पीएम के खिलाफ अब सुंदरनगर, ऊना में अभद्र टिप्पणी
प्रदेश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ दीवारों पर अभद्र टिप्पणियां लिखने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। सिरमौर, शिमला, सोलन और बिलासपुर जिलों के बाद अब मंडी के सुंदरनगर और ऊना में पीएम के खिलाफ दीवारों पर अभद्र टिप्पणियां लिखी गई हैं। ऊना के नंगल रोड स्थित पुल के पास दीवारों पर टिप्पणियां लिखी हैं। इसके अलावा अन्य जगह सड़क किनारे भी दीवारों पर कई अपशब्द लिखे हैं।
नाहन शहर में दीवारों पर पीएम मोदी के खिलाफ अभद्र टिप्पणी
पुलिस ने ऊना भाजयुमो मंडल के महामंत्री विकास शर्मा की शिकायत पर विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है। उधर, सुंदरनगर में बुधवार रात बीबीएमबी के बीएसएल जलाशय के किनारे दीवार पर अपशब्द लिखे गए हैं। वीरवार सुबह सैर पर निकले लोगों ने इसकी जानकारी पुलिस को दी।
परियोजना के जलाशय किनारे दीवार पर अपशब्द लिखे जाने से परियोजना की सुरक्षा को लेकर भी सवाल खड़े हो गए हैं। भाजयुमो के जिला अध्यक्ष मुकेश चंदेल ने इसे कांग्रेसियों की करतूत करार दिया है। डीएसपी तरनजीत सिंह ने बताया कि पुलिस इस मामले में छानबीन कर रही है।
गौरतलब है कि कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी द्वारा राफेल मामले को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर टिप्पणी की गई थी। इसके बाद हिमाचल में अलग-अलग इलाकों में पीएम के नाम से अभद्र टिप्पणी लिखी मिली हैं।