MC Shimla Election: नगर निगम शिमला में कांग्रेस को प्रचंड बहुमत, पहली बार 24 वार्ड जीते, भाजपा नौ पर सिमटी
शिमला नगर निगम चुनाव के लिए 2 मई को मतदान करवाया गया था। कुल 34 वार्डों में 102 प्रत्याशी चुनाव मैदान में थे। गुरुवार को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल छोटा शिमला में मतगणना की गई।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हिमाचल प्रदेश के नगर निगम शिमला चुनाव में कांग्रेस को स्पष्ट जनादेश मिला है। 11 साल बाद सत्ता में लौटी कांग्रेस ने 34 में से 24 वार्डों में अपना परचम लहराया। निगम के इतिहास में पहली बार किसी दल को 24 वार्डों में जीत मिली है। वहीं, भाजपा इस बार दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू पाई और मात्र 9 सीटों पर ही जीत मिली। माकपा एक सीट, जबकि आम आदमी पार्टी (आप) का खाता भी नहीं खुला। शिमला नगर निगम चुनाव के लिए 2 मई को मतदान करवाया गया था। कुल 34 वार्डों में 102 प्रत्याशी चुनाव मैदान में थे। गुरुवार को वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल छोटा शिमला में मतगणना की गई। कांग्रेस ने शुरू से ही बढ़त बनाए रखी और 34 में से 24 वार्डों में जीत हासिल की।
2007 के बाद सत्ता में लौटी कांग्रेस
शिमला नगर निगम के चुनाव साल 1986 से शुरू हुए थे। इसके बाद से साल 2007 तक कांग्रेस का ही कब्जा रहा। साल 2012 में हुए चुनाव में माकपा ने बाजी मारी। वहीं, साल 2017 में हुए पिछले चुनाव में भाजपा ने नगर निगम की सत्ता पर पहली बार कब्जा किया था।
पिछले चुनाव में कांग्रेस जीती थी 13 सीटें
साल 2017 में हुए नगर निगम चुनाव में कांग्रेस ने सिर्फ 13 सीटें जीती थीं, जबकि भाजपा ने 17 सीटों पर कब्जा जमाया था। इस बार कांग्रेस ने एकतरफा जीत हासिल करते हुए 24 सीटें जीती हैं। बहुमत हासिल करने के लिए 18 सीटें जीतना जरूरी हैं।
सभी बब्बर शेर कार्यकर्ताओं को बधाई : राहुल
कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने भी नगर निगम शिमला के चुनाव में कांग्रेस को मिली जीत पर बधाई दी है। राहुल गांधी ने ट्वीट कर लिखा कि शिमला के नगर निगम चुनाव में कांग्रेस की बड़ी जीत के लिए प्रदेश के हमारे सभी बब्बर शेर कार्यकर्ताओं, नेताओं और सदस्यों को बहुत बधाई। हिमाचल सरकार ने लोगों को दी गारंटी पूरी कर वादा निभाया है, तभी शिमला ने कांग्रेस पर भरोसा जताया। अब कर्नाटक में पांच गारंटी की बारी है।
कांग्रेस की नीतियों और जनता के प्रति समर्पण की हुई जीत : प्रियंका
नगर निगम शिमला के चुनाव में कांग्रेस की जीत पर पार्टी की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने ट्वीट कर कहा कि यह ऐतिहासिक जीत कांग्रेस की नीतियों और जनता के प्रति समर्पण की जीत है। इस भरोसे के लिए हम शिमला की जनता का धन्यवाद करते हैं। कड़ी मेहनत करने वाले सभी कांग्रेस कार्यकर्ताओं को मेरी शुभकामनाएं। कर्नाटक में भी कांग्रेस ने प्रगति की गारंटियां दी हैं। कर्नाटक की जनता से अपील है कि भारी बहुमत से कांग्रेस की सरकार बनाइए।
पालमपुर नगर निगम के वार्ड-2 के उपचुनाव में भी कांग्रेस जीती
