AAP Himachal: मनीष सिसोदिया बोले- हर महीने महिलाओं को स्त्री सम्मान के रूप में देंगे एक-एक हजार
शिमला और ऊना के बाद दिल्ली उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया और पंजाब मुख्यमंत्री भगवंत मान ने बुधवार को पालमपुर में हिमाचल की जनता को चौथी गारंटी दी। चौथी गारंटी प्रदेश की महिलाओं के लिए जारी की गई है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
आम आदमी पार्टी ने हिमाचल प्रदेश की महिलाओं को चौथी गारंटी के रूप में 18 साल से ऊपर उम्र की हर महिला और युवती को एक-एक हजार रुपये देने की घोषणा की। पहले पार्टी प्रदेश में शहीदों को एक-एक करोड़, स्वास्थ्य और मुफ्त शिक्षा की तीन गारंटी दे चुकी है। अब हर महिला को स्त्री सम्मान राशि के रूप में एक-एक हजार रुपये देने की चौथी गारंटी पालमपुर के बुड्डामल कैशल मैंझा में दी गई। दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने कहा कि इससे महिलाएं स्वाभिमानी होने के साथ अपने घर का खर्च भी चला सकेंगी। वह पार्टी संयोजक अरविंद केजरीवाल की ओर से हिमाचल की महिलाओं को हर माह एक-एक हजार रुपये देने की गारंटी देते हैं।
कहा कि अब कांग्रेस खत्म हो गई है और भाजपा से लोगों का मोह भंग हो गया है। जो भाजपा सरकार के खिलाफ अच्छा काम कर रहा है, उसे ईडी और सीबीआई की जांच से डराया जा रहा है। दिल्ली में ईमानदारी से शिक्षा क्षेत्र में काम करने पर उन्हें भी सीबीआई के नाम से डराया जा रहा है। वह ईमानदारी की मिट्टी से बने हैं और उनकी ईमानदारी की गर्दन है। जो इनके शिकंजे में कभी नहीं आएगी।
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान सिंह, प्रदेशाध्यक्ष सुरजीत ठाकुर, महिला प्रभारी निर्मल शर्मा, प्रदेश मीडिया प्रभारी पंकज पंडित आदि मौजूद रहे।
लॉकर में निकले दिवाली के सिक्के
मनीष सिसोदिया ने कहा कि उनके घर में 14 घंटे लगातार सीबीआई ने रेड डाली। बिस्तर के गद्दे फाड़ दिए। उनके कपड़े की तलाशी ली गई। उनके लॉकर की तलाशी ली तो दिवाली के चंद सिक्के, एक चेन और 80,000 रुपये निकले।
हिमाचल के मंत्रियों की कमाई की हो सीबीआई जांच
सिसोदिया ने कहा कि उनके घर तो सीबीआई रेड डाली जा रही है, लेकिन हिमाचल सरकार में इतना दम है तो वह अपने मंत्रियों की कमाई की सीबीआई जांच करवाए। भाजपा सरकार के एक मंत्री के बेटे की शादी पर चार-चार जगह पर रिस्पेशन दी गई। इतना पैसा कहां से आया, इसकी भी सीबीआई जांच होनी चाहिए।
आम आदमी पार्टी के हाल ऐेसे, जैसे 100 चूहे खाकर बिल्ली हज को चली : टंडन
प्रदेश भाजपा सह प्रभारी संजय टंडन ने कहा कि आम आदमी पार्टी के हाल ऐेसे हैं, जैसे 100 चूहे खाकर बिल्ली हज को चली। जिस पार्टी की अपनी गारंटी न हो, वह आम जनता की गारंटी क्या लेगी। कहा कि आम आदमी पार्टी के भ्रष्टाचार के ट्विन टावर का खुलासा दिल्ली में हो चुका है। आप ने शिक्षा और शराब में बड़ा घोटाला किया है। कहा कि कोरोना काल में आम आदमी पार्टी के नेता अपने करीबी शराब ठेकेदारों के लिए नई शराब नीति लेकर आए, जिससे लाइसेंसधारकों को अनुचित लाभ दिया जा सके। मनीष सिसोदिया के सीधे आदेश के बाद आबकारी विभाग ने भी शराब के ठेकेदारों का 144.36 करोड़ का शुल्क माफ कर दिया।
टंडन ने कहा कि उन्होंने वादा किया था कि नई आबकारी नीति से दिल्ली सरकार को कर राजस्व में 10,000 करोड़ रुपये मिलेंगे, पर झूठ कहां ज्यादा टिकता है। नीति लागू होने की पहली तिमाही में ही मुश्किल से मात्र 500 करोड़ ही सरकारी खजाने में आए। अगर इसे पूरे वित्तीय वर्ष में जोड़ दिया जाए तो भी दिल्ली सरकार को 8,000 करोड़ का नुकसान होना तय है। यह सारा पैसा आम जनता की जेब से आम आदमी पार्टी के करीबी शराब माफिया की जेब में जाएगा। कहा कि शराब माफिया को लाभ देने और युवा पीढ़ी को नशे की ओर धकेलने के लिए दिल्ली की आप सरकार ने हर वार्ड में शराब के ठेके खोलने की अनुमति भी दे दी है। 22 जुलाई 2022 को दिल्ली के उप राज्यपाल ने दिल्ली आबकारी नीति 2021-22 की सीबीआई जांच की सिफारिश की।