छात्राओं से छेड़छाड़ मामले में शिक्षक पर विभागीय जांच, उच्च निदेशालय को सौंपेंगे रिपोर्ट
जिला शिमला के एक स्कूल में छात्राओं से छेड़छाड़ मामले के आरोपी शिक्षक पर विभागीय जांच की जाएगी। उपनिदेशक कार्यालय ने प्रधानाचार्य स्तर की महिला अधिकारी को जांच का जिम्मा सौंपा है। साथ ही मामले की जांच कर तीन दिन के भीतर रिपोर्ट जमा करवाने के लिए कहा गया है। महिला जांच अधिकारी वीरवार को स्कूल में जाकर अपनी जांच शुरू करेंगी। जांच अधिकारी इस दौरान शिकायतकर्ता छात्राओं, प्रधानाचार्य और शिक्षकों से भी मामले को लेकर पूछताछ करेंगी।
इसके लिए अलग-अलग प्रश्नावली बनाई गई है। इसमें शिक्षक के खिलाफ आरोप लगाकर शिकायत करने वाली छात्राओं से भी जांच अधिकारी अलग से बातचीत कर आरोपों की सच्चाई को सामने लाने का प्रयास करेंगी। शिक्षक पर लगे गंभीर आरोपों के बाद स्कूल स्तर पर बनी सेक्सुअल ह्रासमेंट कमेटी के सदस्यों के अलावा स्कूल प्रबंधन समिति के पदाधिकारियों से भी बातचीत की जाएगी। तीन दिन में उप निदेशक कार्यालय स्तर पर बैठाई गई यह जांच पूरी करने को समय सीमा तय की गई है। रिपोर्ट को उप निदेशक निदेशालय को आगामी कार्रवाई के लिए सौंपेगी।
आरोपी अध्यापक फरार, गिरफ्तारी के लिए जगह-जगह दबिश दे रही पुलिस
उप तहसील टिक्कर के एक स्कूल में आठ छात्राओं से छेड़छाड़ मामले का आरोपी नेशनल अवार्डी शिक्षक पुलिस में मामला दर्ज होने के बाद से फरार है। पुलिस की टीमें आरोपी के ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। बुधवार को स्कूल खुलने के बाद पुलिस टीम ने पीड़ित छात्राओं और शिक्षकों के बयान दर्ज किए। करीब एक सप्ताह पहले नेशनल अवार्ड पाने वाले एक शिक्षक पर छात्राओं ने छेड़छाड़ करने का आरोप लगाया था।
स्कूल की सेक्सुअल ह्रासमेंट कमेटी ने अपने स्तर पर जांच कर रिपोर्ट शिक्षा निदेशक को सौंप दी है। इसमें छात्राओं के बयान के आधार पर शिक्षक पर आरोप पुख्ता होने की संभावना सामने आई। इसके बाद पुलिस ने सोमवार को आरोपी के खिलाफ पोक्सो एक्ट में मामला दर्ज किया। अवकाश होने के कारण पुलिस को स्कूल में छात्राओं के बयान दर्ज करने में कुछ दिन का समय लगा।
आरोपी शिक्षक फरार है। शिक्षक स्कूल के समीप ही एक गांव का स्थायी निवासी है। आरोपी शिक्षक की तलाश में पुलिस जगह-जगह दबिश दे रही है। उधर, डीएसपी रोहड़ू सुनील नेगी ने बताया कि पुलिस ने शिक्षकों और छात्राओं के बयान दर्ज किए हैं। आरोपी की तलाश में दबिश दी जा रही है।