कप्तान के अलावा ज्योति ठाकुर, साक्षी शर्मा और भावना समेत अन्य खिलाड़ियों ने सेमीफाइनल में बेहतर प्रदर्शन कया। इससे पहले हिमाचल प्रदेश कबड्डी टीम ने क्वार्टर फाइनल में राजस्थान को 36-22 से हराया। शुरुआती लीग मैचों में हिमाचल की टीम महाराष्ट्र को 44-23 और उतर प्रदेश पर 52-22 के अंतर से हराया था।
किन्नौर के आशीष बॉक्सिंग में आज गोल्ड के लिए भिड़ेंगे
राष्ट्रीय खेलों में हिमाचल के मुक्केबाज किन्नौर निवासी आशीष नेगी गोल्ड से एक कदम दूर हैं। मंगलवार को उन्होंने सेमीफाइनल में महाराष्ट्र के रूपकेश को हराकर अपना रजत पदक पक्का करते हुए फाइनल में प्रवेश किया। बुधवार को गोल्ड के लिए अब उनकी टक्कर आर्मी के मुक्केबाज चिराग के साथ होगी। वहीं, कुल्लू जिले के बंडोर निवासी आशीष ने कांस्य पदक जीत लिया है। ब्यूरो
सूबे की महिला हैंडबाल टीम भी खिताब के करीब
गोवा में चल रहे राष्ट्रीय खेलों में प्रदेश की महिला हैंडबाल टीम खिताबी दौड़ में पहुंच गई है। मंगलवार को सेमीफाइनल मुकाबले में हिमाचल ने दिल्ली को 41-12 से मात देकर फाइनल में प्रवेश किया। मुकाबले में अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी भावना ने शानदार प्रदर्शन किया।
मेनिका, निधि शर्मा, मिताली, प्रियंका ठाकुर, शालिनी ठाकुर, गुलशन, भावना, संजना, दीपा, शैलजा शर्मा, कृतिका ने अपनी टीम के लिए गोल किए। कप्तान दीक्षा ठाकुर और चेतना ने बेहतरीन गोलकीपिंग कर टीम को जीत दिलाई। यह जानकारी कोच स्नेहलता ने दी। संवाद