पालमपुर नगर निगम के वार्ड-2 में हुए उपचुनाव में कांग्रेस की राधा सूद ने भाजपा की रेणु कटोच को हरा दिया। उधर, ऊना जिला परिषद के भंजाल वार्ड के उपचुनाव में भाजपा समर्थित उम्मीदवार सुशील कालिया ने कांग्रेस समर्थित दलविंदर सिंह बबली को हराया। इस सीट पर पहले कांग्रेस के चैतन्य शर्मा जीते थे। चैतन्य गगरेट से कांग्रेस के टिकट पर विधानसभा चुनाव जीत गए, जिस कारण यह सीट खाली हुई थी। उधर, मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के गृह विधानसभा क्षेत्र के तहत पंचायत समिति नादौन के वार्ड-7 भूंपल में हुए उपचुनाव में भाजपा समर्थित सोनू कुमार ने जीत हासिल की। पंचायत समिति बिझड़ी के वार्ड-4 करेर के उपचुनाव में डैनी जसवाल जीते, जबकि पंचायत समिति भाेरंज के वार्ड-9 भोरंज में बीना देवी जीतीं। वहीं, ऊना जिले के विधानसभा क्षेत्र हरोली के तहत गांव रोड़ा बालीवाल में हुए पंचायत समिति के उपचुनाव में भाजपा समर्थित उम्मीदवार ने सतविंद्र कौर ने जीत हासिल की। वहीं, विकास खंड धर्मशाला के तहत आते वार्ड-13 बगली में हुए उपचुनाव में निर्मल सिंह ने बाजी मारी, जबकि विकास खंड लंबागांव के तहत कोटलू-2 वार्ड का उपचुनाव सुरेश कुमार ने जीता।
मत बराबर होने पर पर्ची से मिली जीत
निरमंड की पंचायत समिति के घाटू वार्ड के उपचुनाव में कांटे की टक्कर में दो प्रत्याशियों को बराबर मत पड़े। इसके बाद पर्ची से सीता राम को विजेता और कश्मीरी लाल को हारा प्रत्याशी माना गया।
आचार संहिता हटी
नगर निगम, जिला परिषद और पंचायत समिति के चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद वीरवार को आचार संहिता भी हट गई है। यह जानकारी राज्य निर्वाचन आयोग के सचिव सुरजीत ठाकुर ने दी। उन्होंने कहा कि नगर निगम शिमला में 34, नगर निगम पामलपुर में वार्ड नंबर -2, जिला परिषद सदस्य के एक और पंचायत समिति के लिए आठ पदों के लिए उप चुनाव का परिणाम घोषित हुआ है।
किसको कितने मिले वोट
वार्ड विजेता पार्टी वोट दूसरे स्थान पार्टी वोट जीत का अंतर
भराड़ी मीना चौहान भाजपा 986 जितेंद्र चौधरी कांग्रेस 604 382
रूल्दूभट्टा सरोज ठाकुर भाजपा 1082 सत्या वर्मा कांग्रेस 1055 27
कैथू कांता सुयाल कांग्रेस 1021 कमलजीत भाजपा 659 362
अन्नाडेल उर्मिला कश्यप कांग्रेस 1002 सपना कश्यप भाजपा 837 165
समरहिल वीरेंद्र ठाकुर माकपा 687 जगदीश ठाकुर कांग्रेस 609 78
टूटु मोनिका भारद्वाज कांग्रेस 668 मीनाक्षी गोयल भाजपा 508 160
मज्याठ अनिता शर्मा कांग्रेस 875 निर्मला चौहान भाजपा 218 657
बालूगंज दलीप थापा कांग्रेस 816 किरण बाबा भाजपा 533 283
कच्चीघाटी किरण शर्मा कांग्रेस 825 अलका कंवर भाजपा 753 72
टूटीकंडी उमा कौशल कांग्रेस 1193 ऋतु गौतम भाजपा 672 521
नाभा सिमी नंदा कांग्रेस 855 हेमा देवी भाजपा 708 147
फागली कल्याण चंद भाजपा 872 रूपचंद कांग्रेस 759 113
कृष्णानगर बिट्टू पाना भाजपा 865 विपन कुमार कांग्रेस 842 23
राम बाजार सुषमा कुठियाला कांग्रेस 891 सुनंदा करोल भाजपा 857 34
लोअर बाजार उमंग बांगा कांग्रेस 842 भारती सूद भाजपा 480 362
जाखू अतुल गौतम कांग्रेस 679 राजन अग्रवाल भाजपा 367 312
बैनमोर शीनम कटारिया कांग्रेस 799 अनुप वैद्य भाजपा 683 116
इंजनघर अंकुश वर्मा कांग्रेस 881 विकास थापटा भाजपा 572 309
संजौली चौक ममता चंदेल कांग्रेस 1101 सत्या कौंडल भाजपा 905 196
अपर ढली कमलेश मेहता भाजपा 724 नरेंद्र चौहान कांग्रेस 654 70
लोअर ढली विशाखा मोदी कांग्रेस 880 संगीता विजन भाजपा 501 379
शांति विहार विनीत शर्मा कांग्रेस 1118 देवेंद्र शर्मा भाजपा 413 705
भटठाकुफर नरेंद्र ठाकुर कांग्रेस 700 सुशांत चौहान भाजपा 358 342
