Kinnaur News: निगुलसरी में फिर दरकी पहाड़ी, एक व्यक्ति घायल, खनेरी अस्पताल में उपचाराधीन
प्रदेश के किन्नौर जिले में बारिश होने से एक बार फिर से निगुलसरी में भूस्खलन होना शुरू हो गया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
जनजातीय जिला किन्नौर के निगुलसरी में नेशनल हाईवे पांच पर सफर करना जोखिम भरा बना हुआ है। हर वर्ष यहां पर भारी बारिश होने की स्थिति में ऊपरी पहाड़ी से दरकने का सिलसिला शुरू हो जाता है और हजारों लोगों को जान हथेली पर रखकर आवाजाही करनी पड़ रही है।
बुधवार को भी निगुलसरी सेक्टर 26 में ऊपरी पहाड़ी से पत्थर गिरने के कारण मां दुर्गा मंदिर तरांडा के पुजारी राकेश कुमार (39), गांव मुनिश, डाकघर मुनिश, तहसील रामपुर, जिला शिमला चपेट में आए। राकेश कुमार तरांडा से निगुलसरी सामान लाने जा रहे थे और करीब 8:30 बजे यहां पर पत्थरों की चपेट में आ गए और बुरी तरह से लहूलुहान हुए और निगुलसरी में प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें रामपुर के खनेरी अस्पताल में दाखिल किया गया। गौर हो कि किन्नौर जिले के निगुलसरी में कई वर्षों से भूस्खलन का सिलसिला जारी है। बीते वर्ष चार मार्च, 2023 को एलएनटी चालक मदन (27), गांव कूट, डाकघर कुशवा, तहसील निरमंड, जिला कुल्लू की चट्टानों की चपेट में आने से मौत हो गई थी। वहीं 14 मार्च को भी स्विफ्ट डिजायर की गाड़ी भूस्खलन की चपेट में आई। लालसा के पिता-पुत्र रामपुर से किन्नौर जा रहे थे और निगुलसरी में गाड़ी के पिछले हिस्से पर पत्थर गिरे और वाहन क्षतिग्रस्त हो गया था।
वहीं, जिला प्रवक्ता भाजपा किन्नौर प्रवीन मोयान ने कहा कि सरकार, जिला प्रशासन और नेशनल हाईवे निगुलसरी में सुरक्षा के लिहाज से कोई पुख्ता इंतजाम नहीं कर पा रहे हैं। इसके कारण यहां पर सफर करना जानलेवा बन रहा है। प्रधान तरांडा पंचायत हरीभगत नेगी, पूर्व प्रधान रूपी रघुदास नेगी, प्रधान छोटा कंबा पंचायत स्नेह लता नेगी, बड़ा कंबा पंचायत प्रधान मोनिका नेगी, पूर्व प्रधान नाथपा अंजना नेगी, उपप्रधान पानवी पंचायत बुद्वा राम नेगी, पूर्व प्रधान सुंगरा पंचायत आराधना नेगी ने प्रदेश सरकार, जिला प्रशासन और नेशनल हाईवे से यहां पर वैज्ञानिकों की टीम को बुलाने की मांग उठाई है और सुरक्षा के लिहाज से पुख्ता इंतजाम करने की मांग रखी है।
उधर, राजस्व एवं बागवानी मंत्री जगत सिंह नेगी ने कहा कि भाजपा सरकार ने अपने कार्यकाल में यहां पर सुरक्षा के लिहाज से कोई कदम नहीं उठाया। प्रदेश सरकार प्राकृतिक आपदा से निपटने के लिए पूरी तरह से तैयार है। समस्या के स्थायी समाधान करने के लिए सरकार प्रयासरत है।