हिमाचल प्रदेश के सिरमौर के जिला मुख्यालय नाहन की दीवारों पर शरारती तत्वों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ अभद्र टिप्पणियां लिखी हैं। शहर के कई हिस्सों में सड़क किनारे की दीवारों पर कई अपशब्द लिखे हैं। इससे शहर में हड़कंप मच गया है। जिला पुलिस और प्रशासन को इसकी भनक तक नहीं लगी। लोग इस पर सवाल भी उठा रहे हैं। हालांकि, मामला सामने आने के बाद अब सुरक्षा एजेंसियां भी सतर्क हो गई हैं। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए भादंसं की धारा 124 ए के तहत मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार सीसीटीवी में एक संदिग्ध दिखा है। जल्द इस मामले में गिरफ्तारी हो सकती है। बता दें कि कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी पीएम मोदी पर चौकीदार चोर हैं के आरोप लगा चुके हैं। पुलिस इस ओर भी जांच कर रही है कि कहीं इसके पीछे कांग्रेस से जुड़े किसी व्यक्ति का हाथ तो नहीं है। जिला मुख्यालय नाहन में जगह-जगह हुई वाल राइटिंग को लेकर तनाव का माहौल है।
देश के प्रधानमंत्री के खिलाफ अपशब्दों के इस्तेमाल से सरकार के सूचना तंत्र के भी हाथ पांव फूल गए हैं। शहर के महलात, शिमला रोड, महिमा लाइब्रेरी सहित कई इलाकों में जगह-जगह दीवारों पर पीएम को लेकर अभद्र टिप्पणी की है। एएसपी ने तुरंत थाना सदर नाहन के एसएचओ को मौके पर जाकर मामले की जांच करने के निर्देश जारी कर दिए हैं। शहर के सीसीटीवी फुटेज के जरिये पुलिस ऐसे शरारती तत्वों का पता लगाने की कोशिश कर रही है।
पता चला है कि सीसीटीवी फुटेज में एक शख्स देखा गया है जिसकी गतिविधियां संदिग्ध लग रही हैं। लिहाजा, पुलिस उसे पूछताछ के लिए बुला सकती है। एसपी रोहित मालपानी ने बताया कि पुलिस ने इस मामले को गंभीरता से लिया है। सूचना मिलते ही जांच शुरू की है। सीसीटीवी के आधार पर शरारती तत्वों को जल्द दबोचा जाएगा।
शहर के विभिन्न हिस्सों में हुई वॉल राइटिंग से पुलिस की गश्त पर भी सवाल उठने लगे हैं। वॉल राइटिंग ऐसे स्थानों पर की है, जहां पर पुलिस की अक्सर नजर रहती है। ऐसे में रात को होने वाली पुलिस गश्त को लेकर तरह-तरह की बातें की जा रही है।