सांगटी कुलदीप ठाकुर कांग्रेस 983 कपिल देव माकपा 684 299
मल्याणा शांता वर्मा कांग्रेस 467 अंबिका ठाकुर भाजपा 368 99
पंथाघाटी कुसुम ठाकुर भाजपा 645 कुसुम चौहान कांग्रेस 274 371
कसुम्पटी रचना शर्मा भाजपा 907 लक्ष्मी चौहान कांग्रेस 628 279
छोटा शिमला सुरेंद्र चौहान कांग्रेस 1398 संजीव चौहान भाजपा 840 548
विकासनगर रचना भारद्वाज कांग्रेस 1291 रमा कुमारी भाजपा 586 705
कंगनाधार रतन वर्मा कांग्रेस 549 रेणू चौहान भाजपा 449 100
पटयोग आशा शर्मा भाजपा 690 दीपक रोहाल कांग्रेस 627 63
न्यू शिमला निशा ठाकुर भाजपा 749 कुसुम लता ठाकुर कांग्रेस 691 58
खलीनी चमन प्रकाश कांग्रेस 1158 पूर्ण मल भाजपा 1150 08
कनलोग आलोक पठानिया कांग्रेस 1084 बृज सूद भाजपा 650 434
खलीनी वार्ड में महज 8 वोटों से जीते कांग्रेस प्रत्याशी
खलीनी वार्ड में कांग्रेस प्रत्याशी चमन प्रकाश को 1158 मत मिले जबकि भाजपा प्रत्याशी पूर्ण मल को 1150 मत मिले। मत अंतर सिर्फ 8 वोटों का रहा। कृष्णानगर वार्ड से भाजपा प्रत्याशी बिट्टू पाना को 865 जबकि कांग्रेस प्रत्याशी विपन कुमार को 842 वोट मिले और मत अंतर सिर्फ 23 रहा। रुल्दुभट्ठा वार्ड से भाजपा प्रत्याशी सरोज ठाकुर को 1082 जबकि कांग्रेस प्रत्याशी सत्या वर्मा काे 1055 वोट मिले और मत अंतर 27 वोट का रहा। राम बाजार वार्ड से कांग्रेस प्रत्याशी सुषमा कुठियाला को 891 जबकि भाजपा प्रत्याशी सुनंदा करोल को 857 मत मिले और मत अंतर 34 वोट का रहा।
शांति विहार और विकास नगर में जीत का अंतर रहा अधिक
शांति विहार और विकासनगर वार्ड से जीतने वाले प्रत्याशियों का मार्जन सबसे अधिक रहा। शांति विहार से कांग्रेस प्रत्याशी विनीत शर्मा 1118 वोट मिले जबकि भाजपा प्रत्याशी देवेंद्र शर्मा को 413 मत मिले और मत अंतर 705 का रहा। विकासनगर वार्ड से कांग्रेस प्रत्याशी रचना भारद्वाज को 1291 मत मिले जबकि भाजपा प्रत्याशी रमा कुमारी को 586 मत मिले और मत अंतर यहां भी 705 का रहा। मज्याठ वार्ड से कांग्रेस प्रत्याशी अनिता शर्मा को 875 वोट मिले जबकि भाजपा प्रत्याशी निर्मला चौहान को 218 मत मिले और मत अंतर 657 का रहा। छोटा शिमला वार्ड से कांग्रेस प्रत्याशी सुरेंद्र चौहान को 1398 मत मिले जबकि भाजपा प्रत्याशी संजीव चौहान को 840 वोट मिले और मत अंतर 548 का रहा।
जीत के बाद कांग्रेस की आम जनता के लिए बढ़ गई जवाबदेही : सुक्खू
नगर निगम चुनावों में 24 सीटों पर कांग्रेस की शानदार जीत के बाद मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू और कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष एवं सांसद प्रतिभा सिंह ने कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में दोपहर बाद मीडिया से बातचीत की। मुख्यमंत्री ने कहा कि निगम चुनावों में जीत के बाद कांग्रेस और प्रदेश सरकार की जवाबदेही और बढ़ गई है। उनके कंधों पर जिम्मेदारियों का बोझ बढ़ गया है। कांग्रेस की दस साल के अंतराल के बाद नगर निगम में वापसी करवाने के लिए उन्होंने शिमला के मतदाताओं का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि बारिश न होती तो कांग्रेस का और अच्छा प्रदर्शन होता। नगर निगम के इतिहास में कांग्रेस की पार्टी चुनाव चिन्ह पर अब तक की यह सबसे बड़ी और शानदार जीत है।
