{"_id":"64d775e3f548ccba18002e47","slug":"landslide-trees-fell-at-many-places-due-to-heavy-rains-in-shimla-assembly-speaker-public-works-minister-s-re-2023-08-12","type":"story","status":"publish","title_hn":"Shimla Rains: बारिश से एसडीए परिसर की सड़क धंसी, मंत्री के आवास और 3 भवनों पर ढहे पेड़, पुलिस जवान घायल","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Shimla Rains: बारिश से एसडीए परिसर की सड़क धंसी, मंत्री के आवास और 3 भवनों पर ढहे पेड़, पुलिस जवान घायल
Sat, 12 Aug 2023 10:29 PM IST
Krishan Singh
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, शिमला
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, शिमला
Published by: Krishan Singh
Updated Sat, 12 Aug 2023 10:29 PM IST
सार
शिमला में जारी बारिश से शनिवार को शहर में भारी नुकसान हो गया। विकासनगर से एसडीए परिसर कसुम्पटी को जोड़ने वाली सड़क दोपहर करीब 12:20 बजे धंस गई। सड़क की रेलिंग समेत इसका मलबा निचली ओर बीसीएस पंथाघाटी हाईवे पर जा गिरा।
विज्ञापन
शिमला में जगह-जगह गिरे पेड़
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में जारी बारिश से शनिवार को शहर में भारी नुकसान हो गया। विकासनगर से एसडीए परिसर कसुम्पटी को जोड़ने वाली सड़क दोपहर करीब 12:20 बजे धंस गई। सड़क की रेलिंग समेत इसका मलबा निचली ओर बीसीएस पंथाघाटी हाईवे पर जा गिरा। जिससे एनएच पर भी आवाजाही ठप हो गई। सूचना मिलते ही छोटा शिमला पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और भूस्खलन खतरे को देखते हुए यातायात रोक दिया। इससे यहां दोनों ओर लंबा जाम लग गया। लोकल और लांग रूट की कई बसें भी यहां जाम में फंस गईं। जिसके चलते लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
विज्ञापन
बाद में पुलिस ने वाया छोटा शिमला कसुम्पटी होते हुए मैहली के लिए वाहनों की आवाजाही शुरू की। उधर, लोक निर्माण विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर सड़क बहाली का काम शुरू किया। करीब दो घंटे बाद सड़क को यातायात के लिए बहाल कर दिया गया। हालांकि मौके पर भूस्खलन का खतरा अभी भी बना हुआ है। स्थानीय पार्षद रचना भारद्वाज के अनुसार विकासनगर एसडीए सड़क पर पिछले कुछ दिन से दरारें पड़ गई थी। बारिश के चलते शनिवार को यह धंस गई। अब यह सड़क यातायात के लिए पूरी तरह से बंद हो गई है। एसडीए परिसर के लिए अब वाया छोटा शिमला कसुमपटी से ही वाहनों की आवाजाही होगी। लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता रमेश नेगी का कहना है कि बारिश थमने के बाद मौके पर डंगा लगाने का काम शुरू किया जाएगा। प्रयास रहेगा कि जल्द यह सड़क आवाजाही के लिए बहाल की जाए।
विज्ञापन
9:50 पर विस अध्यक्ष, मंत्री के सरकारी आवास पर गिरा पेड़
भारी बारिश के चलते शनिवार को शहर में कई जगह पेड़ों ने भी जमकर तबाही मचाई। सुबह 9:50 बजे छोटा शिमला में विधानसभा अध्यक्ष और लोक निर्माण मंत्री के सरकारी आवास पर देवदार का बड़ा पेड़ गिर गया। इससे आवास की छत पूरी तरह से टूट गई और एटिक को भारी नुकसान पहुंचा। गनीमत यह रही कि घटना के समय इस आवास में कोई मौजूद नहीं था। मौके पर एक और पेड़ भी खतरनाक बन गया जिसे बाद में वन विभाग और लोक निर्माण विभाग की टीमों ने काट दिया। इसके अलावा छत पर ढहे पेड़ को हटा दिया गया है। 103 टनल के पास भी देररात को पेड़ गिर गया। इससे कार्ट रोड पर वाहनों की आवाजाही बाधित हो गई।
विज्ञापन
पुलिस आवास पर गिरा पेड़, छत टूटी, एक जवान घायल
पुलिस लाइन कैथू में भी शाम करीब 4:00 बजे एक पेड़ पुलिस आवास पर ढह गया। इससे भवन की छत छूट गई है। एक जवान को हल्की चोटें लगी हैं। यूएस क्लब में भी सुबह 11:30 बजे एक पेड़ कर्मचारी आवासों पर ढह गया। इससे भवन की छत टूट गई है। उधर, पंथाघाटी कसुम्पटी सड़क भी सुबह भूस्खलन और पेड़ ढहने से यातायात के लिए बंद रही। लोक निर्माण विभाग ने बाद में इसे बहाल कर दिया। शाम के समय विकासनगर में भी पुलिस चौकी के पास दो पेड़ ढह गए। वहीं, एसडीए परिसर में भी एक पेड़ रिहायशी मकान पर ढह गया है।