{"_id":"65393d25f80a0121020632c3","slug":"manali-started-buzzing-with-tourists-on-dussehra-festival-30-to-50-percent-of-hotel-rooms-packed-2023-10-25","type":"story","status":"publish","title_hn":"Manali News: दशहरा उत्सव पर पर्यटकों से गुलजार होने लगी मनाली, होटलों के 30 से 50 प्रतिशत कमरे पैक","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Manali News: दशहरा उत्सव पर पर्यटकों से गुलजार होने लगी मनाली, होटलों के 30 से 50 प्रतिशत कमरे पैक
Thu, 26 Oct 2023 10:09 AM IST
Krishan Singh
संजय भारद्वाज, मनाली (कुल्लू)
संजय भारद्वाज, मनाली (कुल्लू)
Published by: Krishan Singh
Updated Thu, 26 Oct 2023 10:09 AM IST
सार
जुलाई महीने में प्राकृतिक आपदा के बाद मनाली का पर्यटन कारोबार ठप हो गया था। मनाली सुनसान हो गई थी। लेकिन अब त्योहारी सीजन ने आपदा के जख्मों पर मरहम लगाने का काम कर दिया है।
विज्ञापन
मनाली शहर(फाइल)
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
जुलाई में प्राकृतिक आपदा के बाद ठंडा पड़ा मनाली का पर्यटन कारोबार पटरी पर लौट रहा है। दशहरा सीजन में मनाली पर्यटकों से गुलजार हो गई है। पिछले सप्ताह की तुलना इस सप्ताह पर्यटकों की संख्या में दोगुना बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। होटलों के 30 से 50 प्रतिशत तक कमरे पैक हैं। आने वाले दिनों में पर्यटकों की संख्या में और बढ़ोतरी होने की उम्मीद है। जुलाई महीने में प्राकृतिक आपदा के बाद मनाली का पर्यटन कारोबार ठप हो गया था। मनाली सुनसान हो गई थी। लेकिन अब त्योहारी सीजन ने आपदा के जख्मों पर मरहम लगाने का काम कर दिया है। दशहरा उत्सव शुरू होते ही पर्यटकों की संख्या में भी बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। पर्यटन स्थल पर्यटकों से गुलजार होने लगे हैं।
विज्ञापन
रोहतांग दर्रा में रोज 400 से अधिक वाहन पहुंच रहे हैं। बुधवार को 444 डीजल एयर पेट्रोल के वाहन परमिट लेकर रोहतांग पहुंचे। ग्रीन टैक्स बैरियर के आंकड़ों के अनुसार पिछले सप्ताह 150 से 200 पर्यटक वाहन मनाली पहुंच रहे थे। इन दो दिन से यह आंकड़ा 250 के पार पहुंच रहा है। होटलियर एसोसिएशन के उपाध्यक्ष रोशन ठाकुर का कहना है कि दशहरा में पर्यटक बढ़ गए हैं। होटलों की ऑक्यूपेंसी 30 से 50 प्रतिशत तक पहुंच गई है। आने वाले दिनों के लिए भी अच्छी बुकिंग चल रही है। पर्यटन विकास निगम के उप महाप्रबंधक बीएस ओक्टा ने बताया कि निगम के होटलों के 50 प्रतिशत कमरे पैक हैं। दशहरा उत्सव शुरू होते ही पर्यटकों की संख्या बढ़ गई है। आने वाले वीकेंड में इस संख्या में और बढ़ोतरी होने की उम्मीद है।
विज्ञापन
होटलों में 20 से 30 प्रतिशत की छूट
दशहरा सीजन को कैश करने के लिए होटल कारोबारी पर्यटकों को छूट दे रहे हैं। कहीं 20 तो कहीं 30 प्रतिशत की छूट चल रही है। पर्यटन निगम भी 20 प्रतिशत की छूट दे रहा है। कई होटलों ने तीन से चार दिन का पैकेज बनाया है।
विज्ञापन
रोहतांग के लिए पैक जा रही पर्यटन निगम की बस
पर्यटन विकास निगम ने रोहतांग के लिए बस सेवा भी शुरू की है। रोजाना 17 सीटर बस पैक होकर रोहतांग पहुंच रही है। निगम के परिवहन प्रभारी रामपाल ने बताया कि पिछले सप्ताह हालांकि पर्यटकों की संख्या कम थी लेकिन अब दशहरा सीजन में पर्यटक बढ़ गए हैं। हर रोज बस पैक होकर जा रही है। वीकेंड में पर्यटकों की संख्या में और बढ़ोतरी होने की उम्मीद है।