प्रदेश सरकार और कांग्रेस शहर को सुंदर और स्वच्छ शिमला बनाना चाहती है। यहां स्वच्छ पेयजल, ट्रैफिक जैसी हर समस्या के स्थायी समाधान के लिए धरातल पर कार्य शुरू हो चुका है। आने वाले समय में इससे परिवर्तन भी नजर आएगा। उन्होंने चुनावों में जीत कर आए कांग्रेस के सभी 24 पार्षदों और अन्य राजनीतिक दलों के पार्षदों को जीत की बधाई दी और आश्वस्त किया कि पूरे शहर और नगर निगम का एक समान विकास होगा। शहर की जनता से किए गए वादों को पूरा किया जाएगा, इसमें सरकार का पूरा सहयोग रहेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्व भाजपा सरकार ने जिस आर्थिक बदहाली में प्रदेश को छोड़ा था, उससे उभरने को कांग्रेस की सरकार ने सत्ता में आने पर सुधार व आय बढ़ाने के लिए कार्य शुरू किया। पांच माह की अल्प अवधि में जनता, कर्मचारियों और प्रदेश के हित में कई नीतिगत फैसले लिए गए। विधानसभा चुनाव के समय से भाजपा द्वारा टाले जा रहे नगर निगम चुनाव करवाए और दस साल के बाद पार्टी चिन्ह पर चुनाव करवाने का फैसला लिया। इस पर नगर निगम की जनता ने कांग्रेस की नीतियों और अब तक कार्यों पर अपनी मंजूरी और सहमति की मुहर लगा दी है। जनता ने भाजपा की विचारधारा, भाजपा की मतदाताओं को गुमराह करने के प्रयास को नकार दिया है।
मुख्यमंत्री ने प्रदेशाध्यक्ष प्रतिभा सिंह का विशेष तौर पर जताया आभार
मुख्यमंत्री ने निगम चुनावों में जीत के लिए दिन रात एक कर किए गए प्रयासों के लिए प्रदेशाध्यक्ष प्रतिभा सिंह का विशेष तौर पर आभार व्यक्त किया। उन्होंने कांग्रेस के नेताओं, सरकार के मंत्रियों और विधायकों का भी आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि हम सब पार्टी अध्यक्ष के अधीन आते हैं। सबके सामूहिक प्रयास और मेहनत से यह जीत संभव हो पाई है।
नगर निगम में पार्टी चिन्ह पर कांग्रेस की जीत के राष्ट्रीय राजनीति में हैं मायने
मुख्यमंत्री ने कहा कि देश के सबसे पुराने शिमला नगर निगम में कांग्रेस की जीत के राष्ट्रीय स्तर की राजनीति में भी मायने हैं। उन्होंने भाजपा द्वारा ईवीएम में गड़बड़ी के आरोपों से संबंधित सवाल के जवाब में कहा कि सीरियल नंबर बदलने के जो आरोप लगाए जा रहे हैं, उससे कोई फर्क नहीं पड़ता। जनता पढ़ी लिखी और जागरूक है। हम ईवीएम बदलने की राजनीति नहीं जानते। हमें सेवा की टेक्नोलॉजी आती है। चुनाव मोदी के नाम पर नहीं लड़ा जा रहा था, यदि भाजपा को स्मार्ट सिटी में करवाए कार्य पर इतना भरोसा था तो अपने नेता सुरेश भारद्वाज को कसुम्पटी क्यों भेजना पड़ा।
भारतीय जनता पार्टी जनमत का सम्मान करते हुए इसे स्वीकार करती है : बिंदल
हिमाचल भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डाॅ. राजीव बिंदल ने कहा कि शिमला नगर निगम चुनाव का परिणाम कांग्रेस के पक्ष में आया है। भाजपा जनमत का सम्मान करते हुए इसे स्वीकार करती है। बिंदल ने कहा कि भाजपा के कार्यकर्ताओं ने जी-तोड़ मेहनत की और चुनाव अभियान को चरम सीमा तक पहुंचाया। भाजपा का मानना है कि नई बनी हुई प्रदेश कांग्रेस सरकार का प्रभाव नगर निगम चुनाव परिणामों में स्पष्ट रूप से दिखाई देता है। उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं का धन्यवाद व्यक्त करते हुए कहा कि इन चुनावों में कार्यकर्ताओं ने हर प्रकार के दबाव के बावजूद भारी मेहनत से चुनाव में पार्टी का काम किया। उन्होंने मतदाताओं का भी आभार व्यक्त किया, जिन्होंने भाजपा प्रत्याशियों को अपना आशीर्वाद दिया।