Landslide: धर्मपुर-कसौली रोड धंसा, पांवटा-शिलाई हाईवे पर उतर आया पहाड़
धर्मपुर-कसौली सड़क सुबह करीब 6:00 बजे धंसना शुरू हुई। करीब पांच मिनट में पूरी सड़क नीचे से गुजर रहे हाईवे पर चली गई।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
कालका-शिमला नेशनल हाईवे-5 पर बड़ोग टनल को जाने वाली सड़क धंसने के बाद कसौली-गढ़खल रोड धर्मपुर के समीप धराशायी हो गया है। इसके चलते मुख्य सड़क वाहनों की आवाजाही के लिए पूरी तरह से बंद हो गई है। अब वाहनों को सुक्की जोहड़ी-सनावर से गढ़खल पहुंचना होगा। वहीं सड़क धंसने से सारा मलबा और पत्थर ठीक नीचे से गुजर रहे नेशनल हाईवे जा गिरा। इससे हाईवे पर भी ट्रैफिक को वनवे कर दिया गया है। फोरलेन बनने के बाद से ही पहाड़ दरक रहा था जिससे सड़क पर दरारें पड़ी थीं। यह सड़क पिछले तीन दिन से लगातार धंसना शुरू हुई और सड़क पर बड़ी-बड़ी दरारें पड़ गईं।
इसके बाद यहां से आवाजाही को बंद नहीं किया गया। शुक्रवार सुबह यह सड़क पूरी तरह ढह गई है। वर्तमान में भी सड़क के धंसने का खतरा बना हुआ है। सड़क के धंसने के बाद आला अधिकारियों ने मौके का मुआयना किया है। जानकारी के अनुसार धर्मपुर-कसौली सड़क सुबह करीब 6:00 बजे धंसना शुरू हुई। करीब पांच मिनट में पूरी सड़क नीचे से गुजर रहे हाईवे पर चली गई। गनीमत रही कि दोनों सड़कों से कोई भी वाहन नहीं गुजर रहा था वरना बड़ा हादसा हो सकता था।
सूचना मिलने के तुरंत बाद कसौली की ओर जाने वाली ट्रैफिक को वाया सनावर डायवर्ट किया गया। इससे पहले वीरवार को सोलन के बड़ोग बाईपास में शमलेच के समीप टनल की ओर जाने वाली सड़क धंस गई थी। शुक्रवार सुबह धर्मपुर-कसौली रोड धंसा है। सोलन की पुलिस लाइन के समीप भी फोरलेन का सर्विस रोड लगातार धंसता जा रहा है।
उपमंडलाधिकारी कसौली धनवीर सिंह ने बताया कि धर्मपुर-गढ़खल सड़क धंसने की सूचना के बाद तुरंत मौके का मुआयना किया है। सड़क को ठीक करने के लिए लोक निर्माण विभाग को आदेश दे दिए गए हैं। लोगों से अपील है कि जब भी वे कसौली की ओर जाएं तो विकल्प मार्ग का प्रयोग करें।
बैरिकेड लगाकर बंद की सड़क
धर्मपुर-गढ़खल सड़क धंसने के बाद पुलिस ने बैरिकेड लगाकर बंद कर दिया है। सुक्की जोहड़ी और सनावर में पुलिस कर्मियों की तैनाती भी कर दी है। हालांकि लोक निर्माण विभाग ने मौके पर सड़क के साथ लगती पहाड़ी को काटकर वैकल्पिक व्यवस्था बनाई है लेकिन बड़े वाहन नहीं गुजर रहे हैं।
लोग हो रहे परेशान
सड़क धंसने के बाद धर्मपुर-गढ़खल की ओर जाने वाले लोगों को काफी परेशानी हो रही है। बसों के डायवर्ट होने से लोगों को सुबह इसकी सूचना न मिलने से भटकते रहे। इससे कामकाज और स्कूल, कॉलेज जाने वाले विद्यार्थियों को काफी परेशानी हुई है।
शिलाई-पांवटा एनएच-707 हेवना में छह घंटे बंद रहा
पांवटा-शिलाई एनएच-707 पर हेवना के पास सड़क के बंद होने का सिलसिला लगातार जारी है। शुक्रवार को भी मार्ग करीब छह घंटे तक बंद हरा। इस दौरान सैकड़ों वाहन फंसे रहे। नौकरीपेशा और अन्य कार्यों से आए लोगों को जान जोखिम में डालकर पहाड़ी से मलबे के बीच दूसरे छोर तक पहुंचना पड़ा। जानकारी के अनुसार हेवना के पास सुबह 6:00 बजे पहाड़ी दरकने से एनएच बंद हो गया। इस दौरान टमाटर से लदे दर्जनों ट्रक भी फंसे रहे जो कि देरी से मंडी पहुंच पाए।
एनएच विभाग ने सड़क को छह घंटे बाद वाहनों की आवाजाही के लिए खोला। गौरतलब हो कि एनएच-707 बद्रीपुर से गुम्मा तक सड़क के चौड़ीकरण का कार्य चल रहा है। इससे बरसात में मलबा गिरने से जगह-जगह सड़क बंद हो रही है। वीरवार को भी करीब 12 घंटे इसी स्थान पर मार्ग बंद रहा। एनएचआईए के अधिकारी विवेक पांचाल ने बताया कि भूस्खलन के चलते हेवना में सड़क बंद हो गई जिसे करीब 12:00 बजे से बहाल कर दिया गया।
एसडीएम ने लिया नुकसान का जायजा
एसडीएम कफोटा राकेश सिंघा ने बीते दिन एनएच-707 पर खजियार में हुए उद्योग के नुकसान का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने सड़क का चौड़ीकरण करवा रहे अधिकारी को सुरक्षा दीवार लगाने के निर्देश भी जारी किए। गौरतलब है कि क्षेत्र में बीते दो दिन हुई तेज बरसात से एक उद्योग में सड़क का मलबा और पानी घुस गया था।
इससे उद्योग संचालक की लाखों की मशीनरी और तैयार माल खराब हो गया। एसडीएम राकेश सिंघा ने बताया एनएच के निर्माण कार्य में लगे अधिकारी को सुरक्षा दीवार लगाने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही सड़क को बहाल रखने के पुख्ता इंतजाम रखने को भी कहा गया है।