MC Shimla Election: नगर निगम चुनाव के लिए 58.97 फीसदी मतदान, 4 मई को आएंगे नतीजे
साल 2017 में हुए नगर निगम चुनाव में 57.8 फीसदी मतदान हुआ था। इस बार 58.97 फीसदी मतदाताओं ने मतदान किया। साल 2017 में हुए नगर निगम चुनाव की तुलना में इस बार बारिश होने के बावजूद ज्यादा लोगों ने अधिक वोट डाले।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हिमाचल प्रदेश की राजधानी में नगर निगम चुनाव के लिए मंगलवार को करवाए गए मतदान में 58.97 फीसदी मतदाताओं ने मतदान किया। साल 2017 में हुए नगर निगम चुनाव की तुलना में इस बार बारिश होने के बावजूद ज्यादा लोगों ने अधिक वोट डाले। शहर के कुल 93920 में से 55385 मतदाताओं ने मतदान किया। इनमें 29504 पुरुष और 25881 महिला मतदाता शामिल हैं। साल 2017 में हुए नगर निगम चुनाव में 57.8 फीसदी मतदान हुआ था। सभी 34 वार्डों में कुल 153 मतदान केंद्र स्थापित किए थे। सभी केंद्रों पर शाम 4:00 बजे मतदान खत्म हो गया।
बारिश के चलते सुबह के समय मतदान केंद्रों पर कम ही मतदाता पहुंचे। हालांकि, दोपहर के समय मतदान ने रफ्तार पकड़ ली। कंगनाधार को छोड़कर शहर के ज्यादातर वार्डाें में मतदान शांतिपूर्ण रहा। शहर के 34 वार्डाें से कुल 102 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। इन सबका भविष्य अब ईवीएम में बंद हो गया है। मतगणना कल यानि वीरवार सुबह 10:00 बजे से शुरू हो जाएगी। इस बार मतगणना छोटा शिमला स्कूल में करवाई जा रही है। दोपहर 12:00 बजे तक स्थिति साफ हो जाएगी कि शहर में किसकी सरकार बनने जा रही है।
किस वार्ड में कितना फीसदी मतदान
वार्ड का नाम कुल मतदाता कितना फीसदी मतदान
भराड़ी 2670 59.88
रुल्दूभट्ठा 3813 56.51
कैथू 2915 58.35
अनाडेल 3076 59.94
समरहिल 2605 69.13
टुटू 2536 63.48
मज्याठ 1784 61.21
बालूगंज 2133 59.35
कच्चीघाटी 2841 56.71
टुटीकंडी 3079 62.36
नाभा 2432 64.68
फागली 2740 60.66
कृष्णानगर 3738 61.45
रामबाजार 2805 62.03
लोअर बाजार 2344 57.25
जाखू 1762 59.08
बैनमोर 2485 60.84
इंजनघर 3246 51.35
संजौली चौक 3828 52.45
अपर ढली 1942 56.12
लोअर ढली 2256 61.83
शांति विहार 2498 62.33
भट्ठाकुफर 1420 74.93
सांगटी 3861 57.01
मल्याणा 1166 66.98
पंथाघाटी 2531 46.78
कसुम्पटी 2861 53.76
छोटा शिमला 3618 61.80
विकासनगर 4161 55.65
कंगनाधार 2078 52.40
पटयोग 2776 52.12
न्यू शिमला 2657 54.98
खलीनी 3948 59.24
कनलोग 3315 55.80
नहीं पहुंचे मतदाता तो प्रत्याशियों ने किए फोन
मतदान के वक्त प्रत्याशियों की धड़कनें भी बढ़ी रहीं। दोपहर तक जब प्रत्याशियों के परिचित मतदान केंद्रों पर नहीं आए तो उन्होंने वहीं से अपने मतदाताओं को फोन करने शुरू कर दिए। दूसरी ओर से जब मतदाताओं ने आने की बात कही इसके बाद प्रत्याशियों की जान में जान आई।
पंचायती राज संस्थाओं के रिक्त पड़े 92 पदों पर भी हुए उपचुनाव
प्रदेश में कुछ जगह पंचायती राज संस्थाओं के रिक्त पड़े 92 पदों पर उपचुनाव भी हुए। इनमें जिला परिषद ऊना के वार्ड 17 में 46 फीसदी मतदान हुआ। जिला परिषद व पंचायत समिति के मतों की गणना भी 4 मई को सुबह 9:00 बजे संबंधित खंड मुख्यालय में होगी। वहीं पंचायत प्रधान, उपप्रधान और सदस्यों के उपचुनाव के नतीजे मंगलवार देर शाम को घोषित किए गए।
मतदाता सूची में नाम ढूंढते रहे लोग, कई बिना मतदान के लौटे
नगर निगम चुनाव में मतदाता केंद्रों पर वोटर लिस्ट में नाम न मिलने से मतदाताओं को परेशानी भी झेलनी पड़ी। दिनभर लोग मतदाता सूचियों में अपना नाम तलाशते रहे लेकिन नाम नहीं मिले, इसके बाद कुछ लोगों को बिना वोट डाले मायूस होकर लौटना पड़ा। कुछ मतदान केंद्रों में मतदाता सूचियों में त्रुटियां थी तो कुछ जगह मिस प्रिंट के कारण उलझन की स्थिति रही। कच्चीघाटी पोलिंग बूथ संख्या 9/1 पर लोअर चक्कर से मतदान करने पहुंची 70 वर्षीय इंदू का नाम मतदाता सूची में नहीं मिला। इंदू बार-बार आग्रह करती रही की उनका नाम तलाशा जाए लेकिन बूथ स्तर अधिकारी नाम नहीं ढूंढ पाए। इंदू ने बताया कि पिछले 50 सालों से वह लगातार मतदान करती आ रही हैं, पहली बार सूची में उनका नाम नहीं मिला। पंथाघाटी मतदान केंद्र पर शक्ति बिहार से वोट डालने पहुंची हेमलता का नाम भी वोटर लिस्ट में नहीं मिला।
इस दौरान बूथ पर जमकर हंगामा हो गया। हेमलता ने कहा कि विधानसभा चुनाव में भी उन्होंने वोट डाला था नगर निगम चुनाव की लिस्ट में नाम कैसे गायब हो गया। हालांकि नगर निगम के पूर्व उपमहापौर राकेश कुमार शर्मा ने स्थिति को संभाला और वोटर लिस्ट में महिला का नाम ढूंढ निकाला। एसडी स्कूल गंज बाजार बूथ पर मतदान करने पहुंचे जयचंद को पहले आर्य समाज स्कूल भेजा गया और आर्य समाज से वापिस गंज बाजार भेज दिया। कच्चीघाटी बूथ संख्या 9/2 पर वोट डालने पहुंची सरोज का नाम भी वोटर लिस्ट में नहीं था। इनकी बेटी तनीशा ने पहली बार अपने मत का प्रयोग किया लेकिन मां का नाम सूची से गायब था।
वोटर लिस्ट से नाम गायब कर छीना संवैधानिक हक
रिज मैदान पर चर्च एनेक्सी में रहने वाली मीनू प्रकाश के पूरे परिवार का नाम वोटर लिस्ट से गायब था। बारिश में छोटे बच्चे को साथ लेकर परिवार के साथ होमगार्ड कार्यालय पहुंची मीनू ने कहा कि वोटर लिस्ट से नाम गायब कर हमसे संवैधानिक अधिकार छीना है। इस गड़बड़ी के लिए निर्वाचन अधिकारी की जिम्मेदारी तय होनी चाहिए। हमारा परिवार पिछले 37 साल से होमगार्ड कार्यालय स्थित पोलिंग बूथ पर वोट डालता आया है। विधानसभा चुनाव में भी वोट डाली थी, इस बार साजिशन सूची से नाम गायब कर दिया है।
उम्मीदवारों को एक महीने के भीतर जमा करना होगा निर्वाचन व्यय
नगर निगम, नगर पंचायतों और जिला परिषद का निर्वाचन लड़ने वाले उम्मीदवारों को परिणाम घोषित होने के एक महीने के भीतर सक्षम प्राधिकारी के पास निर्वाचन व्यय जमा कराना होगा। आयोग ने नगर निगम शिमला के निर्वाचन के लिए पांच निर्वाचन व्यय पर्यवेक्षक भी नियुक्त किए हैं। राज्य निर्वाचन आयोग के सचिव सुरजीत राठौर ने कहा कि पंचायती राज संस्थाओं में 222 पद रिक्त हैं।
इनमें जिला ऊना में जिला परिषद सदस्य का एक पद, पंचायत समिति के 9, पंचायत प्रधान 10, उपप्रधान 13, पंचायत सदस्यों के 189 पद हैं। 222 पदों में से 130 पर निर्विरोध निर्वाचन हुआ है। 130 पदों में पंचातत समिति जुब्बल का एक पद, प्रधान के दो, उपप्रधान का एक और पंचायत सदस्य के 126 पद हैं।